महेश भट्ट के 74वें बर्थडे बैश की खास तस्वीर आई सामने, रणबीर-आलिया ने बढ़ाई रौनक

आलिया भट्ट और रणबीर कपूर बॉलीवुड के पॉपुलर कपल्स में से एक हैं। इन दिनों यह दोनों सातवें आसमान पर हैं। दरअसल, जहां एक और उनकी फिल्म “ब्रह्मास्त्र” साल 2022 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी। वहीं दूसरी तरफ यह जोड़ी बहुत ही जल्द माता-पिता बनने वाली है। ऐसी स्थिति में रणबीर आलिया अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को खूब इंजॉय कर रहे हैं।

हाल ही में रणबीर कपूर अपनी पत्नी व एक्ट्रेस आलिया भट्ट के साथ उनके पिता महेश भट्ट का जन्मदिन मनाने के लिए उनके घर पहुंचे, जिसकी एक झलक एक्ट्रेस आलिया भट्ट की मां सोनी राजदान ने साझा किया है।

सोनी राजदान ने शेयर की फोटो

आपको बता दें कि 20 सितंबर 2022 को महेश भट्ट ने अपना 74वां जन्मदिन परिवार के साथ मनाया। ऐसे में सोनी राजदान ने 21 सितंबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से महेश भट्ट के बर्थडे से एक फैमिली फोटो साझा की है, जिसमें फिल्म मेकर महेश भट्ट, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, सोनी राजदान, पूजा भट्ट, शाहीन भट्ट जैसी हस्तियों को देखा जा सकता है। सोनी राजदान के द्वारा शेयर की गई तस्वीर में देखा जा सकता है कि आलिया भट्ट ब्लैक आउटफिट में नजर आ रही हैं।

आलिया भट्ट सिंपल लुक और बंधे हुए बालों में बहुत सुंदर लग रही हैं। वहीं अगर हम रणबीर कपूर की बात करें, तो वह ऑल ब्लैक लुक में दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो को शेयर करते हुए सोनी राजदान ने कैप्शन में यह लिखा है कि “ये सब परिवार में हैं।” यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। प्रशंसक के साथ-साथ सेलेब्स भी इस पोस्ट पर कमेंट कर महेश भट्ट को उनके विशेष दिन पर शुभकामनाएं दे रहे हैं।

आलिया भट्ट ने भी खास अंदाज में किया पिता को बर्थडे विश

सोनी राजदान के अलावा आलिया भट्ट ने भी अपनी इंस्टा स्टोरी पर अपने पिता की तस्वीर साझा की है, जिसमें महेश भट्ट आलू फ्राई के मजे लेते हुए नजर आ रहे हैं। आलिया भट्ट ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा “हैप्पी बर्थडे पॉप्स.. आपका दिन आलू फ्राई से भरा हो।” आपको बता दें कि महेश भट्ट की साल 2020 में आई फिल्म “सड़क 2” एक ऐसी फिल्म थी, जिसमें आलिया भट्ट को देखा गया था। यह पहली बार पिता महेश भट्ट के साथ आलिया भट्ट ने काम किया था। इस फिल्म में आलिया के अलावा आदित्य रॉय कपूर, संजय दत्त और पूजा भट्ट भी नजर आए थे।

आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी

आपको बता दें कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की प्यार की शुरुआत फिल्म “ब्रह्मास्त्र” के सेट से हुई थी। दोनों कई बार इस बात को खुद भी स्वीकार कर चुके हैं। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट ने 14 अप्रैल 2022 को अपने घर “वास्तु” में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी रचाई थी। शादी से पहले आलिया और रणबीर 5 सालों तक रिलेशनशिप में रहे थे।

वहीं शादी के दो महीने बाद ही आलिया भट्ट ने अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। तब से ही फैंस “जूनियर कपूर” के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।