वैशाली ठक्कर ने सगाई तोड़ने के चंद महीने बाद ही दे दी जान, जानिए करियर से लेकर लाइफ से जुड़ी हर चीज के बारे में

टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री वैशाली ठक्कर अब हमारे बीच नहीं रहीं। इन्होंने अपने इंदौर के घर में फांसी लगाकर अपने जीवन की लीला समाप्त कर ली। उनका अचानक से ही जाना टीवी इंडस्ट्री से लेकर फैंस के लिए बेहद हैरान कर देने वाली खबर है। वैशाली ठक्कर के निधन ने मनोरंजन की दुनिया को गहरे सदमे में डाल दिया है। हर किसी के लिए इस बात पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि टीवी की मशहूर अदाकारा वैशाली ठक्कर अब इस दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए अलविदा कहकर जा चुकी हैं।

वैशाली ठक्कर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर दी। वैशाली ठक्कर के शव के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिससे ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह मामला लव लाइफ से जुड़ा हो सकता है। आज हम आपको इस पोस्ट के जरिए वैशाली ठक्कर के करियर से लेकर उनकी लाइफ से जुड़ी हर चीज के बारे में बताने जा रहे हैं।

वैशाली ठक्कर का करियर

आपको बता दें कि वैशाली ठक्कर का जन्म 15 जुलाई 1993 को हुआ था। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2015 में “ये रिश्ता क्या कहलाता है” धारावाहिक से की थी। इस धारावाहिक में उन्हें संजना का किरदार निभाते हुए देखा गया था। उन्होंने इस धारावाहिक में संजना का किरदार साल 2015 से 2016 तक निभाया था। वैसे तो वैशाली ठक्कर कई धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं।

लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता टीवी धारावाहिक “ससुराल सिमरन का” से हासिल हुई थी। इस धारावाहिक में उन्हें अंजलि के किरदार में काफी पसंद किया गया था। धारावाहिक में वह सिद्धार्थ शिवपुरी और रोहन मेहरा के साथ दिखाई दी थीं। इसके अलावा अभिनेत्री वैशाली ठक्कर “सुपर सिस्टर्स” में भी नजर आ चुकी हैं। इन धारावाहिकों के अलावा वैशाली ठक्कर “विश या अमृत”, “मनमोहिनी 2” के अलावा दंगल चैनल के “रक्षाबंधन” धारावाहिक में भी नजर आई थीं।

वैशाली ठक्कर की हुई थी सगाई

शायद ही बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी होगी कि वैशाली ठक्कर की सगाई साल 2021 में हो चुकी थी। खुद वैशाली ठक्कर ने इंस्टाग्राम पर इस बात को बताया था। इस सगाई में परिवार के लोग ही शामिल हुए थे। वैशाली ठक्कर के होने वाले पति का नाम डॉक्टर अभिनंदन सिंह था। आपको बता दें कि वैशाली ठक्कर के होने वाले पति अभिनंदन केन्या के रहने वाले हैं पेशे से वह डेंटल सर्जन हैं।

सगाई के महज एक महीने बाद ही यह खबर सामने आई थी कि अभिनेत्री अब डॉक्टर के साथ शादी नहीं करने वाली हैं। अभिनेत्री ने यह बताया था कि उन्होंने सगाई तोड़ दी थी। इतना ही नहीं बल्कि इसके बाद एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम से सगाई की वीडियो भी हटा दी थी।

आपको बता दें कि वैशाली ठक्कर अपनी जिंदगी खत्म करने से कुछ दिन पहले ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर काफी सक्रिय थीं और वह लगातार एक से बढ़कर एक फनी वीडियोस इंस्टाग्राम पर साझा कर रही थीं। वैशाली ठक्कर को इंस्टाग्राम पर 585K से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। लेकिन अचानक से ही वैशाली की मृत्यु की खबर सामने आने के बाद फैंस काफी हैरान हैं। भले ही अभिनेत्री अब हमारे बीच में नहीं हैं लेकिन अपने शानदार काम की वजह से हमेशा जिंदा रहेंगी।