आगरा में कुदरत का करिश्मा, महिला ने एक साथ दिया 4 बच्चों को जन्म, 7 बच्चों का पिता बना ऑटो ड्राइवर

माता-पिता बनने का सुख दुनिया का सबसे खूबसूरत एहसास होता है। शादी के बाद हर शादीशुदा जोड़ा यही चाहता है कि उसको जल्द से जल्द संतान सुख की प्राप्ति हो परंतु कई मामले अक्सर हमें सुनने को मिलते रहते हैं, जिनमें शादीशुदा जोड़ा जीवन भर संतान सुख के लिए तड़पता रहता है परंतु उसकी कोई भी संतान नहीं हो पाती है। वहीं कुछ शादीशुदा जोड़ा ऐसा भी होता है जो बहुत ही जल्द माता-पिता बन जाते हैं।

जब किसी दंपति की कोई संतान नहीं होती है तो उनके दुख का अंदाजा कोई भी नहीं लगा सकता। मां तो बच्चे की लालसा में तड़पती रहती है, लेकिन कहते हैं कि भगवान के घर में देर है अंधेर नहीं और जब भी वह देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के आगरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पर ऑटो ड्राइवर की पत्नी ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है।

जी हां, आप इसे कुदरत का करिश्मा ही कहिए कि आगरा के रामबाग की रहने वाली एक महिला ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया है। महिला ने तीन लड़कियों और एक लड़के को जन्म दिया है। सोशल मीडिया पर यह खबर आते ही वायरल हो गई है। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। सबसे खास बात यह है कि जच्चा और बच्चे सभी स्वस्थ हैं, अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

महिला ने दिया 4 बच्चों को एक साथ जन्म

आपको बता दें कि एत्माद्दौला के प्रकाश नगर मोहल्ले में रहने वाले मनोज कुमार की पत्नी खुशबू की तबीयत सोमवार को अचानक खराब हो गई थी। मनोज कुमार ने अपनी पत्नी को ट्रांस यमुना इलाके के जय अंबे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर जांच के बाद पता चला कि महिला गर्भवती है। अल्ट्रासाउंड में दो जुड़वा बच्चों के बारे में पता चला। डॉक्टरों ने पैनल बनाकर खुशबू का ऑपरेशन किया। इस पैनल में डॉक्टर प्रियंका सिंह, डॉक्टर नीलम और डॉक्टर सूर्य देव थे।

अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट के बाद यह माना जा रहा था कि महिला के पेट में जुड़वा बच्चे होंगे, लेकिन ऑपरेशन के बाद महिला ने 4 बच्चों को जन्म दिया, जिनमें तीन लड़कियां और एक लड़का है। हालांकि, यह डिलीवरी आसान नहीं थी लेकिन डॉक्टरों की मेहनत से जच्चा और बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित हैं। बता दें खुशबू और मनोज पहले से ही तीन लड़कियों के माता-पिता हैं।

पेशे से ऑटो ड्राइवर है बच्चों का पिता

आपको बता दें कि बच्चों के पिता मनोज कुमार पेशे से ऑटो ड्राइवर हैं। मनोज कुमार आगरा में ही ऑटो चलाते हैं। सामान्य परिवार से होने की वजह से इनकी आर्थिक स्थिति ज्यादा ठीक नहीं है। उनकी पहले से ही तीन बेटियां हैं लेकिन अब एक साथ 4 बच्चों ने जन्म लिया है जिसके चलते अपने बच्चों के लालन पोषण को लेकर मनोज कुमार बहुत चिंतित हैं।

डॉक्टर ने सहयोग का दिया आश्वासन

हॉस्पिटल के संचालक डॉ महेश चौधरी का कहना है कि प्रसूता खुशबू और उसके चारों बच्चे स्वस्थ है। उन्हें किसी भी प्रकार का खतरा नहीं है। फिलहाल अस्पताल में बच्चों की देखरेख का 1 दिन का खर्चा ₹6000 है यानी कि पूरे दिन में ₹24000 देखरेख के लिए खर्च हो रहे हैं। मनोज कुमार ने उधार पैसे लेकर अब तक पैसा भरा है। वहीं अगले दो-तीन दिन तक बच्चों को अस्पताल में और रखा जाएगा। इसे लेकर मनोज बहुत चिंतित हैं।

हालांकि अस्पताल के संचालक ने बच्चों की पढ़ाई लिखाई को लेकर मदद का आश्वासन भी दिया। वहीं 7 बच्चों के पिता ने यह कहा है कि बच्चों को पालने के लिए अब वह पहले से ज्यादा मेहनत करेंगे।