पुलिसवाले ने पेश की इंसानियत की मिसाल, सड़क किनारे बीमार पड़ी थी बुजुर्ग महिला, अस्पताल ले जाकर कराया इलाज

पुलिस समाज की रक्षक होती है। कानून की रक्षा करना और लोगों से कानून का पालन करवाना पुलिस का कर्तव्य होता है। दिन-रात अपनी जान को जोखिम में डालकर पुलिस हमारी सुरक्षा के लिए तैनात रहती है। लेकिन अक्सर देखा गया है कि पुलिस को लेकर कई लोगों का नजरिया अलग होता है।

कुछ लोग ऐसे हैं, जिनके मन में यही सोच रहती है कि पुलिसवाले हमेशा अपनी वर्दी का गलत फायदा उठाते हैं और लोगों को परेशान करते हैं। परंतु ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सभी पुलिसवाले एक जैसे नहीं होते हैं। कुछ पुलिसवालों की वजह से सारे बदनाम हो जाते हैं।

अगर हम यूपी पुलिस की बात करें, तो यह अपनी कार्यशैली को लेकर हमेशा सवालों के घेरे में रहती है परंतु कई बार यूपी पुलिस के द्वारा ऐसे कई अच्छे कार्य भी किए गए हैं, जिसके चलते उनकी खूब तारीफ भी होती आई है। इसी बीच उत्तर प्रदेश पुलिस ने इंसानियत की नायाब मिसाल पेश की है।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पर लोग उस समय हैरान रह गए जब उन्होंने एक पुलिसवाले को असहाय बुजुर्ग बीमार महिला को अस्पताल ले जाकर इलाज कराते देखा। इतना ही नहीं बल्कि इलाज के बाद अपनी गाड़ी से घर तक छोड़ा। पुलिसवाले के द्वारा उठाए गए इस कदम की आसपास के लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिसवाले की पहचान विकास यादव के रूप में हुई है। विकास यादव हमीरपुर में सीओ सदर के रूप में तैनात हैं और अब चर्चा का विषय बने हुए हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि हमीरपुर में ईद की ड्यूटी से सीओ सदर विकास यादव लौट रहे थे, तभी उनकी निगाह सड़क किनारे बैठी 75 साल की बीमार बुजुर्ग महिला पर पड़ी। महिला की दयनीय स्थिति देखते हुए वह उसके पास रुके और बातचीत की।

सीओ साहब ने उसका हाल पूछा, तो पता चला कि महिला बीमार है। फिर क्या था, इंसानियत के नाते उन्होंने बुजुर्ग महिला की मदद की और सबका दिल जीत लिया। सीओ साहब ने उस महिला को अस्पताल ले जाकर उसका इलाज कराया। फिर डॉक्टर से दिखाने के बाद अपनी सरकारी गाड़ी में महिला को घर तक छोड़ा। अपनी नेकी से विकास यादव ने सबका दिल जीत लिया है।

वहीं बुजुर्ग महिला के द्वारा ऐसा बताया गया कि पुलिसवाले ने उसके साथ अच्छा बर्ताव करते हुए उसका इलाज कराया। खाने-पीने की चीजें भी दीं। बुजुर्ग महिला ने पुलिसवाले को दिल से दुआ दी है। बुजुर्ग महिला ने यह कहा कि “भगवान पुलिसवाले का भला करें।”

वहीं सीओ सदर विकास यादव ने यह बताया कि वह जब ईद की ड्यूटी से लौट रहे थे, तो उनकी निगाह बुजुर्ग बीमार महिला पर पड़ी। उन्होंने इंसानियत के नाते महिला की मदद की। यह उनकी ड्यूटी है और इसी फर्ज को अदा किया है। आगे भी वह गरीब, महिलाओं और बुजुर्गों की सेवा करते रहेंगे। सीओ सदर विकास यादव के द्वारा उठाए गए इस कदम की आस पास के लोगों ने खूब तारीफ की है। सीओ साहब ने मानवता की नायाब मिसाल पेश की है।