दूल्हे “योगी” को ससुर ने दहेज में दिया “बुलडोजर”, चर्चा का विषय बनी उत्तर प्रदेश में हुई अनोखी शादी

अक्सर हम सभी लोग शादी में दहेज लेने और देने की खबरें सुनते रहते हैं। बेटी को दहेज में मोटरसाइकिल और कार देने वाले बहुत से किस्से हम सभी लोगों ने सुने होंगे। शादी में हर कोई दहेज देता है। छोटे परिवार बाइक तक सीमित होते हैं, तो वहीं सामान्य परिवार या उससे ऊपर के परिवारों में शादी में कार या लग्जरी कार तक दे दी जाती है लेकिन उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में दहेज का एक अनोखा मामला सामने आया आया है, जो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इंडियन नेवी में नौकरी करने वाले दमाद को कन्या पक्ष ने शादी के उपहार में बुलडोजर दिया है।

जी हां, आप लोग बिल्कुल सही सुन रहे हैं। हमीरपुर जिले में एक अनोखी शादी हुई है, जिसमें दूल्हा बने “योगी’ को दहेज में बुलडोजर मिला है। दूल्हे को दहेज में मिले बुलडोजर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं। दरअसल, जिले में किसी को दहेज में बुलडोजर देने का यह पहला मामला सामने आया है। दहेज में इस बुलडोजर की लोग खूब चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं। दहेज में बुलडोजर मिलने की चर्चा सोशल मीडिया पर सुर्खियों का विषय बनी हुई है।

दहेज में दिया बुलडोजर

दरअसल, आज हम आपको जिस मामले के बारे में बता रहे हैं यह सुमेरपुर थाना क्षेत्र के देव गांव का है। यहां के रहने वाले स्वामीदीन चक्रवर्ती का बेटा योगेंद्र उर्फ योगी भारतीय नौसेना में कार्यरत है। उनके पिता स्वामीदीन चक्रवर्ती ने योगेंद्र की शादी इसी थाना इलाके के सौखर गांव निवासी पूर्व सैन्यकर्मी परसराम प्रजापति की बेटी नेहा से तय की थी। नेहा सिविल सेवा की तैयारी कर रही है। 15 दिसंबर को नेहा और योगेंद्र की शादी सुमेरपुर कस्बे के ‘शिव लॉन गार्डन’ गेस्ट हाउस में बड़े ही धूमधाम के साथ संपन्न हुई। जब 16 दिसंबर की सुबह विदाई हुई तब दुल्हन के पिता ने दहेज में बुलडोजर देकर सभी को हैरान कर दिया।

बताई बुलडोजर देने की वजह

योगेंद्र योगी और नेहा प्रजापति की इस शादी में उपहार स्वरूप मिले बुलडोजर ने जिले सहित पूरे प्रदेश में खूब सुर्खियां बटोर ली है। जब बेटी बुलडोजर के साथ विदा हुई तो लोग देखते ही रह गए। लड़की के पिता परसराम ने बताया कि बेटी अभी यूपीएससी की तैयारी कर रही है। अगर नौकरी नहीं लगी तो इससे रोजगार मिल सकेगा। लड़की के पिता का कहना है कि बिटिया नेहा को दहेज में कार देते, तो खड़ी रहती लेकिन बुलडोजर करेगा काम और बिटिया को मिलेंगे दाम। वहीं योगी को मिले बुलडोजर की चर्चा लोगों की जुबां पर है।

वहीं योगेंद्र उर्फ योगी का कहना है कि वह नौकरी कर रहे हैं। वह किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। घरवालों ने मर्जी से शादी की है। उन्होंने दहेज लेने से मना कर दिया था, साथ ही किसी भी तरह की मांग नहीं की थी, लेकिन ससुर साहब ने उन्हें बुलडोजर का सरप्राइज दिया है। बता दें जैसे ही शादी में बुलडोजर मिलने की खबर सामने आई, तो आम लोगों में इसकी चर्चा शुरू हो गई। योगी के घर लोग बुलडोजर देखने के लिए पहुंच रहे हैं।

नई परंपरा की शुरुआत

मालूम हो कि सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “बुलडोजर बाबा” भी कहकर बुलाया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब से यूपी की कमान संभाली है, तब से उन्होंने अपराधियों की संपत्ति पर अपने बुलडोजर को चलाना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैलियों में भी अक्सर बुलडोजर नजर आते हैं। अब योगी उपनाम के योगेंद्र चक्रवर्ती को दहेज में बुलडोजर मिलने के बाद तो एक नई परंपरा की शुरुआत हो गई है, जिसे लोग मुख्यमंत्री योगी के बुलडोजर से जोड़कर चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।