7 साल डेटिंग के बाद 15 साल छोटी लड़की से सोनू निगम ने की थी शादी, कुछ ऐसी है इनकी प्रेम कहानी

भारतीय संगीत की दुनिया में सोनू निगम का एक मशहूर नाम है। वह मुख्यता हिंदी और कन्नड़ फिल्मों में गाने गाते हैं। उन्होंने कई अन्य भाषाओं में भी गाने गाए हैं। इतना ही नहीं बल्कि सोनू निगम कुछ फिल्मों में अभिनेता के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। सोनू निगम उदित नारायण के बाद ऐसे सिंगर रहे हैं जिन्होंने सबसे लंबे समय तक हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया है। उन्होंने अपनी आवाज से देश के लोगों को काफी प्रभावित किया है और हर उम्र के लोग उनको बहुत पसंद करते हैं।

सोनू निगम ने आज अपनी आवाज के दम पर अच्छी खासी पहचान बनाई है। आज वह किसी के परिचय के मोहताज नहीं हैं। सोनू निगम के द्वारा गाए हुए गाने लोगों के दिलों और जुबान पर रहते हैं। इसके अलावा सोनू निगम अपने गानों के साथ साथ तमाम विवादों को लेकर भी सुर्खियों का विषय बने रहते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से सोनू निगम की लव लाइफ और उनकी शादी के बारे में जानकारी देने वाले हैं।

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं सोनू निगम ने कई लव सॉन्ग गाए हैं और उनके यह गाने सुनते ही प्यार का एहसास होने लगता है। उसी प्रकार से अपने सुरों से लोगों के दिलों पर राज करने वाले सिंगर सोनू निगम की प्रेम कहानी भी बड़ी रोचक है। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने अपने से 15 साल छोटी लड़की मधुरिमा निगम से शादी रचाई है। इनकी पहली मुलाकात एक प्रोग्राम के दौरान हुई थी और पहले ही मुलाकात में दोनों लोगों के दिल में प्यार जाग उठा था जिसके बाद से ही इन दोनों के बीच मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया।

सोनू निगम और मधुरिमा एक दूसरे से मिलते-जुलते रहे और इनकी मुलाकात दोस्ती में बदल गई और धीरे-धीरे यह और भी ज्यादा नजदीक आने लगे और इन दोनों के बीच प्यार का सिलसिला शुरू हो गया। जब सोनू निगम मधुरिमा से मिला करते थे तो उन्हें लव सॉन्ग सुनाया करते थे। सोनू निगम और मधुरिमा ने एक दूसरे को करीब 7 साल तक डेट किया था इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।

सोनू निगम से मधुरिमा 15 वर्ष छोटी हैं। इन दोनों की उम्र में काफी फासला है। इसके साथ-साथ दोनों के सामने एक और दिक्कत खड़ी हो गई थी। दरअसल, सोनू निगम ब्राह्मण थे और मधुरिमा बंगाली परिवार से ताल्लुक रखती थीं, परंतु इन सब के बावजूद भी दोनों ने ही अपने प्यार के बीच में इसको बाधा नहीं बनने दिया और आखिर में 14 फरवरी 2002 यानी कि वैलेंटाइन डे के दिन दोनों विवाह के बंधन में बंध गए।

आपको बता दें कि सोनू निगम और मधुरिमा की शादी बहुत ही भव्य तरीके से आयोजित की गई थी। सभी परंपराओं के अनुसार, सोनू निगम बहुत धूमधाम के साथ घोड़ी पर चढ़कर बारात लेकर पहुंचे थे। इनकी शादी में शुद्ध रूप से शाकाहारी भोजन को शामिल किया गया था और शादी में 700 मेहमानों ने भाग लिया था, जिसमें शिल्पा शेट्टी, सिंगर अभिजीत और अनूप जलोटा आदि शामिल हुए थे।

आपको बता दें कि शादी के करीब 5 साल के बाद 2007 में सोनू निगम और मधुरिमा माता-पिता बने, इस साल उन्होंने अपने बेटे नेवान का स्वागत किया और सबसे दिलचस्प बात यह है कि नेवान को भी गानों में बेहद रूचि है और सोनू निगम उन्हें गाना सिखाते हैं। वहीं मधुरिमा भी गाना सुनने के साथ गाना भी बहुत पसंद करती हैं।

आपको बता दें कि मधुरिमा का अपना काउचर ब्रांड है जिसका नाम मधुरिमा निगम है। जब भी सोनू निगम फॉरेन टूर पर या फिर किसी कॉन्सर्ट या किसी शो में जाते हैं तो उनके आउटफिट्स उनकी पत्नी मधुरिमा खुद डिजाइन करती हैं।