घर में कर लें सिर्फ ये 4 बदलाव, साथ देने लगेगी आपकी किस्मत, मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा

मनुष्य के जीवन की परिस्थितियां हमेशा एक समान नहीं रहती है। कभी जीवन में खुशियां आती हैं तो कभी परेशानियां उत्पन्न होती हैं। आपको बता दें कि जीवन में जो भी परेशानियां उत्पन्न होती हैं, उसका संबंध हमारे आसपास के वातावरण से भी होता है। जी हां, वास्तु शास्त्र के अनुसार दो प्रकार की ऊर्जा होती है सकारात्मक ऊर्जा और नकारात्मक ऊर्जा। यह दोनों ही उर्जा घर और आसपास के वातावरण एवं प्रत्येक वस्तु से निकलती है, जो मनुष्य के जीवन को प्रभावित करती है।

अगर हमारे घर और आसपास नकारात्मक ऊर्जा का संचार है तो इसके कारण जीवन में बहुत सी परेशानियां उत्पन्न होती हैं। किसी न किसी बात को लेकर चिंता और समस्या आती रहती है परंतु अगर सकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव है तो इसकी वजह से मनुष्य अपने जीवन में लगातार तरक्की हासिल करता है। इतना ही नहीं बल्कि घर के अंदर सुख-समृद्धि आती है।

वास्तु शास्त्र में नकारात्मक ऊर्जा को दूर करके सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने के संदर्भ में बहुत ही महत्वपूर्ण बातों के बारे में बताया गया है। अगर आपके जीवन की समस्याएं भी पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही है तो ऐसी स्थिति में आप वास्तु शास्त्र के अनुसार अपने घर में कुछ बदलाव करें, इससे समस्याओं से मुक्ति मिल सकती है। तो चलिए जानते हैं आखिर घर में कौन से बदलाव करके हम अपने जीवन की समस्याओं से छुटकारा प्राप्त कर सकते हैं।

वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में करें ये चार बदलाव

1. सबसे पहले आपको अपने घर के मंदिर की सही दिशा का पता होना जरूरी है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर का मंदिर सही दिशा में होना चाहिए। अगर घर का मंदिर घर के ईशान कोण में है तो यह बहुत ही उपयुक्त स्थान माना जाता है। आप ईशान कोण में मंदिर हमेशा थोड़ी ऊंचाई पर बनाएं, जिससे जब आप भगवान की पूजा आराधना कर रहे हों तब भगवान और आपका हृदय का स्थान एक समय ऊंचाई पर रहे। आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि ईशान कोण में कभी भी भारी समान या फिर निर्माण ना कराएं।

2. वास्तु शास्त्र के अनुसार तुलसी का पौधा हमेशा घर के ब्रह्म स्थान आंगन में लगाना चाहिए। अगर यह स्थान नहीं है तो आप घर के पूर्वोत्तर या फिर उत्तर दिशा में तुलसी का पौधा लगा सकते हैं। यह दिशा भी शुभ मानी गई है। इस दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से घर में धन का आगमन बना रहता है और माता लक्ष्मी जी की कृपा दृष्टि घर-परिवार के लोगों के ऊपर बरसती है। आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि जिस स्थान पर आपने तुलसी का पौधा लगाया है वहां की साफ-सफाई रखें।

3 . वास्तु शास्त्र के अनुसार घड़ी लगाने की दिशा के बारे में भी महत्वपूर्ण बातें बताई गई हैं। आपको बता दें कि घड़ी को तरक्की का प्रतीक माना जाता है। अगर आप अपने घर के अंदर घड़ी गलत दिशा में लगाते हैं तो इसके कारण तरक्की के मार्ग में बाधाएं उत्पन्न होने लगती हैं, इसलिए घड़ी की दिशा का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी है। वास्तु शास्त्र के अनुसार पूर्व या उत्तर दिशा घड़ी लगाने के लिए उत्तम मानी गई है। इसके अलावा अगर घर के अंदर कोई खराब, रुकी या टूटी-फूटी घड़ी है तो उसको घर से बाहर निकाल दें।

4. वास्तु शास्त्र के अनुसार, यदि घर के अंदर नकारात्मक ऊर्जा का संचार है तो इसकी वजह से घर परिवार के लोगों के बीच किसी ना किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगती है। इतना ही नहीं बल्कि कार्य क्षेत्र में भी समस्याओं का सामना करना पड़ता है और धन हानि भी होती है। घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए घर में पोंछा लगाते समय पानी में समुद्री नमक डाल लें। इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है।