आज वरुथिनी एकादशी पर करें यह चार काम, होगी धन की प्राप्ति, कर्ज़ों से मिलेगी मुक्ति

7 मई 2021 दिन शुक्रवार को वरुथिनी एकादशी का व्रत है, एकादशी तिथि भगवान विष्णु जी को समर्पित होती है। आपको बता दें कि वैशाख मास कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को वरुथिनी एकादशी के नाम से जानते हैं। यह तिथि भगवान विष्णु जी को अत्यंत प्रिय है। इस दिन एकादशी का व्रत किया जाता है। शास्त्रों में इस बात का उल्लेख किया गया है कि जो व्यक्ति वरुथिनी एकादशी का व्रत नियमों का पालन करते हुए और विधि-विधान पूर्वक करता है उसे वैकुंठ लोक की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही अगर एकादशी तिथि पर कुछ विशेष उपाय किए जाए तो इससे भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। इन उपायों को करने से जीवन से धन से जुड़ी हुई परेशानियां दूर हो जाती हैं। व्यक्ति को धन, सुख-शांति, कर्ज मुक्ति जैसे अन्य प्रकार के लाभ मिलते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से एकादशी पर किए जाने वाले ऐसे कुछ उपाय बताने जा रहे हैं, जिनको करने से आपके जीवन की कई परेशानियां दूर हो सकती हैं।

भगवान विष्णु जी की पूजा करें

आप एकादशी के दिन सुबह के समय भगवान विष्णु जी की पूजा जरूर कीजिए। उसके पश्चात रात के समय भगवान विष्णु जी की प्रतिमा के समक्ष 9 बत्तियों का दीपक जलाना ना भूलें। इसके अलावा आपको एक दीपक और जलाना होगा परंतु आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आखिर में जो आप एक दीपक जलाएंगे वह रात भर जलना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से भगवान विष्णु जी के साथ-साथ धन की देवी माता लक्ष्मी जी भी प्रसन्न होती है और यह अपनी कृपा बरसाते हैं। इस उपाय को करने से व्यक्ति को धन प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है।

इस मंत्र का जाप करें

आप एकादशी के दिन सुबह उठकर स्नान आदि से निवृत होने के बाद आप भगवान विष्णु जी की पूजा कीजिए। इसके बाद आपको तुलसी की माला से “ओम नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का कम से कम एक माला या फिर से अधिक बार जाप करना होगा। इस उपाय को करने से जगत के पालनहार भगवान विष्णु जी की कृपा आपके ऊपर बनी रहेगी और घर में सुख-समृद्धि आती है।

तुलसी के पास जलाएं दीपक

आप एकादशी के दिन शाम के समय तुलसी के पौधे के पास गाय के शुद्ध घी का दीपक जरूर जलाएं और तुलसी माता की पूजा कीजिए। इसके बाद आपको तुलसी की 11 बार परिक्रमा करनी होगी। आप जब तुलसी की परिक्रमा कर रहें हो तो उस दौरान “ॐ वासुदेवाय नमः” मंत्र का उच्चारण करते रहिए। इस उपाय को करने से परिवार में समृद्धि बनी रहती है। परिवार के सभी सदस्यों में आपसी प्रेम की भावना बढ़ती है और घर का वातावरण शांत और सकारात्मक होता है।

कर्ज से छुटकारा पाने के लिए

अगर आप कर्ज से परेशान हो चुके हैं। लाख कोशिश करने के बावजूद भी आप अपना कर्ज नहीं चुका पा रहे हैं तो ऐसे में आप एक लोटा जल लीजिए और उसमें थोड़ी चीनी मिलाकर उसको पीपल के पेड़ पर अर्पित कर दीजिए और शाम के समय पीपल की जड़ में घी का दीपक जलाएं। आपको बता दें कि पीपल में भगवान विष्णु जी का वास होता है। अगर आप इस उपाय को करेंगे तो विष्णु जी की कृपा से घर में धन का संचय होना शुरू हो जाएगा और कर्ज से छुटकारा मिलेगा। इतना ही नहीं बल्कि कामकाज में सफलता भी मिलती है।