94 साल की उम्र में एक्ट्रेस सुलोचना लाटकर का निधन, PM Modi सहित तमाम सेलेब्स ने जताया शोक, ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि

हिंदी सिनेमा से एक बेहद बुरी खबर सामने आ रही है। मशहूर फिल्म अभिनेत्री सुलोचना लाटकर अब इस दुनिया में नहीं रहीं। सुलोचना लाटकर ने 94 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। ऐसा बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत पिछले कुछ दिनों से काफी खराब चल रही थी। शनिवार, 3 जून को उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी। वह अस्पताल में भर्ती थीं। शनिवार को उनकी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन उनकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ और रविवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।

सूत्रों की मानें, तो सुलोचना लाटकर का उम्र संबंधित बीमारी की वजह से रविवार को शाम 6:30 बजे निधन हो गया था। अभिनेत्री को सांस की समस्या थी। आपको बता दें कि सुलोचना लाटकर उन गिनी चुनी अभिनेत्रियों में शुमार रहीं, जिन्होंने हिंदी के साथ-साथ मराठी सिनेमा में भी अपनी कला का लोहा मनवाया। सुलोचना लाटकर ने मराठी सिनेमा में भी लगभग 250 फिल्में की थी। उनका अभिनय ऐसा रहा कि सभी का दिल जीत ले गया। उन्होंने बॉलीवुड के हर बड़े अभिनेता के साथ काम किया था। फिर चाहे महानायक अमिताभ बच्चन रहे हों या फिर धर्मेंद्र।

सुलोचना लाटकर हिंदी सिनेमा में काफी हद तक मां की भूमिकाएं निभाने के लिए जानी जाती थीं। लेकिन अब उनका निधन हो गया है। सुलोचना लाटकर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। पीएम मोदी से लेकर तमाम सेलेब्स और फैंस ने अभिनेत्री के निधन पर शोक जताया है।

पीएम मोदी ने सुलोचना के निधन पर ट्वीट कर जताया शोक

एक्ट्रेस सुलोचना के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है और उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा “सुलोचना जी का निधन भारतीय सिनेमा की दुनिया में एक बड़ा शून्य छोड़ गया है। उनके अविस्मरणीय परफॉर्मेंस ने हमारी संस्कृति को समृद्ध किया है और उन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों का प्रिय बनाया है। उनकी सिनेमाई विरासत अपने कामों के माध्यम से जीवित रहेगी। उनके परिवार के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

माधुरी दीक्षित ने सुलोचना के निधन पर जताया दुख

 

बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने भी वेटरन एक्ट्रेस सुलोचना के निधन पर ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है। माधुरी दीक्षित ने लिखा है “सुलोचना ताई सिनेमा की सबसे पसंदीदा और ग्रेसफुल एक्ट्रेसेस में से एक थीं। मेरी पसंदीदा फिल्म ‘संगत आइका’ हमेशा रहेगी। हर फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस यादगार रही। मैं हमारी बातचीत को मिस करूंगी, ईश्वर आपको शांति दे। भारतीय सिनेमा में आपके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।”