कभी बिस्कुट खाकर भरा पेट, कई रातें भूखे सोए, आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं राजकुमार राव

बॉलीवुड इंडस्ट्री एक ऐसी जगह है, जहां पर दिग्गज कलाकारों की कमी नहीं है। वैसे देखा जाए तो हर किसी का यह सपना होता है कि वह बॉलीवुड में अपना करियर बनाएं परंतु यहां पर कदम रखना जितना मुश्किल है, उससे कहीं ज्यादा मुश्किल खुद को स्थापित करना है। बॉलीवुड इंडस्ट्री में ऐसे बहुत से सितारे हैं जिन्होंने अपने जीवन में बहुत कुछ हासिल किया है परंतु इसके पीछे उनका कड़ा संघर्ष छुपा हुआ है।

बॉलीवुड के कई सितारों ने बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में कामयाबी पाने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत की। कई बार इनको निराशा का भी सामना करना पड़ा परंतु इसके बावजूद भी हार ना मानते हुए यह लगातार कोशिश करते रहे। आखिर में यह सितारे अपनी मंजिल तक पहुंच गए।

आज हम आपको इस पोस्ट के माध्यम से बॉलीवुड के एक ऐसे ही अभिनेता के बारे में बताने वाले हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर अपनी मंजिल हासिल की है। दरअसल, वह अभिनेता कोई और नहीं बल्कि राजकुमार राव हैं। बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव इंडस्ट्री के उम्दा एक्टर में शुमार हैं और वह अपनी एक्टिंग से किसी भी किरदार में जान डाल देते हैं। आज हम आपको राजकुमार राव के संघर्ष की कहानी बताने वाले आ रहें हैं…

31 अगस्त 1984 को गुड़गांव, हरियाणा में जन्मे राजकुमार राव का असली नाम राजकुमार यादव है। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें स्त्री ,न्यूटन, शाहिद जैसी फिल्में शामिल हैं। मौजूदा समय में राजकुमार राव किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। इन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से बॉलीवुड में अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है। इन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है।

राजकुमार राव ने दिल्ली विश्वविद्यालय के आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज से कला में स्नातक करने के बाद उन्होंने भारतीय फिल्म और टेलिविज़न संस्थान में एक्टिंग का हुनर सीखा। राजकुमार राव ने अपने जीवन में काफी संघर्ष किया है। उन्हें एक्टिंग में बहुत दिलचस्पी थी, जिसके चलते उन्होंने अभिनय में अपना करियर बनाने का फैसला किया था। वह नाटक करने के लिए साइकिल से गुड़गांव से दिल्ली जाया करते थे।

राजकुमार राव ने 2008 में अपनी पढ़ाई पूरी की, जिसके बाद वह अपना सपना पूरा करने के लिए मुंबई शहर आ गए थे। राजकुमार राव की प्रेरणा शाहरुख खान थे। राजकुमार राव ने यह सोचा था कि अगर शाहरुख खान बाहर से फिल्मी दुनिया में नाम कमा सकते हैं, तो मैं क्यों नहीं? मैं भी अपनी पहचान बना सकता हूं। इसी प्रेरणा से आगे बढ़ते रहे।

राजकुमार राव ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म “लव सेक्स और धोखा” से की थी। इस फिल्म में दर्शकों द्वारा उनके अभिनय को खूब पसंद किया गया लेकिन इसके बावजूद भी राजकुमार राव को वह स्थान नहीं मिल पाया जो वह चाहते थे। इसके बाद उनकी एक फिल्म 2013 में रिलीज हुई थी जिसका नाम “कई पो चे” था। इससे उन्होंने खूब तारीफें बटोरीं।

इसके बाद राजकुमार राव ने शाहिद फिल्म में काम किया। राजकुमार राव को फिल्म में उनकी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और फिल्म क्रिटिक्स अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके बाद उन्होंने क्विन, न्यूटन, सिटीलाइट्स जैसी एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्मों में काम किया। बता दें कि उन्हें न्यूटन के लिए एशिया पैसिफिक स्क्रीन अवार्ड भी मिल चुका है।

राजकुमार राव ने एक इंटरव्यू के दौरान यह बताया था कि जब वह फिल्मों में अपना करियर बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे तो उन्हें रिजेक्शन का भी सामना करना पड़ा था। उन्हें यह कहकर रिजेक्ट कर दिया गया था कि उनकी भौहें बहुत बदसूरत हैं, वह काले भी हैं। राजकुमार राव ने इंटरव्यू के दौरान यह खुलासा किया था कि कई बार उन्हें अपना पेट भरने के लिए दोस्तों से खाना उधार लेना पड़ता था।

राजकुमार राव ने किसी भी परिस्थिति में हार नहीं मानी और उन्होंने अपनी मेहनत के बल पर सफलता हासिल की। राजकुमार राव ने बिना किसी गॉडफादर के बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है। आज वह कई बड़े-बड़े निर्देशकों और अभिनेताओं के साथ फिल्मों में काम कर रहे हैं और उनकी गिनती प्रमुख अभिनेताओं में की जाती है। आज राजकुमार राव के पास किसी भी चीज की कमी नहीं है। वह करोड़ों रुपए की संपत्ति के मालिक हैं।