सावन महीने में आएं ऐसे सपने तो समझिए बरसने वाली है भगवान शिव की अपार कृपा, जीवन में होगा सब अच्छा

सावन का पवित्र महीना भगवान शिव जी को समर्पित है। ऐसा माना जाता है कि सावन के महीने में महादेव की पूजा अर्चना करना आपको विशेष लाभ प्रदान करता है। अगर यह सावन सोमवार हो तो इसका महत्व और ज्यादा बढ़ जाता है। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की कृपा पाने के लिए सावन के महीने में विशेष पूजा अर्चना करते हैं। सावन के दौरान सृष्टि शिवमय हो जाती है और भक्त अपने अराध्य की भक्ति में लीन रहते हैं।

हिंदू धर्म में भी सावन के महीने का खास महत्व है। इस दौरान महादेव की पूजा करना सबसे उत्तम माना गया है। अगर सावन के पूरे महीने भगवान शिव जी की विधि विधान पूर्वक पूजा की जाती है, तो इससे भक्तों के ऊपर महादेव का आशीर्वाद हमेशा बना रहता है। सावन माह में सोमवार के दिन सुबह से ही शिव भक्त मंदिरों में जाकर शिवलिंग पर दूध, जल और बेलपत्र अर्पित करते हैं।

पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, जो भक्त सच्चे मन से सावन सोमवार का व्रत करता है और भगवान शिव जी की विधिवत पूजा अर्चना करता है, उस पर शिव शंभू के साथ मां पार्वती भी प्रसन्न होती हैं। भगवान शिव जी को श्रावण मास का देवता कहा जाता है। ऐसा बताया जाता है कि सावन के महीने में शिव शंभू माता पार्वती के साथ पृथ्वी लोक पर विराजमान रहकर पृथ्वी वासियों के दुख दर्द को समझते हैं और उनकी मनोकामना को पूरा करते हैं। इसी वजह से सावन के महीने को बहुत ख़ास माना जाता है।

सावन के महीने में भगवान शिव जी अपने जिन भक्तों से प्रसन्न होते हैं, उन्हें खास संकेतों के माध्यम से यह इशारा भी देते हैं। जो वाकई अपने ईश्वर के साथ मानसिक और आध्यात्मिक संबंध रखता है वह लोग यह संकेत समझ जाते हैं तो कुछ लोग इन्हें नजरअंदाज भी कर देते हैं। अगर सावन के महीने में भगवान शिव जी से जुड़ी हुई कुछ चीजें आपको सपने में दर्शन हो जाती हैं, तो यह बहुत शुभ मानी जाती हैं।

जानकारों का ऐसा बताना है कि अगर सावन माह में यह चीजें किसी को सपने में दिखाई दे जाएं, तो समझ जाइए उनके ऊपर भगवान शिव जी की अपार कृपा बरसने वाली है। तो चलिए जानते हैं आखिरी यह चीजें कौन सी हैं।

त्रिशूल

आपको बता दें कि अपने भक्तों से मिलने भगवान साक्षात रुप में ना आकर उन्हें सपने में दर्शन देते हैं या फिर सपनों में कुछ संकेत के माध्यम से उन्हें यह बताते हैं कि अब उनके दुख भरे दिन समाप्त होने वाले हैं, उनके जीवन में अब खुशियों का आगमन होगा। हम सभी लोगों ने भगवान शिव जी की तस्वीरें और मूर्तियां देखी हैं, जिसमें उनके पास हमेशा त्रिशूल रहता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार त्रिशूल के तीन शूलों को काम, क्रोध और लोभ का कारक माना गया है।

ऐसा बताया जाता है कि इस सृष्टि में सामंजस्य बनाए रखने के लिए भगवान शिव जी त्रिशूल धारण करते हैं। अगर सावन के महीने में आपको सपने में त्रिशूल दिखाई देता है, तो इसका मतलब होता है कि भगवान शिव जी की कृपा आप पर हो गई है और आपके समस्त विकारों का नाश होने वाला है।

डमरू

अगर सावन के पवित्र महीने में आपको सपने में डमरु नजर आता है, तो यह बहुत शुभ संकेत माना जाता है। यह संकेत आपके जीवन में स्थिरता आने का है। इसका मतलब होता है कि आपके घर में कोई मांगलिक कार्य जैसे विवाह आदि होने की संभावना है।

नाग

सावन माह में अगर कोई व्यक्ति अपने सपने में नाग देवता को देखता है, तो यह बहुत शुभ माना जाता है। नाग देवता का सपने में दर्शन होना धन वृद्धि की तरफ इशारा करता है।

नंदी बैल

आप लोगों ने देखा होगा कि शिवलिंग के आसपास एक नंदी बैल जरूर होता है और भगवान शिव के साथ नंदी को भी लोग पूजते हैं और उनसे मन्नत मांगते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, शिवजी नंदी की सवारी करते हैं। नंदी महाराज के बिना शिव परिवार की पूजा अधूरी मानी जाती है। अगर सावन के पवित्र महीने में किसी व्यक्ति को सपने में नंदी बैल दिख जाए तो इसका मतलब यह होता है कि उस व्यक्ति से भगवान शिव जी बहुत ज्यादा प्रसन्न हैं और उस व्यक्ति को अपने कार्यों में सफलता प्राप्त होने वाली है।