दूध बेचने वाले की बेटी ने इंटर परीक्षा में किया टॉप, IAS बनना है लक्ष्य

आज कल के जमाने में बेटा और बेटी में कोई भी फर्क नहीं है। आजकल बेटियां भी बेटों से बिल्कुल भी कम नहीं हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बेटियां आगे बढ़ रही हैं और अपने परिवार के साथ साथ देश का नाम रोशन कर रही हैं। इतना ही नहीं बल्कि पढ़ाई लिखाई के मामलों में भी बेटियां हमेशा आगे निकलती हैं। हर साल जब भी परीक्षा का नतीजा आता है, तो अधिकतर यही देखा जाता है कि लड़कियां बाजी मार जाती हैं।

हाल ही में बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित किया जा चुका है। राज्य के कई होनहार बच्चों ने सफलता हासिल की है, जिससे उनका परिवार बेहद खुश है। वहीं दूध बेचने वाले की बेटी आयुषी नंदन ने भी विज्ञान वर्ग में टॉपर किया है। जी हां, आयुषी नंदन ने विज्ञान संकाय में 500 में से 474 अंक प्राप्त कर बिहार में पहला स्थान हासिल किया है।

आयुषी नंदन की इस सफलता पर उनके परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है। हर कोई खुशी से झूम रहा है। वहीं राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है ऑटो चालक के बेटे शुभम चौरसिया ने।

दूध बेचते हैं पिता

आपको बता दें कि बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा 2023 के रिजल्ट आ गए हैं। नतीजों के अनुसार, साइंस स्ट्रीम में खगड़िया जिले के नगर पंचायत मनासी मटिहानी की रहने वाली आयुषी नंदन ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल कर बाजी मार ली है। आयुषी नंदन 94.8% नंबर हासिल कर टॉपर बनी हैं। आयुषी नंदन आर लाल कॉलेज की स्टूडेंट हैं। आयुषी नंदन के पिताजी का नाम श्रवेश कुमार सुमन उर्फ विकास कुमार है, जो दूध बेचने का काम करते हैं। इसके अलावा वह एक किसान हैं। वहीं आयुषी नंदन की मां का नाम अमीषा कुमारी है, जो एक गृहणी हैं।

आयुषी नंदन गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं लेकिन उनकी सफलता और उनका संघर्ष दूसरे बच्चों के लिए प्रेरणादायक है। बता दें कि विज्ञान वर्ग की टॉपर आयुषी नंदन शुरू से ही एक होनहार छात्रा रही हैं। उन्होंने हाई स्कूल की परीक्षा में भी बिहार में 9वां स्थान हासिल किया था लेकिन 12वीं की परीक्षा में उन्होंने और मेहनत के साथ पढ़ाई की और पहला स्थान हासिल करने में कामयाब रहीं। आयुषी ने रोजाना 8 घंटे पढ़ाई की है।

आयुषी को यह विश्वास था कि उनके अच्छे नंबर आएंगे लेकिन वह टॉप कर जाएंगी, इसकी उन्होंने उम्मीद नहीं की थी। अपनी कामयाबी को लेकर आयुषी नंदन का कहना है कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्हें यह तो उम्मीद थी कि अच्छी रैंक आएगी लेकिन यह नहीं पता था कि वह बिहार बोर्ड में टॉप करेंगी। जैसे ही बिहार बोर्ड की ओर से नतीजे जारी किया गया, उसके बाद से ही आयुषी नंदन और उनके परिवार वालों को बधाई देने वालों का तांता लग गया है। आयुषी नंदन के घर जश्न का माहौल है।

IAS बनना चाहती हैं आयुषी नंदन

आयुषी नंदन की इस कामयाबी पर उनके माता-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं है। परिवार में जश्न का माहौल है। वहीं आयुषी इस सफलता से काफी खुश हैं और वह भविष्य में आगे जाकर आईएएस बनना चाहती हैं।