10 जून शनि जयंती पर ऐसे होंगे शनिदेव प्रसन्न, मनोकामनाएं करेंगे पूरी, लेकिन इन कामों से रहें दूर

हिंदू पंचांग के अनुसार, हर वर्ष जेष्ठ मास की अमावस्या को शनि जयंती मनाई जाती है। इस वर्ष 10 जून 2021 दिन गुरुवार को शनि जयंती पड़ रही है। ऐसा माना जाता है कि अगर इस दिन विधि-विधान पूर्वक शनि देवता की उपासना की जाए तो इससे शनि के बुरे प्रभावों से छुटकारा प्राप्त होता है। धर्म और ज्योतिष की दृष्टि से देखा जाए तो सूर्यपुत्र शनिदेव का महत्वपूर्ण स्थान है। शनिदेव एक ऐसे देवता है जो मनुष्य के कर्मों के अनुसार ही फल प्रदान करते हैं। शनिदेव न्यायप्रिय हैं। जो व्यक्ति अपने जीवन में अच्छे कर्म करता है उसके ऊपर शनि देव की सदैव कृपा दृष्टि बनी रहती है और उसकी सारी मनोकामनाएं भी पूर्ण होती हैं परंतु बुरे काम करने वाले लोगों को शनि देव के कठोर दंड का सामना करना पड़ता है।

अगर किसी व्यक्ति के ऊपर शनि देव की बुरी दृष्टि है तो इसकी वजह से शारीरिक, मानसिक और आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से शनि जयंती के दिन किए जाने वाले कुछ उपायों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप शनिदेव को प्रसन्न कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं परंतु इसके साथ ही हम कुछ ऐसे भी काम बताएंगे जिनको अगर आप करेंगे तो इसके कारण शनिदेव आपसे नाराज हो सकते हैं। इसलिए आप इन कामों को भूल कर भी मत कीजिए।

भगवान शनि देव को ऐसे करें प्रसन्न

1. अगर आप शनि देवता को प्रसन्न करना चाहते हैं तो इसके लिए ज्योतिषीय उपाय अपना सकते हैं। आप हर शनिवार को पीपल के पेड़ के जड़ में जल अर्पित करें और दीपक जलाएं। आपको बता दें कि पीपल का संबंध शनि से माना जाता है। अगर आप यह उपाय करते हैं तो इससे अनेक प्रकार के कष्टों से छुटकारा मिलता है। अगर किसी व्यक्ति के ऊपर शनि की साढ़ेसाती या ढैय्या चल रही है तो ऐसी स्थिति में पीपल के पेड़ की पूजा करनी चाहिए और पीपल के पेड़ की परिक्रमा करें। इससे शनि पीड़ा से मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा शनिदेव की कृपा पाने के लिए आप शनि जयंती से शुरू कर हर शनिवार के दिन शनि देव के मंत्र “ऊं प्रां प्रीं प्रौं स: शनैश्चराय नम:” का जाप करें। ऐसा करने से शनिदेव आपके जीवन के कष्टों को दूर करेंगे।

2. अगर आप शनिदेव को प्रसन्न करना चाहते हैं तो इसके लिए शनि देव के आराध्य भगवान शिवजी की पूजा जरूर करें। आप शनि जयंती के दिन शनि देव के साथ शिवजी पर काले तिल मिले हुए जल से अभिषेक करें। शनि दोष की शांति के लिए आप रोजाना महामृत्युंजय मंत्र का जाप कीजिए। इससे शनि देवता आपसे प्रसन्न होंगे।

3. अगर आप शनिदेव की कृपा पाना चाहते हैं तो इसके लिए शनिवार का व्रत जरूर रखें और गरीब लोगों की मदद कीजिए। ऐसा करने से शनिदेव व्यक्ति के जीवन के कष्ट दूर करते हैं।

4. जो व्यक्ति हनुमान जी की पूजा करता है उससे शनिदेव हमेशा प्रसन्न रहते हैं। इसलिए शनि जयंती के दिन शनि देव की पूजा के साथ-साथ हनुमान जी की पूजा जरूर करें।

शनि जयंती पर नहीं करने चाहिए ये काम

  • शनि जयंती पर लोहे से बनी हुई चीजें या कोई भी वस्तु खरीद कर घर ना लाएं अन्यथा शनिदेव आपसे नाराज हो सकते हैं। इसके कारण आपको शारीरिक और आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ेगा।
  • शनि जयंती पर शमी या पीपल के वृक्ष को हानि ना पहुंचाएं अन्यथा शनि के प्रकोप का सामना करना पड़ सकता है।
  • शनि जयंती पर सरसों का तेल, लकड़ी, जूते-चप्पल और काली उड़द नहीं खरीद कर लाना चाहिए।
  • शनि देव के दर्शन करते समय आप उनकी आंखों में ना देखें।
  • शनि जयंती के दिन बड़े-बुजुर्गों का अपमान भूल कर भी मत कीजिए।