राजा-महाराजा बनकर बड़े पर्दे पर बॉलीवुड के इन अभिनेताओं ने खूब बटोरी वाहवाही ! एक का ट्रांसफॉर्मेशन देखकर फैंस भी रह गए थे दंग

आज हम भले ही 21वीं सदी में जी रहे हैं लेकिन इतिहास का युग आपको कहीं न कहीं से पढ़ने को जरूर ही मिल जाएगा। इतिहास के राजा-महाराजाओं की कहानियों का जिक्र आप अक्सर अपने बड़े बुजुर्गों के मुंह से सुनते आए होंगे। क्योंकि महाराजाओं की जिंदगी के बारे में जानने की हर किसी के मन में एक खास उत्सुकता देखी जाती रही है। यही वजह है कि इतिहास के पन्नों को दोहराते हुए फिल्म जगत में कई फिल्में बनाई गईं। जिनमें बॉलीवुड के एक्टर्स ने महाराजाओं का किरदार निभाकर पर्दे पर खूब वाहवाही बटोरी। तो चलिए आपको कुछ ऐसे ही एक्टर्स का नाम बताते हैं जिन्होंने पर्दे पर महाराजाओं का किरदार निभाया।

जोधा अकबर-

साल 2008 में पर्दे पर रिलीज हुई फिल्म जोधा अकबर को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में बादशाह अकबर का किरदार रितिक रोशन ने निभाया था जबकि जोधाबाई के किरदार में ऐश्वर्या राय बच्चन ने निभाया। दोनों ने ही अपने किरदार के जरिए दर्शकों का दिल जीत लिया। हालांकि  फिल्म को काफी समय तक विवादों को झेलना पड़ा था लेकिन पर्दे पर रिलीज के बाद फिल्म की काफी सराहना की गई थी।

मुगल-ए-आज़म

अगर बात करें हिंदी फिल्म जगत की मशहूर फिल्म मुगल-ए-आज़म की तो सिनेमा की जानी मानी शख्सियत पृथ्वीराज कपूर, दिलीप कुमार और मधुबाला की कई हिट फिल्मों में शुमार मुगल-ए-आज़म हर किसी ने एक बार तो जरूर देखी होगी। इस फिल्म में अकबर का रोल निभाने वाले पृथ्वीराज कपूर ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। जबकि दिलीप कुमार ने सलीम का रोल निभाया था। भले ही फिल्म को बनने में 14 साल लगे हों लेकिन जब ये फिल्म पर्दे पर रिलीज़ हुई तो सुपरहिट साबित हुई।

बाजीराव मस्तानी-

वहीं अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म बाजीराव मस्तानी की बात करें तो साल 2015 में रिलीज हुई इस फिल्म में रणवीर सिंह ने पेशवा बाजीराव का किरदार निभाया था। जबकि फिल्म में रणवीर के ऑपोजिट दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा भी नजर आई थी। बता दें कि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जहां बंपर कमाई की वहीं रणवीर सिंह को दर्शकों ने खूब पसंद भी किया।

अशोका-

साल 2001 में शाहरुख खान और करीना कपूर खान की फिल्म अशोका की बात करें तो इस फिल्म ने भी पर्दे पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म में शाहरुख खान का बेहद ही अलग अंदाज देखने को मिला था जिसे दर्शकों ने खूब सराहा था। फिल्म में शाहरुख शासक अशोक के रोल में नज़र आए थे।

पद्मावत

बॉलीवुड में चॉकलेटी बॉय की इमेज से अपने फैंस का दिल जीतने वाले शाहिद कपूर की बात करें तो शाहिद कपूर ने पिछले कुछ सालों में कई अलग-अलग किरदारों में फिल्में की जिसमें से एक फिल्म पद्मावत भी शामिल है। 2018 में रिलीज हुई फिल्म में शाहिद कपूर महाराजा रावल रतन सिंह के किरदार में दिखाई दिए। काफी विवादों के बाद फिल्म पर्दे पर सुपरहिट साबित हुई।

अक्षय कुमार-

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार बहुत जल्द फिल्म पृथ्वीराज में पृथ्वीराज चौहान के किरदार में दिखाई देंगे। बता दें कि तराइन युद्ध इतिहास का काफी निर्णायक युद्ध माना जाता है। जिसमें पृथ्वीराज चौहान की जीत हुई थी। इसी युद्ध पर बनी फिल्म को पर्दे पर दिखाया जाएगा। वहीं फिल्म में अक्षय के साथ मानुषी छिल्लर नजर आएंगी।