बड़े काम की है पुदीने की पत्तियां, कई रोगों से दिला सकती है मुक्ति, जानिए इसके फायदे

पुदीने की पत्तियों को मुख्य रूप से लोग चटनी बनाने में इस्तेमाल करते हैं। पुदीने की चटपटी चटनी खाने के स्वाद को दोगुना कर देती है। पुदीने की चटनी ना सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाती है बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद मानी गई है। आयुर्वेद में सदियों से पुदीने का इस्तेमाल औषधि के रूप में किया जा रहा है। आपको बता दें कि पुदीने की पत्तियों में कई औषधिय गुण मौजूद होते हैं, जो स्वास्थ्य संबंधित बहुत सी परेशानियों को दूर करने में मदद करते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से पुदीने से आपको क्या-क्या फायदे मिलेंगे, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

पुदीने के फायदे

सौंदर्य निखार के लिए पुदीना

पुदीना स्वास्थ्य के साथ-साथ सौंदर्य निखार के लिए भी बहुत ही कारगर माना जाता है। ऐसे बहुत से ब्यूटी प्रोडक्ट हैं, जिसमें पुदीने का इस्तेमाल किया जाने लगा है। अगर पुदीने का इस्तेमाल किया जाए तो इससे त्वचा से संबंधित बहुत से फायदे मिलते हैं। अगर किसी की त्वचा ऑइली है तो पुदीने का फेशियल उनके लिए बहुत ही ठीक रहेगा। इसको बनाने के लिए 2 बड़े चम्मच ताजा पिसे पुदीने के साथ दो बड़े चम्मच दही और एक बड़ा चम्मच ओटमील लेकर गाढ़ा घोल तैयार कर लीजिए। इसके बाद इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाएं। लगभग 10 मिनट तक आप इसको अपने चेहरे पर ही लगा रहने दीजिए। उसके बाद आप अपने चेहरे को पानी से धो लीजिए।

पुदीने से सेहत के फायदे

1. अगर गर्मियों के मौसम में पुदीने का रस या कच्चे आम के रस के साथ पुदीने का सेवन किया जाए तो इससे लू लगने की समस्या दूर होती है।

2. अगर किसी व्यक्ति को पेट में गैस की समस्या है तो ऐसी स्थिति में एक कप गर्म पानी में आधा छोटा चम्मच पुदीने का रस मिलाकर इसका सेवन करें।

3. अगर किसी की नाक बंद है तो ऐसी स्थिति में ताजे पुदीने के पत्ते को सूंघना फायदेमंद माना जाता है।

4. अगर किसी को खुजली या गले में खराश की समस्या है तो ऐसी स्थिति में पुदीने का काढ़ा बनाकर इसका सेवन करें। इसको बनाने के लिए एक कप पानी में 10-12 पुदीने के पत्ते डालकर आधा होने तक इसको अच्छी तरह से उबाल लीजिए। उसके बाद आप पानी को छानकर एक चम्मच शहद के साथ इसका सेवन करें। इससे खुजली या गले में खराश की समस्या दूर होगी।

5. अगर किसी व्यक्ति के मुंह से बदबू आने की समस्या है तो ऐसी स्थिति में पुदीने की कुछ पत्तियों को चबा लें। अगर आप नियम से इसके पानी से कुल्ला करते हैं तो इससे भी मुंह की बदबू से छुटकारा मिलता है।

6. हैजा की समस्या में भी पुदीने का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर पुदीना, प्याज का रस, नींबू का रस बराबर मात्रा में मिलाकर इसका सेवन किया जाए तो हैजा में फायदा मिलता है।

7. अगर चेहरे पर जलन हो रही है तो ऐसी स्थिति में पुदीने की ताजी पत्तियों को पीसकर चेहरे पर लगाएं। इससे चेहरे को ठंडक मिलती है।

8. अगर किसी के पेट में दर्द की समस्या है तो ऐसी स्थिति में पुदीने को जीरा, काली मिर्च और हींग के साथ मिलाकर सेवन करें, इससे आराम मिलेगा।