जन्म के 3 महीने बाद प्रियंका चोपड़ा की बेटी के नाम का हुआ खुलासा, जानिए क्या रखा है?

बॉलीवुड इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस इसी साल जनवरी के महीने में माता-पिता बने हैं। कपल ने इस साल की शुरुआत में यह घोषणा की थी कि उन्होंने सरोगेसी के जरिए अपने पहले बच्चे का एक साथ स्वागत किया है। हालांकि, दोनों ने अपनी घोषणा में इस बात की पुष्टि नहीं की थी कि उन्हें बेटा हुआ है या बेटी? लेकिन बाद में यह मालूम हुआ कि दोनों एक बच्ची के माता-पिता बने हैं।

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने अपनी बेटी के जन्म की घोषणा के तीन महीने बाद भी अभी तक किसी को अपनी बेटी का चेहरा नहीं दिखाया है और ना ही उसका नाम बताया है। लेकिन फैंस उसे देखने और उसका नाम जानने के लिए काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं। अब आखिरकार यह खुलासा हो गया है कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने अपने बच्चे का नाम क्या रखा है?

रिवील हुआ प्रियंका चोपड़ा की बेटी का नाम

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की बेटी के नाम का खुलासा हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रियंका चोपड़ा ने काफी सोच-विचार के बाद अब अपनी बेटी का नाम तय कर लिया है। दरअसल, छोटी बच्ची का स्वागत करने के तीन महीने बाद TMZ ने अब अपनी बेटी के नाम की सूचना दी है। TMZ के अनुसार, जिसने कथित तौर पर प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस के बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र हासिल किया है और उस सर्टिफिकेट में जो नाम लिखा है वह “मालती मैरी चोपड़ा जोनास है।

आपको बता दें कि प्रियंका की बेटी के नाम का कनेक्शन चोपड़ा और जोनस परिवार से है। मालती प्रियंका की मां मधुमालती चोपड़ा से लिया गया है। वहीं मैरी निक मां डेनिस मैरी मिलर जोनस से लिया गया है। TMZ ने प्रियंका की बेटी का जन्म प्रमाण पत्र मिलने का दावा किया है। इस दस्तावेज में यह कहा गया है कि प्रियंका की बेटी का जन्म 15 जनवरी को कैलिफोर्निया के सैन डिएगो में रात 8:00 बजे के बाद हुआ था।

वहीं दंपति ने अभी तक बच्चे के नाम पर कोई पुष्टि नहीं की है। वैसे पिछली एक रिपोर्ट में यह कहा गया था कि प्रियंका चोपड़ा अपनी बेटी का नाम निक और अपने कल्चर को ध्यान में रखते हुए रखेंगी। यह नाम दोनों के कल्चर का मिक्स होगा, क्योंकि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस दोनों ही अपने रूट्स से काफी जुड़े हुए हैं। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की बेटी का जो नाम सामने आया है उसमें साफ तौर पर दोनों के कल्चर का रिप्रेजेंटेशन दिखाई देता है।

प्रियंका चोपड़ा सरोगेसी के जरिए बनी हैं मां

आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने 21 जनवरी को अपने बच्चे का स्वागत करने की खुशखबरी दी थी। नए-नवेले माता-पिता ने सोशल मीडिया पर यह खबर अपने फैंस के साथ साझा की थीं। कपल ने यह लिखा था कि “हमें यह पुष्टि करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि, हमने सरोगेसी के माध्यम से एक बच्चे का स्वागत किया है। हम सम्मानपूर्वक इस विशेष समय के दौरान गोपनीयता की मांग करते हैं, क्योंकि हम अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।”