विनोद मेहरा की पत्नी किरण ने पति और रेखा के रिश्ते की बताई सच्चाई, बोलीं- उनकी जिंदगी में रेखा आखिरी वक्त तक…

70 के दशक के मशहूर अभिनेता विनोद मेहरा ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में दी थीं। वह फिल्मों में अपने बेमिसाल एक्टिंग से फैंस का दिल जीतने में कामयाब रहे थे। भले ही बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता विनोद मेहरा अब हमारे बीच में नहीं रहे परंतु यह हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेंगे। जब अचानक ही अभिनेता के निधन की खबर सामने आई तो हर कोई आश्चर्यचकित हो गया था।

बता दें कि विनोद मेहरा का निधन 30 अक्टूबर 1990 में हुआ था। महज 45 साल की उम्र में यह दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए छोड़ कर चले गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, विनोद मेहरा का निधन कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ था। विनोद मेहरा अपने समय के मशहूर अभिनेता हुआ करते थे। यह अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं। विनोद मेहरा का नाम इंडस्ट्री की कई अभिनेत्रियों के साथ जुड़ा था। उन्हीं अभिनेत्रियों में से एक नाम रेखा का भी था।

विनोद मेहरा की पत्नी किरण का एक लेटेस्ट इंटरव्यू चर्चा का विषय बना हुआ है। किरण ने अपने इंटरव्यू में अपनी प्रेम कहानी, विनोद मेहरा के अफेयर्स और रेखा के बारे में बात की है। किरण ने यह बताया कि विनोद मेहरा के निधन के पश्चात ऋषि कपूर लूंगी-कुर्ते में ही उनके घर पहुंच गए थे और उन्हें इस बात का बेहद अफसोस है कि ऋषि के अंतिम संस्कार में वह नहीं पहुंच पाईं।

किरण विनोद मेहरा के दो बच्चों की मां हैं। इंटरव्यू के दौरान बात करते हुए किरण ने विनोद मेहरा से शादी, उनके अफेयर्स, रेखा से लेकर जिंदगी के कई राज खोले।

आपको बता दें कि अभिनेता विनोद मेहरा और किरण साल 1988 में विवाह के बंधन में बंधे थे परंतु शादी के 2 साल बाद ही विनोद मेहरा इस दुनिया को अलविदा कह कर चले गए। इंटरव्यू के दौरान किरण ने बताया कि उन्होंने उनके साथ बहुत ही अच्छा वक्त व्यतीत किया था।

किरण का ऐसा बताना है कि “उन्हें गए करीब 3 दशक हो गए लेकिन उनसे अच्छा इंसान मुझे आज तक नहीं मिला। मैं मूर्ख, पागल जैसे शब्द बोल भी दे देती पर वह मुझे ऐसी भाषा बोलने के लिए मना किया करते थे।”

किरण ने अपनी शादी के बारे में भी इंटरव्यू में बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। किरण का ऐसा बताना है कि वह विनोद मेहरा से कॉमन फ्रेंड के माध्यम से मिली थीं। 2 दिन बाद विनोद मेहरा ने उनको लंच पर बुलाया। उन्होंने बताया वह लंदन तक मेरे पीछे आए और हमें प्यार हो गया।

किरण ने आगे बताया कि हम सिर्फ फोन पर बातचीत किया करते थे, या फिर एक दूसरे को चिट्टियां लिखा करते थे। उन्होंने बताया कि वह कुछ दिन के बाद फिर से भारत आ गईं और उनके पिताजी केन्या में सेटल हो गए थे और वह उन्हें वापस ले जाने के लिए आए थे।

इंटरव्यू के दौरान किरण ने विनोद मेहरा के अफेयर्स के बारे में भी बताया। आपको बता दें कि विनोद मेहरा पहले ही बिंदिया गोस्वामी से विवाह कर चुके थे। अभिनेता का नाम रेखा और मीना ब्रोका से भी जोड़ा गया था। किरण ने इंटरव्यू के दौरान यह बताया कि विनोद ने उन्हें सबके बारे में पहले ही बता दिया था। उनका कहना है कि मैंने उससे ज्यादा कुछ नहीं पूछा। मैंने उनकी निजता का सम्मान किया।

इंटरव्यू के दौरान बातचीत करते हुए किरण ने रेखा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “अगर आखिर तक कोई इंसान उनके टच में रहा तो वह रेखा थीं। वह परिवार के सदस्य की तरह थीं और मैं आज भी दोस्त के रुप में उनसे सलाह लेती हूं।” किरण ने रेखा को बहुत अच्छी, प्यारी और माफ करने वाली इंसान बताया। उन्होंने बताया कि रेखा हमारी शादी में भी आई थीं और वह आज भी उनसे मिलती हैं तो बहुत कसकर हग करती हैं। किरण ने कहा कि मैं उनसे अपनी तुलना नहीं करना चाहती पर उन्होंने खुद को और रेखा को काफी हद तक एक जैसा ही बताया है।

कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार ऐसा बताया जाता है कि विनोद मेहरा और रेखा ने शादी भी कर ली थी। रेखा की बायोग्राफी द अनटोल्ड स्टोरी में यासिर उस्मान ने इस विषय में जिक्र भी किया है। उन्होंने लिखा है कि विनोद मेहरा रेखा से कोलकाता में शादी करके उन्हें अपने घर बॉम्बे लेकर आए थे। जब विनोद मेहरा रेखा को घर लेकर आए तो उनकी मां इस शादी से बहुत ज्यादा नाराज हो गई थीं।

जब रेखा ने विनोद मेहरा की मां के पैर छूने की कोशिश की तो उनको धक्का मारा। इतना ही नहीं बल्कि गालियां भी देने लगी थीं। किताब में यह लिखा गया है कि रेखा को पीटने के लिए विनोद मेहरा की मां ने चप्पल तक उठा ली थी लेकिन बाद में रेखा और विनोद मेहरा एक-दूजे से अलग हो गए। रेखा से अलग होने के बाद विनोद मेहरा को किरण से प्यार हो गया था।