28 सितंबर को सुख-वैभव देने वाले शुक्र का होगा राशि परिवर्तन, जानिए 12 राशियों पर इसका प्रभाव

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार शुक्र ग्रह को शुभ ग्रह का दर्जा दिया गया है। शुक्र को सुख और वैभव देने वाला ग्रह माना जाता है। अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में शुक्र ग्रह शुभ है तो इसकी वजह से व्यक्ति का जीवन शानदार व्यतीत होता है परंतु शुक्र की खराब स्थिति व्यक्ति को रोगी बना देता है और जीवन में बहुत सी परेशानियां उत्पन्न होने लगती हैं। दांपत्य जीवन में कठिनाई आती है। आपको बता दें कि शुक्र ग्रह 28 सितंबर 2020 की रात्रि कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में प्रवेश करने वाले हैं। शुक्र ग्रह सिंह राशि में 23 अक्टूबर तक रहेगा। शुक्र ग्रह का यह परिवर्तन आपकी राशियों पर कैसा असर डालेगा? चलिए जानते हैं इसके बारे में।

मेष राशि (Aries, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, आ)

मेष राशि वाले जातकों के लिए शुक्र ग्रह का गोचर मिला-जुला फल देने वाला है। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों का समय अनुकूल रहेगा। दांपत्य जीवन में थोड़ी बहुत परेशानियां उत्पन्न हो सकती हैं। संतान से संबंधित चिंता आपको काफी परेशान करेगी। आप अपनी सेहत को लेकर काफी चिंताशील रहने वाले हैं।

वृषभ राशि (Taurus, ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

वृषभ राशि वाले लोगों की सेहत के ऊपर शुक्र ग्रह का गोचर प्रभाव डालने वाला है। आपकी सेहत कमजोर रहेगी। माता-पिता की सेहत भी खराब हो सकती है। आप अपने सभी जरूरी कार्य समय पर पूरे कीजिए। मकान और वाहन खरीदने की योजना बना सकते हैं। इस राशि के लोग किसी भी अनजान व्यक्ति पर जरूरत से ज्यादा भरोसा ना करें। किसी भी यात्रा पर जाने के दौरान आप सावधानी बरतें क्योंकि सामान चोरी होने की संभावना बन रही है। आपको किस्मत से ज्यादा अपनी मेहनत पर भरोसा करना होगा।

मिथुन राशि (Gemini, का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह)

मिथुन राशि वाले जातकों के लिए शुक्र का राशि परिवर्तन अति उत्तम रहेगा। आपके साहस और पराक्रम में बढ़ोतरी होगी। आप जिस काम में हाथ डालेंगे, उसको आप पूरा करेंगे। आपके द्वारा लिए गए फैसले बेहतर साबित होंगे। आप आत्मविश्वास से भरपूर रहेंगे। भाइयों के सहयोग से आपको अच्छा लाभ मिल सकता है। नौकरी के क्षेत्र में आप अपने बेहतरीन कामकाज से बड़े अधिकारियों को प्रभावित करेंगे। समाज में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। शादीशुदा जिंदगी अच्छी रहने वाली है।

कर्क राशि (Cancer, ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

कर्क राशि वाले लोगों के लिए शुक्र का राशि परिवर्तन शुभ रहेगा। आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। अचानक धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। उधार दिया गया पैसा वापस मिल सकता है। सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। मकान-वाहन की खरीदारी कर सकते हैं। नौकरी के क्षेत्र में आपका रुतबा बढ़ेगा। आप कोई नया व्यापार आरंभ करेंगे, जिसका आपको अच्छा फायदा मिलने वाला है। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। स्वास्थ्य के लिहाज से यह परिवर्तन अच्छा रहेगा।

सिंह राशि (Leo, मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

सिंह राशि वाले जातकों को शुक्र का राशि परिवर्तन अप्रत्याशित रूप से परिणाम देगा। आपके मन में किसी बात को लेकर चिंता बनी रहेगी। मांगलिक कार्यों में भाग ले सकते हैं। विवाह संबंधित कार्य सफल रहेंगे परंतु दांपत्य जीवन में खटास उत्पन्न होने की संभावना बन रही है। आपको अपने जीवनसाथी की भावनाओं को समझने की आवश्यकता है। शासन सत्ता का पूरा सहयोग मिलेगा। प्रतिष्ठित लोगों से जान-पहचान बढ़ सकती है।

