Video: पैरों में चप्पल और हाथ में थैला लिए स्कूटी से राशन लेने गए अरिजीत सिंह, सादगी के कायल हुए फैंस

अरिजीत सिंह बॉलीवुड जगत के उन गायकों में से एक हैं, जो अपनी आवाज से लोगों के दिलों पर राज करते हैं। अरिजीत सिंह के लिए कहा जाता है कि उनकी आवाज में दर्द और मोहब्बत दोनों है, जिसे सुनने वाला मोहित हो जाता है। अरिजीत सिंह ने अपने रोमांटिक इमोशनल गानों से बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग बना ली है। वह अपने फैंस के दिलों पर राज करते हैं और सबसे खास बात यह है कि इतनी उपलब्धि हासिल करने के बाद भी अरिजीत सिंह बहुत ही सिंपल लाइफ जीते हैं।

जी हां, अरिजीत सिंह का लगभग हर गाना सुपरहिट ही होता है। ऐसे में आप सोच सकते हैं, जहां हर सेलिब्रिटी इस मुकाम पर पहुंचकर जमीन से थोड़ा दूर हो ही जाता है लेकिन अरिजीत सिंह काफी जमीनी स्तर से जुड़े हुए हैं। अरिजीत सिंह की आवाज के साथ उनके विनम्र स्वभाव की भी लोग तारीफ करते हुए नहीं थकते। हाल ही में बंगाल के मुर्शिदाबाद से अरिजीत सिंह का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ है। इस वीडियो को देखने के बाद उनके फैंस सिंगर की सादगी की तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं।

राशन लेने स्कूटर से निकले अरिजीत सिंह

सोशल मीडिया पर अरिजीत सिंह का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि अरिजीत सिंह पैरों में चप्पल और हाथ में थैला लिए कोलकाता की गलियों में नजर आ रहे हैं। अरिजीत सिंह का यह लुक और सादगी देखकर फैंस उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। यहां तक कि उन पर खूब प्यार उड़ेल रहे हैं। बॉलीवुड सितारों का यह सिंपल लुक वाला अंदाज बहुत ही कम देखने को मिलता है लेकिन सोशल मीडिया पर अरिजीत सिंह का जो लुक नजर आया, उसने लोगों का दिल जीत लिया।