सोनू सूद की दरियादिली, जरूरतमंदों की मदद के लिए लिया 10 करोड़ का कर्ज, गिरवी रखी निजी प्रॉपर्टी

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सोनू सूद इस साल काफी चर्चा में बने हुए हैं। कोरोना महामारी की जब शुरुआत हुई थी तब देश भर में लॉकडाउन का ऐलान हुआ था। लॉकडाउन के दौरान सोनू सूद ने लोगों की खूब सहायता की थी। हजारों लोगों को इन्होंने अपने घर लॉकडाउन के दौरान पहुंचाया। अभिनेता ने लोगों को आर्थिक सपोर्ट भी दिया। अपनी दरियादिली और नेक कामों की वजह से यह गरीबों के मसीहा बनकर उभरे हैं। इसी बीच अभिनेता सोनू सूद को लेकर बड़ी खबर सामने आई है जिसको जानने के बाद लोगों की नजरों में सोनू सूद की इज्जत और अधिक बढ़ गई है। रिपोर्ट के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अभिनेता सोनू सूद ने 10 करोड़ का लोन लिया है।

लॉकडाउन के दौरान से ही लगातार सोनू सूद बिना रुके गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता में जुटे हुए हैं। सोशल मीडिया पर रोजाना ही सहायता मांगने वाले लोगों के मैसेज आते रहते हैं। अभिनेता भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। लगातार अपने नेक कामों की वजह से अभिनेता सुर्खियों में बने हुए हैं। सोनू सूद ने इसी बीच एक बड़ा कदम उठाया। अभिनेता सोनू सूद ने अपनी निजी प्रॉपर्टी को गिरवी रखकर 10 करोड़ का लोन लिया है ताकि वह आगे भी जरूरतमंद लोगों की सहायता कर पाएं। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि लोगों की सहायता के लिए सोनू सूद ने अपनी 8 प्रॉपर्टीज को गिरवी रखा है। मनीकंट्रोल की खबर के अनुसार अभिनेता सोनू सूद ने 2 दुकाने और 6 फ्लैट्स गिरवी रखा हैं। इन संपत्तियों के मालिक सोनू सूद और उनकी पत्नी सोनाली है। आपको बता दें कि अभिनेता की तरफ से इस रिपोर्ट पर अभी तक कोई भी पुष्टि नहीं की गई है।

लॉकडाउन के दौरान से ही लोगों की कर रहे हैं मदद

कोरोना महामारी की वजह से जब देश भर में लॉकडाउन लगा था तब लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। इसी बीच सोनू सूद लोगों की सहायता के लिए सामने आए। मुंबई में फंसे हुए दूसरे राज्यों के गरीब मजदूरों को इन्होंने अपने घर तक पहुंचाया। बस, ट्रेन आदि की व्यवस्था करके अभिनेता ने इनकी मदद की। रोजाना ही अभिनेता के सोशल मीडिया अकाउंट पर लोगों के मैसेज आते हैं। सोनू सूद की टीम जरूरतमंद लोगों की सहायता में लगातार जुटी हुई है। कभी सोनू सूद छात्रों की फीस भर रहे हैं तो कई लोगों को दवाई दिला रहे हैं, इतना ही नहीं बल्कि बेरोजगारों को रोजगार दिलाने में भी अभिनेता ने सहायता की है। इनके नेक कामों की जितनी तारीफ की जाए उतनी ही कम है।

सोनू सूद ने किसानों का भी किया समर्थन

अभिनेता सोनू सूद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा सक्रिय रहते हैं। अभिनेता ने हाल ही में कृषि कानूनों का विरोध करके किसानों का भी समर्थन किया है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सोनू सूद ने किसानों का समर्थन करते हुए एक ट्वीट करके यह लिखा है कि “किसान मेरा भगवान है।” सोनू सूद का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। सभी लोग अभिनेता की खूब प्रशंसा कर रहे हैं।