महिला सिपाही ने रिवॉल्वर लेकर बनाया था वीडियो, अब ट्रोलर्स से परेशान होकर बोली-‘प्लीज ट्रोल न करें, जॉब छोड़ दूंगी’

उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही प्रियंका मिश्रा ने हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। जिसके कारण उन्हें ट्रोल किया जाने लगा। साथ में ही महकमे ने कार्रवाई के लिए टीम का गठन भी किया। वहीं इन सब चीजों से परेशान होकर प्रियंका मिश्रा ने ऐसा कदम उठाया है। जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की होगी।

क्या था वीडियो में

प्रियंका मिश्रा ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। जिसमें,  हरियाणा, पंजाब तो बेकार ही बदनाम हैं। आओ कभी उत्तर प्रदेश, रंगबाजी क्या होती है, हम तुम्हें बताते हैं, न गुंडई पर गाना बनाते हैं न गाड़ी पर जाट गुर्जर लिखाते हैं, हमारे यहां पांच-पांच साल के लौंडे कट्टा चलाते हैं…। बैक ग्राउंड में ये म्यूजिक चल रहा था और प्रियंका के हाथ में रिवॉल्वर थी। आगरा पुलिस की सिपाही प्रियंका मिश्रा का बनाया ये वीडियो इंटरनेट मीडिया पर एकदम से वायरल हो गया। महकमे तक ये बात पहुंच गई। जिसके बाद कार्रवाई की गई।

इसी बीच इंस्टाग्राम एकाउंट पर टोलर्स इन्हें परेशान करने लगे और इसके चलते उन्होंने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि एसएसपी मुनिराज जी. ने इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं किया है। उनका कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। सिपाही और उनके परिजनों से बात की जाएगी।

एकदम से बढ़ गए फॉलोअर्स

प्रियंका ने ये वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। हालांकि कुछ समय बाद प्रियंका को अपनी गलती समझ आ गई और उन्होंने वीडियो को बाद ही हटा दिया। लेकिन इससे पहले ही ये वीडियो वायरल हो चुका था। इसके बाद इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स एकदम से बढ़ गए। पहले प्रियंका को 3,700 लोग फ्लो किया करते थे। वहीं ये वीडियो पोस्ट करने के बाद उनकी संख्या 15,400 हो गई। फॉलोअर्स बढ़ते ही कई तरह के कमेंट प्रियंका को मिलने लगे। कुछ कमेंट उनको परेशान करने वाले थे। बताया गया कि इससे वो तनाव में आ गईं और परेशान होकर इस्तीफा सौंप दिया।

प्रियंका ने इस्तीफे से पहले अपना एक ओर वीडियो इंस्टाग्राम पर डाला। इसमें ये कह रही कि राधे राधे, मैं प्रियंका मिश्रा। सबको पता है कि मेरा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसकी वजह से मैं बहुत ज्यादा परेशान हूं। अब तो लोग यू ट्यूब और इंस्टाग्राम पर वीडियो अपने एकाउंट में मेरा वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। बहुत ज्यादा ट्रोल कर रहे हैं। प्लीज न करें। मैं बहुत ज्यादा परेशान हूं और न परेशान करें।

प्रियंका ने आगे कहा कि सब कह रहे हैं मैंने बहुत ज्यादा अभद्रता की है। अपराध कर दिया। इतना बड़ा क्राइम कर दिया मैंने। जॉब से निकाल देना चाहिए। वर्दी उतरवा लेनी चाहिए। अगर, सच में ऐसा लगता है तो मैं अपनी मर्जी से जॉब छोड़ने के लिए तैयार हूं। मैं कोशिश कर रही हूं, मैं जॉब छोड़ दूंगी। जिन लोगों को मुझसे प्रॉब्लम है, मैं जॉब छोड़ दूंगी। मगर, ट्रोल न करें, प्लीज।

एसएसपी मुनिराज जी. ने पूरे मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि महिला सिपाही प्रियंका मिश्रा ने इस्तीफे का प्रार्थनापत्र दिया है। इसमें इंटरनेट मीडिया पर कमेंट से परेशान होने की बात कही है। इसकी जांच कराई जा रही है। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला सिपाही और उसके परिजनों से बात करेंगे। इसके बाद ही इस्तीफे को स्वीकार करने पर विचार किया जाएगा।