3 फीट 7 इंच के दूल्हा-दुल्हन ने रचाई शादी, “मिनी कपल” की अनोखी शादी की तस्वीरें वायरल

कहते हैं कि शादी के लिए जोड़ी ऊपर वाला ही तय करता है। हर किसी के लिए भगवान ने जीवनसाथी बनाया है। वहीं आजकल राजस्थान के जोधपुर में हुई एक शादी इन दिनों काफी सुर्खियों में बनी हुई है। इस शादी की तस्वीरें भी इंटरनेट पर काफी तेजी से वायरल हो रही हैं। यह शादी इसलिए अनोखी है, क्योंकि इसमें दूल्हा और दुल्हन की हाइट काफी कम है। जी हां, दोनों का कद करीब करीब 3 फीट 7 इंच है। इन दूल्हा और दुल्हन को सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां और आशीर्वाद मिल रहा है।

दरअसल, जोधपुर की साक्षी और राजसमंद के ऋषभ ने सात फेरे लिए। दोनों की सगाई पिछले साल हुई थी। सगाई के बाद जब दोनों मिले, तो सोचा क्यों न कुछ नया और अलग करें। इस पर सोशल मीडिया पर मिनी कपल नाम से आईडी बनाई और तस्वीरें शेयर करने लगे। बता दें कि साक्षी बी कॉम और एमबीए करने के बाद दसवीं के बच्चों को ट्यूशन पढ़ा रही हैं। वहीं ऋषभ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं।

26 जनवरी को जोधपुर में हुई थी शादी

आपको बता दें कि राजस्थान के राजसमंद के ऋषभ और जोधपुर की साक्षी का कद बचपन से ही ज्यादा नहीं बढ़ा। दोनों का कद काफी कम है। हाइट में कम होने के कारण इनका जीवन सामान्य लोगों से थोड़ा अलग रहा है। जाहिर है कि ऐसे में शादी की उम्र होने पर लड़के को लड़की और लड़की को लड़का मिलने में काफी दिक्कत होने लगती है लेकिन कहते हैं ना जोड़ियां पहले से ही तय होती हैं। कुछ ऐसा ही ऋषभ और साक्षी के साथ हुआ।

इस कपल की शादी 26 जनवरी को राजस्थान के जोधपुर में हुई। शादी के दौरान कपल के लिए मूविंग स्टेज तैयार करवाया गया था। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। इस शादी में दूल्हा और दुल्हन पक्ष की तरफ से करीब 900 मेहमानों ने शिरकत की। मेहमानों ने इस अनोखे नवदंपति को दिल खोलकर आशीर्वाद दिया।

मिनी कपल नाम से बनाई आईडी

आपको बता दें कि ऋषभ के पिता का राजसमंद में मार्बल का बड़ा व्यापार है। मिली जानकारी के मुताबिक ऋषभ के परिवार ने साक्षी को सबसे पहले इंस्टाग्राम पर ही देखा था। उन्होंने उसी समय साक्षी को पसंद कर लिया और दोनों की शादी करने का फैसला ले लिया था।

साक्षी के भाई सोनी ने इस अनूठी शादी को लेकर यह बताया कि साक्षी और ऋषभ की सगाई पिछले साल हुई थी। सगाई के बाद जब दोनों मिले, तो सोचा क्यों ना कुछ नया और अलग करें। इस पर सोशल मीडिया पर मिनी कपल नाम से आईडी बनाई और तस्वीरों को साझा करने लगे। उन्होंने बताया कि इस जोड़ी को सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा काफी पसंद किया गया।

आपको बता दें कि ऋषभ को बचपन से ही डांस का बहुत शौक रहा है, तो उन्होंने अपनी शादी में भी अपने इस शौक को पूरा किया। ऋषभ की बहनों राधिका और प्रतिभा और साक्षी के भाई-बहन ऋषि राज और राजश्री ने भी शादी की रस्मों को खूब एंजॉय किया। परिवार वालों ने साक्षी की विदाई कर ऋषभ के साथ राजसमंद भेजा। फिलहाल शहर भर में इस अनोखी शादी की काफी चर्चा हो रही है।