दरवाजे पर लगा रहे हैं गणेश जी की प्रतिमा तो जान लीजिए ये नियम, ऐसी गलती भूलकर भी न करें

भगवान गणेश जी को प्रथम पूज्य कहा जाता है। हर मांगलिक काम और देवी-देवताओ की पूजा से पहले भगवान गणेश जी की पूजा की जाती है। ऐसा कहा जाता है कि अगर कोई भी शुभ कार्य किया जाए, तो सबसे पहले गणेश जी की पूजा करने से कार्य सफल होता है और सारी बाधाएं दूर होती हैं। वहीं हिंदू घरों में मुख्य दरवाजे पर भगवान गणेश जी की मूर्ति या तस्वीर लगाने की परंपरा है।

वास्तु शास्त्र के अनुसार देखा जाए तो दरवाजे पर गणेश प्रतिमा का लगाना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि घर के मुख्य द्वार पर गणेश जी की प्रतिमा लगाने से सुख-समृद्धि आती है। घर का मुख्य द्वार अपने आप में बहुत खास महत्व रखता है। लेकिन यहां गणेश जी की तस्वीर लगाना और सही तरह से लगाना बहुत मायनों में सही माना जाता है।

अगर आप भी अपने घर के दरवाजे पर गणेश प्रतिमा लगा रहे हैं, तो इससे जुड़ी हुई जरूरी बातों को जानना बहुत ही आवश्यक है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से दरवाजे पर गणेश जी की प्रतिमा लगाने के क्या नियम होते हैं? इसके बारे में बताने जा रहे हैं।

प्रतिमा की दिशा

अगर आपके घर का मुख्य दरवाजा का मुंह उत्तर या दक्षिण दिशा में है तो ऐसे में गणेश जी की मूर्ति दरवाजे पर लगाना शुभ माना जाता है परंतु आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि घर का मुख्य दरवाजा पूर्व या पश्चिम दिशा में हो तो ऐसे दरवाजे पर गणेश प्रतिमा का लगाना शुभ नहीं माना जाता है।

ऐसे लगाएं गणेश प्रतिमा

अगर आप अपने घर के मुख्य दरवाजे पर गणेश प्रतिमा लगा रहे हैं, तो आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आप दरवाजे के अंदर की तरफ गणेश जी को स्थापित करें। प्रतिमा का मुंह अंदर की तरफ होना चाहिए। आपको बता दें कि पश्चिम उत्तर और पूर्वोत्तर दिशा बहुत शुभ मानी जाती है।

कौन सा रंग है सही

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं भगवान गणेश जी की मूर्तियां अलग-अलग रंगों में मिल जाती हैं। अगर हम वास्तु के हिसाब से देखें, तो आप अपनी इच्छा के अनुसार मूर्तियां लगा सकते हैं। अगर आप चाहते हैं कि घर में तरक्की हो तो इसके लिए आप सिंदूरी रंग की गणेश जी की मूर्ति लगाएं। बता दें कि सिंदूरी रंग की गणेश जी की प्रतिमा या तस्वीर लगाने से व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और घर में हमेशा सुख समृद्धि बनी रहती है। वहीं तरक्की के लिए सफेद रंग की मूर्ति लगाना भी बहुत शुभ होता है।

सूंड का ध्यान रखें

अगर आप अपने घर के दरवाजे के मुख्य द्वार पर गणेश जी की प्रतिमा लगा रहे हैं, तो आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि गणेश मूर्ति की सूंड बायीं तरफ मुड़ी होनी चाहिए। वहीं दाईं तरफ मुड़ने वाली सूंड घर के अंदर शुभ मानी जाती है। लेकिन दरवाजे के बाहर इस तरह की गणेश प्रतिमा अच्छी नहीं मानी गई है।

गणेश प्रतिमा की मुद्रा

अगर आप घर के लिए भगवान गणेश जी की प्रतिमा ले रहे हैं, तो आपको इस बात का ध्यान रखना आवश्यक है कि वह बैठी हुई मुद्रा में होनी चाहिए। वहीं घर के दरवाजे के बाहर खड़ी हुई मुद्रा वाली गणेश प्रतिमा नहीं लगानी चाहिए। आप खड़ी हुई मुद्रा में गणेश प्रतिमा अपने ऑफिस या अपने कार्यस्थल के लिए ले सकते हैं।