राजेश खन्ना ने एक्स गर्लफ्रेंड को जलाने के लिए उठाया था ये कदम, घर के आगे से निकाली थी बारात, आधे घंटे तक किया था डांस!

राजेश खन्ना बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार हैं, जिन से जुड़े ढेरों किस्से आज भी सुने और सुनाएं जाते हैं। राजेश खन्ना ना सिर्फ अपनी प्रोफेशनल बल्कि पर्सनल लाइफ के चलते भी चर्चाओं में रहते थे। उनसे जुड़े हुए किस्से आज भी इंडस्ट्री में मशहूर हैं। राजेश खन्ना के लिए फैंस की दीवानगी का आलम तो ऐसा था कि लड़कों में उनकी तरह हेयरस्टाइल रखने का क्रेज था और लड़कियां तो उनकी कार को चूमकर लाल कर दिया करती थीं। वैसे तो राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया से शादी की थी। इन दोनों की शादी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित शादियों में से एक रही थी क्योंकि इन दोनों की उम्र में एक बड़ा फासला था।

जब 31 साल के राजेश खन्ना ने 16 साल की डिंपल कपाड़िया से शादी की थी, तो दूर-दूर तक इसकी खूब चर्चा हुई। राजेश खन्ना ने जब डिंपल कपाड़िया को देखा तो वह उनकी खूबसूरती पर फिदा हो गए। वहीं डिंपल कपाड़िया से शादी की यही एक वजह नहीं थी बल्कि ऐसा भी कहा जाता है कि किसी एक्ट्रेस को चिढ़ाने के लिए राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया से शादी रचाई थी। जी हां, वह एक्ट्रेस कोई और नहीं बल्कि अंजु महेंद्रु थीं, जो कभी राजेश खन्ना की गर्लफ्रेंड हुआ करती थीं।

अंजु महेंद्रु के साथ राजेश खन्ना कई सालों तक रिलेशनशिप में थे। इस दौरान वह दोनों लिव-इन में रहने लगे थे। यह दोनों एक दूसरे से बहुत गहरा और सच्चा प्यार किया करते थे परंतु 7 सालों के रिलेशनशिप के बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया था।

अंजू महेंद्रू से था राजेश खन्ना का अफेयर

दरअसल, राजेश खन्ना और अंजु महेंद्रु के पहली मुलाकात साल 1966 में हुई थी। उस समय अंजू एक स्ट्रगलिंग एक्ट्रेस थीं, तो वहीं राजेश खन्ना इंडस्ट्री के सुपरस्टार बन चुके थे। अंजु महेंद्रु इतनी ज्यादा खूबसूरत थीं कि दोनों जल्दी एक दूसरे को दिल दे बैठे और कई सालों तक दोनों ने एक दूसरे को डेट किया। ऐसा भी कहा जाता है कि इनके बीच बात शादी तक भी पहुंच गई थी लेकिन फिर एक बात पर आकर सारी बात ही अटक गई।

राजेश खन्ना तो अंजु महेंद्रु से बेइंतहा प्यार करते थे। वहीं अंजु महेंद्रु भी राजेश खन्ना पर जान छिड़कती थीं। लेकिन अभिनेता यह चाहते थे कि शादी के बाद अंजू एक्टिंग से ब्रेक लेकर घर संभालें, जिसके लिए अंजू तैयार नहीं हुई थीं। लिहाजा दोनों के बीच यह रिश्ता यहीं पर समाप्त हो गया। साल 1972 में दोनों का ब्रेकअप हो गया।

16 साल की डिंपल से इसी शर्त पर की थी शादी

अंजु महेंद्रु से ब्रेकअप के बाद राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया से शादी रचा ली थी। आपको बता दें कि राजेश खन्ना से शादी से पहले डिंपल कपाड़िया की सिर्फ एक फिल्म बॉबी ही रिलीज हुई थी, जो जबरदस्त हिट साबित हुई थी। बस इसी फिल्म में डिंपल को देखकर काका दीवाने हो गए थे और उन्होंने भी डिंपल कपाड़िया के सामने वह शर्त रखी, जो अंजू के सामने रखी थी और शादी का प्रस्ताव भेज दिया। डिंपल कपाड़िया ने भी शादी के लिए हां कह दी।

राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की शादी 1973 में हुई थी। राजेश खन्ना ने जानबूझकर अंजु महेंद्रु को चिढ़ाने के इरादे से उनके घर के सामने से ही अपनी बारात निकाली थी। इतना ही नहीं बल्कि ऐसा भी बताया जाता है कि तकरीबन आधे घंटे तक बारात वही रुकी रही और सभी डांस करते रहे। आपको बता दें कि कैंसर से लड़ते हुए 18 जुलाई 2012 को राजेश खन्ना का निधन हो गया था और उनके आखिरी समय तक अंजु महेंद्रु बतौर दोस्त उनके साथ थीं।