कन्या राशि (Virgo, ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कन्या राशि वाले जातकों के लिए शुक्र ग्रह का राशि परिवर्तन कठिन रहेगा। मनोरंजन के कार्यो में अधिक धन खर्च होने की संभावना बन रही है। लेन-देन के मामलों में आपको सावधानी बरतने की आवश्यकता है अन्यथा धन हानि होने की संभावना है। कोर्ट कचहरी के मामलों से दूर रहें। आपको अपने गुस्से और वाणी पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता है। भाई-बहनों के साथ किसी बात को लेकर मतभेद होने की संभावना बन रही है।

तुला राशि (Libra, रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

तुला राशि वाले जातकों के लिए शुक्र का राशि परिवर्तन लाभदायक सिद्ध होगा। आपके रुके हुए कामकाज पूरे होंगे। मानसिक परेशानियां दूर होंगी। आप महत्वपूर्ण मामलों में निर्णय लेने में सक्षम हो सकते हैं। आपके अंदर नई ऊर्जा का संचार रहेगा। स्वास्थ्य के लिहाज से समय मजबूत रहने वाला है। कोर्ट कचहरी के मामले सुलझ सकते हैं। आपकी इनकम अच्छी रहेगी।

वृश्चिक राशि (Scorpio, तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

वृश्चिक राशि वाले जातकों के लिए शुक्र का राशि परिवर्तन लाभदायक रहेगा। पैतृक संपत्ति से लाभ मिलने की संभावना है। नौकरी के क्षेत्र में आपको पदोन्नति के साथ-साथ मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। प्रेम जीवन में आपको सफलता मिल सकती है। आपके द्वारा किए गए प्रयास सफल रहेंगे। आप अपने विरोधियों को परास्त करेंगे। परिवार में कोई मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन हो सकता है। ईश्वर की भक्ति में आपका अधिक मन लगेगा।

धनु राशि (Sagittarius, ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे)

धनु राशि वाले जातकों के लिए शुक्र का राशि परिवर्तन धर्म-कर्म में रुचि बढ़ा सकता है। विदेश जाने के इच्छुक लोगों को विदेश जाने का अवसर प्राप्त होगा। नए-नए लोगों से मुलाकात हो सकती है। आपके पराक्रम में बढ़ोतरी होगी। आपके फैसलों की सराहना हो सकती है। विषम परिस्थितियों का आप डटकर सामना करेंगे। नया व्यापार भी आरंभ करने की योजना बना सकते हैं।

मकर राशि (Capricorn, भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी)

मकर राशि वाले जातकों के लिए शुक्र ग्रह का परिवर्तन मिलाजुला साबित होगा। आप अपनी सेहत पर थोड़ा ध्यान दीजिए। सामाजिक क्षेत्र में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। कार्यक्षेत्र में शत्रु पक्ष आपके खिलाफ षड्यंत्र रच सकते हैं, इसलिए आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। आर्थिक मामलों में आपको उन्नति मिलेगी। काफी दिनों से रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। विद्यार्थी वर्ग के लोगों को किसी प्रतियोगी परीक्षा में अच्छा नतीजा हासिल होगा।

कुंभ राशि (Aquarius, गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

कुंभ राशि वाले जातकों को शुक्र का यह राशि परिवर्तन व्यापार में जबरदस्त फायदा दिला सकता है। यदि आप साझेदारी में कोई काम शुरु करते हैं तो इसमें आपको अच्छा लाभ मिलेगा। सरकारी क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों को शुभ फल की प्राप्ति होगी। व्यापार में विस्तार होने की संभावना बन रही है। ससुराल पक्ष से आपके रिश्ते अच्छे रहेंगे। प्रेम संबंधित मामलों में आपसी विश्वास बढ़ेगा। इस राशि वाले लोगों का प्रेम विवाह हो सकता है।

मीन राशि (Pisces, दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

मीन राशि वाले जातकों को शुक्र का राशि परिवर्तन सामान्य फल प्रदान करने वाला है। पैसों का उधार लेन-देन मत कीजिए। स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां बढ़ सकती हैं। शत्रु आपके ऊपर हावी होने की कोशिश करेंगे। कोर्ट कचहरी के मामलों में फायदा मिल सकता है। इस राशि के लोग किसी भी लंबी दूरी की यात्रा ना करें। जो लोग काफी लंबे समय से नौकरी की तलाश कर रहे थे उनको थोड़ी मेहनत और करनी पड़ेगी।