सरकारी नौकरी छोड़कर इन बड़े स्टार्स ने बॉलीवुड में रखा था कदम, एक तो थे मुंबई पुलिस में इंस्पेक्टर

बॉलीवुड में अपना करियर बनाने के लिए रोजाना ही बहुत से लोग अपनी किस्मत आज़माते हैं परंतु इंडस्ट्री में जितना मुश्किल आना है उससे कहीं ज्यादा इस इंडस्ट्री में लंबे समय तक टिक पाना है। रोजाना ही लोग अपने मन में सपने संजोए बॉलीवुड में आते हैं परंतु सभी लोगों को कामयाबी नहीं मिल पाती है। ऐसे कुछ लोग भी होते हैं जो अपना सब कुछ दांव पर लगा कर आते हैं, जिनमें से कुछ को सफलता मिल पाती है तो ज्यादातर लोगों के हाथ निराशा लगती है। लाख मेहनत करने के बावजूद भी कुछ खास कामयाबी नहीं मिल पाती है।

आज हम आपको बॉलीवुड के कुछ ऐसे बड़े अभिनेताओं के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिन्होंने इंडस्ट्री में अच्छा खासा नाम कमाया है लेकिन उन्होंने एक्टिंग के लिए अपनी सरकारी नौकरी और उसके सभी ऐशो आराम छोड़ दिए। इतना ही नहीं बल्कि एक मशहूर अभिनेता ने तो मुंबई पुलिस की नौकरी भी छोड़ दी थी। तो चलिए जानते हैं वह कौन से अभिनेता है जिन्होंने अपनी सरकारी नौकरी और सभी आराम को छोड़ते हुए कड़ी मेहनत से बॉलीवुड इंडस्ट्री में नाम कमाया है।

देव आनंद

बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता देव आनंद को भला कौन नहीं जानता। यह किसी के परिचय के मोहताज नहीं हैं। देव आनंद की दीवानगी एक समय पहले हर तरफ फैली हुई थी। उनका अंदाज और स्टाइल का हर कोई दीवाना था परंतु शायद ही बहुत कम लोगों को इस बात का पता होगा कि देव आनंद साहब फिल्मों में आने से पहले सरकारी नौकरी किया करते थे। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने सेना की नौकरी छोड़कर फिल्मी दुनिया में अपना कदम रखा था। वह फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने के लिए मायानगरी मुंबई पहुंचे। उनकी जेब में सिर्फ ₹30 थे और उनके पास कहीं रहने का ठिकाना भी नहीं था। उन्होंने रेलवे स्टेशन के पास भी एक सस्ते से होटल में कमरा किराए पर ले लिया था। मुंबई जैसे शहर में बिना पैसे कुछ नहीं हो सकता था इसलिए उन्होंने नौकरी करने का मन बना लिया। कई बार कोशिश करने के बाद उन्हें मिलिट्री सेंसर ऑफिस में क्लर्क की नौकरी मिल गई। जहां उन्हें 165 महीना सैलरी मिलती थी।

राज कुमार

राज कुमार अपनी दमदार आवाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग से लाखों लोगों के दिलों पर राज किया है। आपको बता दें कि राज कुमार का असली नाम कुलभूषण पंडित था और उनको प्यार से करीबी लोग “जानी” के नाम से पुकारते थे। अभिनेता राज कुमार 1940 में मुंबई आए थे और उन्होंने मुंबई पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी ज्वाइन कर ली थी। उसके बाद 1952 में पुलिस की नौकरी छोड़ कर फिल्मों में कदम रखा था।

जॉनी वॉकर

अभिनेता जॉनी वॉकर को शायद ही कोई भूल सकता है। उन्होंने अपने कॉमिक अंदाज और एक्टिंग से दर्शकों को खूब हंसाया था। आपको बता दें कि उनके पिता मजदूरी किया करते थे परंतु फैक्ट्री के बंद होने के बाद जॉनी वॉकर अपने परिवार के साथ मुंबई आ गए थे। मुंबई में उन्हें बस कंडक्टर की नौकरी मिली। एक बार यात्रा के दौरान बलराज साहनी की नजर जॉनी वॉकर पर पड़ी और उन्होंने निर्देशक गुरुदत्त को जॉनी वॉकर के बारे में बताया। गुरुदत्त के सामने जॉनी वॉकर ने शराबी की एक्टिंग की थी। जो गुरुदत्त को काफी पसंद आई। उसके बाद उनकी गाड़ी वहीं से निकल पड़ी।

अमरीश पुरी

बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता अमरीश पुरी ने ज्यादातर फिल्मों में विलेन का किरदार निभाया है लेकिन इसके बावजूद भी उन्होंने अपनी एक्टिंग से लाखों लोगों के दिलों को जीत लिया। आपको बता दें कि बॉलीवुड इंडस्ट्री में आने से पहले अमरीश पुरी बीमा निगम में बतौर क्लर्क काम करते थे। लगभग 21 साल तक सरकारी नौकरी की और उसके बाद उन्हें फिल्मों में आने का मौका मिला। अमरीश पुरी की पहली फिल्म “रेशमा और शेरा” थी, जो 1971 में आई थी। इस फिल्म के अंदर उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद अमरीश पुरी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शिवाजी सातम

टीवी का मशहूर शो सीआईडी से शिवाजी सातम ने अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है। यह कई फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। आपको बता दें कि शिवाजी सातम कभी बैंक में कैशियर हुआ करते थे। शिवाजी सातम सरकारी बैंक में नौकरी किया करते थे परंतु फिल्मों में करियर बनाने के लिए उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी छोड़ दी थी।