Site icon NamanBharat

जानिए कितनी संपत्ति के मालिक हैं द ग्रेट खली, कभी खाने को नहीं हुआ करती थी दो वक्त की रोटी

भारत के सबसे बड़े और प्रोफेशनल रैसलर रह चुके “द ग्रेट खली” मौजूदा समय में किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। इन्होंने पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। “द ग्रेट खली” कभी एक आम आदमी की तरह थे परंतु उनके अंदर कुछ कर दिखाने की ललक थी, जिसने उन्हें हम सबसे अलग और खास बना दिया। WWE में पहुंचने वाले पहले भारतीय पहलवान द ग्रेट खली का असली नाम दिलीप सिंह राणा है। उनका जन्म साल 1972 में भारत के हिमाचल प्रदेश राज्य के एक गांव में हुआ था।

बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे द ग्रेट खली

द ग्रेट खली ने साल 2006 में WWE करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने एक रेसलर के रूप में खूब नाम कमाया और आज पूरी दुनिया उनका लोहा मानती है। साल 2006 से खली का WWE के साथ कॉन्ट्रैक्ट शुरू हुआ था। खली का यह कॉन्ट्रैक्ट 6 साल यानी 2012 तक था लेकिन इन 6 साल के WWE करियर में उन्होंने WWE के बड़े से बड़े धुरंधर को मात दे दी थी और भारत का बहुत नाम रोशन किया। उन्होंने जॉन सीना से लेकर अंडरटेकर तक को धूल चटा दी थी।

लेकिन उनके लिए यह सफर तय करना इतना आसान नहीं था। इसके लिए उन्होंने अपने जीवन में कड़ी मेहनत और संघर्ष किया है। एक समय ऐसा था जब खली को ठीक से दो वक्त का खाना तक नहीं मिल पाता था। द ग्रेट खली एक बहुत गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यह बताया था कि उनके परिवार के पास खाने के लिए दो वक्त की रोटी भी नहीं हुआ करती थी।

खली के माता-पिता मजदूरी किया करते थे और उन्हीं से ही घर चलता था। इतना ही नहीं बल्कि आर्थिक तंगी के बीच खली ने स्कूल भी बीच में छोड़ दिया था। घर का गुजारा बहुत मुश्किल से हो पाता था, जिसके चलते वह पैसा कमाने के लिए शहर आ गए। खली ने अपने जीवन में संघर्ष और गरीबी को करीब से देखा है। पहले उनके पास वह सब नहीं था जो आज है।

पुलिस की नौकरी के दौरान किया करते थे पहलवानी की प्रैक्टिस

द ग्रेट खली का शरीर शुरुआत से ही लंबा-चौड़ा और मजबूत रहा है। गांव में उनके बड़े शरीर का फायदा उठाकर उनसे भारी-भरकम काम करवाया जाता था। वहीं शहर में उनके बड़े शरीर का मजाक भी लोग उड़ाया करते थे। द ग्रेट खली को बहुत ही जल्द एक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मिल गई। उसके कुछ समय के बाद उन्हें पुलिस में नौकरी करने का प्रस्ताव मिला था।

पुलिस की नौकरी के दौरान ही उन्होंने पहलवानी की प्रैक्टिस शुरू कर दी थी, जिसके चलते वह साल 2000 में अमेरिका चले गए। वहां जाकर उन्होंने रेसलिंग में अपना करियर शुरू किया। खली ने ऑल प्रो रेसलिंग से अपने रेसलिंग करियर की शुरुआत की थी। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि साल 2001 में खली की मार से एक रेसलर ने अपनी जान गंवा दी थी।

बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड में भी कर चुके हैं काम

शायद ही बहुत कम लोगों को इस बात का पता होगा कि खली ने बॉलीवुड के साथ-साथ हॉलीवुड में भी एक्टर के तौर पर काम किया है। जी हां, खली ने बॉलीवुड की और हॉलीवुड की तीन तीन फिल्मों में काम किया है। रेसलिंग में दमखम दिखाने वाले खली कई टेलीविजन शो में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से खूब पैसा कमाया। मौजूदा समय में खली के पास किसी भी चीज की कमी नहीं है। वह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं।

द ग्रेट खली की कुल संपत्ति

आपको बता दें कि खली के पास शानदार कारें हैं, जिनमें से एक टोयोटा की फॉर्च्यूनर है जिसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जाती है। वहीं दूसरी कार टोयोटा की ही ग्लैंजा है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए है और तीसरी फोर्ड की जीप है जिसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपए बताई जाती है।

द ग्रेट खली ने रियल स्टेट में भी बहुत सारा पैसा निवेश किया है, जहां से उनकी अच्छी खासी कमाई हो जाती है। खली ने एक्टर के तौर पर भी बहुत पैसा कमाया है। साल 2020 के आंकड़ों के अनुसार द ग्रेट खली लगभग 120 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार खली करियर के दौरान हर साल लगभग 15 से 20 करोड़ रुपए कमा लिया करते थे।

 

 

Exit mobile version