खो दी सुनने की शक्ति, लेकिन नहीं खोई हिम्मत, पहले ही प्रयास में बन गईं IAS, जानिए सौम्या शर्मा का संघर्ष

हर इंसान अपने जीवन में कुछ ना कुछ करने का सपना देखता है। सभी लोग अपने सपने को पूरा करने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं परंतु बहुत से लोगों को अपने सपनों को छोड़ना पड़ता है क्योंकि उनके पास उन्हें पूरा करने का विशेषाधिकार नहीं होता है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी महिला के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय से अपने सपनों को साकार करने का काम किया है।

जी हां, हम बात कर रहे हैं आईएएस अधिकारी सौम्या शर्मा की। सौम्या शर्मा ने अपनी जिंदगी में काफी संघर्ष किया है। उन्होंने कई तरह की परेशानियों का डटकर सामना किया। उनकी सफलता की कहानी आपको भी हमेशा आगे बढ़ते रहने की प्रेरित कर सकती है। जीवन में आने वाली चुनौतियों और कठिनाइयों को समझने के लिए हमें 2017 बैच की आईएएस अधिकारी सौम्या शर्मा की कहानी जानी चाहिए।

कौन हैं आईएएस सौम्या शर्मा?

आपको बता दें कि आईएएस अधिकारी सौम्या शर्मा दिल्ली की रहने वाली हैं। उन्होंने स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली के ही नेशनल लॉ स्कूल से वकालत की पढ़ाई की थी। वकालत के आखिरी साल में सौम्या शर्मा ने यूपीएससी परीक्षा में शामिल होने का फैसला कर लिया था। लेकिन बहुत कम उम्र में ही सौम्या शर्मा को एक बड़ी दुर्घटना का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद भी उन्होंने अपने जीवन में हार नहीं माना और लगातार कोशिश करते हुए हमेशा आगे बढ़ती रहीं।

16 साल की उम्र में चली गई थी सुनने की शक्ति

जब सौम्या शर्मा की उम्र 16 साल की थी, तब उन्होंने अपने सुनने की शक्ति का 90 से 95 प्रतिशत तक खो दिया। उनके माता-पिता डॉक्टरों के पास सौम्या के इलाज के लिए चक्कर लगाते रहे परंतु कोई भी फायदा नहीं हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, सौम्या ने अपनी 90 से 95 फ़ीसदी सुनने की क्षमता को दी थी। इसके बाद सौम्या का जीवन पूरी तरह से बदल गया था। लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने हार नहीं मानी और इस सदमे से उन्होंने उबरने की कोशिश की। उन्होंने अपने जीवन को एक फाइटर की तरह जीना शुरु कर दिया। अब वह हियरिंग एड की मदद से सुनती हैं।

सोशल मीडिया पर मार्कशीट हुई थी वायरल

आपको बता दें कि यूपीएससी परीक्षा 2017 में पहले ही प्रयास में सौम्या शर्मा ने ऑल इंडिया रैंक 9वीं हासिल की। वह लाखों लोगों के लिए प्रेरणा हैं। बहुत से लोग साल दर साल सिविल सेवा परीक्षा को पास करने की कोशिश करते हैं लेकिन कुछ ही इसे पास कर पाते हैं। सौम्या शर्मा की मार्कशीट सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो गई थी। उन्होंने सभी पेपरों में बेहतरीन अंक प्राप्त किए थे। सौम्या शर्मा ने पहले प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा पास की थी लेकिन इससे भी ज्यादा हैरान कर देने वाली बात यह है कि उन्होंने इसके लिए सिर्फ 4 महीने की ही तैयारी की थी। दरअसल, उन्होंने लॉ के आखिरी साल में ही परीक्षा देने का फैसला लिया था।

तेज बुखार में दी परीक्षा

आपको बता दें कि यूपीएससी मेंस परीक्षा से कुछ दिनों पहले ही सौम्या शर्मा की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी। उन्हें 102 से लेकर 104 डिग्री तक बुखार हो गया था। लेकिन इसके बावजूद भी वह हार मानने वालों में से नहीं थीं। सौम्या शर्मा ने तेज बुखार और बेहोशी की हालत में परीक्षा दी थी। इतना ही नहीं बल्कि परीक्षा के बीच में लंच ब्रेक में भी उन्हें ड्रिप लगानी पड़ गई थी। इतना सब कुछ झेलने के बावजूद भी सौम्या शर्मा ने ऑल इंडिया लेवल पर 9वीं रैंक प्राप्त की। यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा पास करने में सौम्या शर्मा की कड़ी मेहनत और लगन काम आई थी। जबकि मेन्स परीक्षा में उनके विल पावर ने उनको कमजोर नहीं होने दिया।

फिलहाल, आईएएस अधिकारी सौम्या शर्मा महाराष्ट्र कैडर में पोस्टेड हैं। इससे पहले वह दिल्ली कैडर में भी काम कर चुकी हैं। बता दें सौम्या शर्मा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती हैं, वहां पर उन्हें 2 लाख से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।