रामायण और महाभारत के वो किरदार, जिन्होंने TV छोड़ पकड़ी राजनीति की राह, जानें कौन-कौन से हैं वे स्टार

बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री तक ऐसे कई सितारे हैं जिन्होंने इंडस्ट्री में अपनी बेहतरीन एक्टिंग के बलबूते अच्छा खासा नाम कमाया है। इन सितारों का अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आता है परंतु कुछ ऐसे सितारे भी हैं जिन्होंने इंडस्ट्री में सक्रिय रहते हुए भी राजनीति की तरफ अपना रुख मोड़ लिया है। आपको बता दें कि हाल ही में रामायण के राम यानी अरुण गोविल ने भी राजनीति ज्वाइन कर ली है। बीते दिन अरुण गोविल ने बीजेपी का दामन थामा है, जिसकी चर्चा जोरो से हो रही है लेकिन अरुण गोविल के अलावा भी रामायण और महाभारत के ऐसे कई सितारे हैं जिन्होंने राजनीति का मार्ग पकड़ लिया है। तो चलिए जानते हैं आखिर वह कौन कौन से सितारे हैं जिन्होंने टीवी छोड़ राजनीति की राह पकड़ी है।

अरुण गोविल

टीवी के मशहूर धारावाहिक “‘रामायण” में भगवान श्री राम जी का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। उन्हें शुक्रवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। अरुण गोविल के बीजेपी ज्वाइन करने की चर्चा जोरों पर है। आपको बता दें कि अरुण गोविल सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। बीते साल लॉकडाउन के बीच जब रामायण की टीवी पर वापसी हुई थी तब इस धारावाहिक सहित अरुण गोविल की भी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।

अरविंद त्रिवेदी

रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण में अरविंद त्रिवेदी ने रावण का जो किरदार निभाया था वह आज भी लोगों के जेहन में है। आपको बता दें कि धारावाहिक रामायण में रावण की भूमिका ने अरविंद त्रिवेदी को देश और दुनिया भर के टीवी दर्शकों का चहेता बना दिया था। एक तरफ जहां इस सीरियल से अभिनेता अरुण गोविल को राम के रूप में लोकप्रियता हासिल हुई थी। वहीं अभिनेता अरविंद त्रिवेदी को भी रावण के रूप में काफी लोकप्रियता प्राप्त हुई थी। आपको बता दें कि अरुण गोविल से पहले रामायण में रावण की भूमिका निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी भाजपा की नाव पर सवार हो चुके थे। इन्होंने बीजेपी की टिकट पर गुजरात की साबरकांठा सीट से साल 1991 में चुनाव लड़ा था और यह जीते भी थे। इसके बाद साल 2002 में भी चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी।

दारा सिंह

मशहूर रेसलर और रामायण में हनुमान का किरदार निभाने वाले अभिनेता दारा सिंह भी राजनीति से जुड़े थे। आपको बता दें कि साल 2003 में राज्यसभा के लिए दारा सिंह को नोमिनेटेड किया गया था। अटल बिहारी वाजपेई के कार्यकाल में बीजेपी ने दारा सिंह को राज्यसभा भेजा था।

रूपा गांगुली

अभिनेत्री रूपा गांगुली ने महाभारत धारावाहिक में द्रोपदी का किरदार निभाया था। यह इस समय के दौरान राज्यसभा सांसद हैं। रूपा गांगुली का राजनीति जगत में जाना माना चेहरा है। आपको बता दें कि इन दिनों रूपा गांगुली पश्चिम बंगाल में बीजेपी के लिए प्रचार में जुटी हुई हैं। यह 2015 में बीजेपी में शामिल हुई थीं।

गजेंद्र चौहान

महाभारत के युधिष्ठिर गजेंद्र चौहान भी बीजेपी से जुड़ चुके हैं। यह भाजपा के सक्रिय मेंबर हैं। आपको बता दें कि गजेंद्र चौहान ने साल 2004 में बीजेपी जॉइन की थी। जिसके बाद फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के चेयरमैन का पद भी इन्होंने संभाला।

नितीश भारद्वाज

टीवी के मशहूर धारावाहिक महाभारत में भगवान श्री कृष्ण जी की भूमिका निभाने वाले मशहूर अभिनेता नितीश भारद्वाज 1996 से 1998 तक बीजेपी के लोकसभा सांसद रह चुके हैं।

दीपिका चिखलिया

‘रामायण’ की सीता यानी दीपिका चिखलिया भी साल 1991 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी से चुनाव लड़ चुकी है और उन्होंने जीत भी हासिल की थी। दीपिका चिखलिया ने गुजरात की वडोदरा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था और यह जीती भी थीं।