पंकज त्रिपाठी चाहकर भी कभी नहीं खरीद पाएंगे लग्जरी घर और कार, एक्टर ने खुद बताई क्या है वजह

पंकज त्रिपाठी भारत के एक बहुत ही जाने माने और बेहतरीन कलाकार हैं, जिन्होंने अपने शानदार अभिनय से बॉलीवुड में अपनी एक अच्छी खासी पहचान बनाई है। पंकज त्रिपाठी ने इसके लिए काफी कड़ी मेहनत के साथ साथ संघर्ष भी किया है। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले इंडस्ट्री में अपनी अपने दम पर अपनी पहचान बनाने वाले पंकज त्रिपाठी मौजूदा समय में किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। साधारण से दिखने वाले पंकज त्रिपाठी ने बेहद कम समय में अपनी दमदार एक्टिंग से फैंस का दिल जीत लिया है।

पंकज त्रिपाठी ने अपने अभिनय करियर में ढेर सारी फिल्मों में काम किया है और उन्होंने कई प्रकार के किरदार निभाए हैं। उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय से सभी किरदारों को जिंदा भी किया। खलनायक से लेकर नायक और कॉमेडियन कैरेक्टर तक, की उनकी झलक फिल्मों में नजर आई। पंकज त्रिपाठी मौजूदा समय में अपनी हर फिल्म के लिए अच्छी खासी मोटी रकम फीस के रूप में लेते हैं परंतु इसके बावजूद भी वह अपना जीवन साधारण तरीके से व्यतीत करते हैं।

जहां फिल्म और टीवी स्टार्स के पास लग्जरी गाड़ियां और आलीशान घर हैं, वहीं पंकज त्रिपाठी मुंबई में बेहद सिंपल घर में रहते हैं और साधारण लाइफस्टाइल फॉलो करते हैं। भले ही मौजूदा समय में पंकज त्रिपाठी सबसे ज्यादा डिमांड में रहने वाले एक्टर्स की लिस्ट में शुमार हैं, पर उन्हें लगता है कि वह अन्य स्टार्स की तरह ना तो कभी लग्जरी घर या फिर कार खरीद पाएंगे। उन्होंने खुद इसका खुलासा एक इंटरव्यू के दौरान किया था।

गोपालगंज स्थित एक गांव में मिडिल क्लास फैमिली में जन्म

आपको बता दें कि पंकज त्रिपाठी का जन्म बिहार के गोपालगंज जिले के एक गांव बेलसंद में हुआ था। उनके पिताजी एक किसान हैं। इसके साथ ही वह बेहद धार्मिक प्रवृत्ति के इंसान हैं। पंकज त्रिपाठी एक मिडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। पंकज त्रिपाठी ने यह बताया था कि सिनेमाघर उनके घर से 22 किलोमीटर दूर था और बचपन से ही उनको एक्टिंग का शौक था।

उन्होंने होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था, जिसके बाद उन्होंने पटना के मौर्या होटल में 2 साल तक शेफ का काम भी किया था। उन्होंने इसके बाद लगातार 4 साल तक रंगमंच पर काम किया। साल 2004 में वह मुंबई अपनी पत्नी के साथ आ गए।

यहां आकर उन्हें काम पाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा और फिर सफलता मिली तो मिलते ही चली गई। साल 2012 में “गैंग्स ऑफ वासेपुर” से उन्होंने अपनी पहचान बनाई। मिर्जापुर समेत कई वेब सीरीज में वह नजर आ चुके हैं।

पंकज त्रिपाठी लग्जरी कार या आलीशान घर के लिए नहीं ले पाएंगे लोन

दरअसल, अपने एक इंटरव्यू के दौरान पंकज त्रिपाठी ने यह बताया था कि “मैं एक बहुत साधारण परिवार से आता हूं। आज भले ही मैं और मेरी पत्नी सालों से मुंबई में रह रहे हैं लेकिन हमें कभी भी लग्जरी लाइफ जीने की जरूरत महसूस नहीं हुई। मुझे नहीं लगता कि मैं कभी एक लग्जरी कार या आलीशान घर बनाने के लिए लोन भी ले पाऊंगा।”

पंकज त्रिपाठी ने यह बताया कि “मेरा घर गांव में था और मेरे घर पर टीवी तक नहीं था। मैं पैसों की अहमियत समझते हुए बड़ा हुआ हूं। मुझे नहीं लगता कि पैसों और इस तरह की चीजों के लिए मेरा नजरिया जल्द बदलने वाला है।” अभिनेता ने इंटरव्यू में आगे यह बताया कि “मुझे ऐसा लगता है कि खुशहाल और सरल जिंदगी जीने के लिए कभी ज्यादा पैसों की जरूरत नहीं होती। मेरे पास जो है मैं और मेरा परिवार उसी में खुश रहने की कोशिश करते हैं।”

आपको बता दें कि पंकज त्रिपाठी ने इससे पहले भी एक जाने-माने पोर्टल को इंटरव्यू दिया था। उस दौरान उन्होंने अपने संघर्ष के विषय में बात की थी। उन्होंने बताया था कि “साल 2004 में जब वह मुंबई आए थे, उसके बाद 8 साल तक उनके पास कोई काम नहीं था और उनकी पत्नी घर चलाती थीं। 8 साल तक किसी को पता नहीं था कि वह क्या कर रहे हैं।”