पापा बने परमिश वर्मा, नवरात्रि पर घर आई लक्ष्मी, नन्ही परी संग प्यारी तस्वीर शेयर कर बताया नाम

मशहूर पंजाबी सिंगर व एक्टर परमिश वर्मा (Parmish Verma) के घर पर खुशियों का माहौल बना हुआ है। जी हां, हाल ही में गायक परमिश वर्मा एक बेटी के पापा बने हैं। उनकी पत्नी गीत गरेवाल ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। नवरात्रि पर घर में लक्ष्मी आने पर यह कपल बहुत खुश है।

परमिश वर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस के साथ यह खुशखबरी साझा की है। उन्होंने अपनी न्यू बोर्न बेबी गर्ल के साथ एक प्यारी सी तस्वीर को शेयर करते हुए फैंस को यह गुड न्यूज़ सुनाई है। इसी के साथ उन्होंने अपनी नन्ही परी के नाम का भी खुलासा किया है।

परमिश वर्मा बने पापा

आपको बता दें कि परमिश वर्मा ने अपनी पत्नी गीत ग्रेवाल के साथ इंस्टाग्राम अकाउंट से एक जॉइंट पोस्ट में यह खुशखबरी शेयर की है। उन्होंने अपनी बेटी को गोद में लिए हुए एक बेहद खूबसूरत तस्वीर को साझा किया है। इस मनमोहक तस्वीर में देखा जा सकता है कि कैसे नन्हीं परी, जिसका नाम उन्होंने “सदा” रखा है, अपने पिता के चेहरे को छूने के लिए अपनी छोटी सी बांह चला रही है। परमिश वर्मा के चेहरे पर पिता बनने की खुशी में साफ-साफ देखी जा सकती है। परमिश वर्मा के द्वारा शेयर की गई यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। परमिश वर्मा के पिता बनने पर फैंस ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं।

परमिश वर्मा ने इस प्यारी सी तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में यह लिखा है कि “और इसी तरह मैं ग्रह पर सबसे खुश आदमी बन गया, मेरी बेटी ‘सदा’। वाहेगुरु जी मेहर करयो।” फैंस को परमिश वर्मा और उनकी बेटी की यह तस्वीर बहुत पसंद आ रही है। इसके साथ ही पिता बनने पर परमिश को ढेर सारी शुभकामनाएं भी मिल रही हैं।

हाल ही में किया था प्रेगनेंसी का ऐलान

परमिश वर्मा ने अप्रैल 2022 में पत्नी की प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था। उन्होंने अपनी पत्नी गीत के साथ एक तस्वीरें को साझा किया था।

इसके साथ ही उन्होंने लिखा था “हमें यह खबर शेयर करते हुए खुशी हो रही है कि हम माता-पिता बन रहे हैं। भगवान आपने हमारे जीवन में जो आशीर्वाद दिया है, उसके लिए धन्यवाद। वाहेगुरु मेहर करे।”

साल 2021 में परमिश ने की थी गीत से शादी

आपको बता दें कि 21 अक्टूबर 2021 को परमिश वर्मा ने गीत के साथ आनंद-कारज रीति रिवाज से शादी रचाई थी। इस दौरान दोनों अपने-अपने वेडिंग लुक में कमाल के लग रहे थे। गीत ग्रेवाल ने अपनी शादी के दिन पारंपरिक लाल रंग का लहंगा पहना था। मल्टी लेयर्ड भारी चोकर, मांग टीका, पासा, झुमके और नथ में वो बिल्कुल पारंपरिक दुल्हन लग रही थीं। वहीं परमिश वर्मा बेज कलर की बंध गला शेरवानी पहने हुए थे।

परमिश वर्मा का वर्क फ्रंट

अगर हमें परमिश वर्मा के वर्क फ्रंट की बात करें, तो परमिश वर्मा अगले साल अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म “तबाह” के साथ वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म उनके दिल के करीब है और उन्होंने फिल्म में अपने किरदार के लिए क्लीन शेव लुक भी आजमाया है, जो उन्होंने पहले कभी नहीं किया है। इस फिल्म में वह वामीका गब्बी और धीरज कुमार के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करते हुए नजर आएंगे।