धनतेरस के दिन इन चीजों को खरीदने से मिलेगी देवी लक्ष्मी की कृपा, गरीबी से मिलेगा छुटकारा

दीपावली के एक दिन पहले धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। इस बार दीपावली 14 नवंबर को है और 13 नवंबर को धनतेरस है। 5 दिनों तक चलने वाली दिवाली महापर्व में धनतेरस सबसे पहले मनाया जाता है। अगर हम हिंदू पौराणिक मान्यता के मुताबिक देखें तो धनतेरस वाले दिन भगवान धन्वंतरि का जन्म हुआ था। अगर धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा उपासना की जाए तो इससे व्यक्ति को जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है, इतना ही नहीं बल्कि अच्छा स्वास्थ्य भी मिलता है। लोग धनतेरस के दिन जमकर खरीदारी करते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दिन खरीदारी करना बहुत ही शुभ होता है। धनतेरस के दिन विशेष रूप से सोने और चांदी के आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसा माना गया है कि धनतेरस के दिन अगर शुभ चीजों की खरीदारी की जाए तो उसमें 13 गुना बढ़ोतरी होती है और माता लक्ष्मी जी की भी कृपा प्राप्त होती है।

धनतेरस पर कुछ चीजों की खरीदारी करने से विशेष फल मिलता है। आज हम आपको धनतेरस पर क्या-क्या खरीदना शुभ होता है? इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। अगर आप यह चीजें धनतेरस पर खरीदते हैं तो इससे देवी लक्ष्मी का आशीर्वाद मिलेगा और जीवन में धन की कोई भी कमी नहीं होगी।

धनतेरस पर ये चीजें खरीदना माना जाता है शुभ

लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति

धनतेरस वाले दिन धन की देवी माता लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश जी की मूर्ति जरूर खरीदनी चाहिए। दीपावली के 1 दिन पहले धनतेरस पर लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति घर में लाने की परंपरा है और दीपावली के दिन आप इनकी विधि-विधान पूर्वक पूजा कीजिए।

सोने-चांदी के सिक्के जरूर खरीदें

धनतेरस के दिन सोने और चांदी के आभूषण, बर्तन आदि की खरीदारी जरूर करनी चाहिए। आप धनतेरस के दिन खरीदारी करने जा रहे हैं तो आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि सोने-चांदी के सिक्के खरीद कर जरूर लाएं। जिन पर लक्ष्मी-गणेश जी की तस्वीर बनी हो और दीपावली के दिन इसकी पूजा कीजिए। ऐसा माना जाता है कि इससे धन की देवी माता लक्ष्मी जी प्रसन्न होती हैं और धन और शुभता का आशीर्वाद प्रदान करती हैं।

धनिया के बीज

अगर आप धनतेरस के दिन धनिया के बीज खरीद कर दिवाली पर माता लक्ष्मी जी की पूजा में इसका इस्तेमाल करते हैं तो इससे आपको शुभ फल की प्राप्ति होती है। आप धनिए के बीज लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा के दौरान जरूर अर्पित कीजिए इसके बाद आप धनिया के बीज तिजोरी में रख दीजिए, इससे कभी भी धन की कमी नहीं होगी।

पारद श्री यंत्र

अगर आप अपने और अपने परिवार के लोगों पर माता लक्ष्मी जी की कृपा बनाए रखना चाहते हैं तो इस धनतेरस पर आप पारद श्री यंत्र खरीद कर अपने घर में जरूर लाएं। इस यंत्र को खरीदने से जीवन में धन की कमी नहीं रहती है। व्यक्ति को सुख-समृद्धि, वैभव की प्राप्ति होती है। आप इस पारद श्री यंत्र को किसी भी योग्य पंडित से घर, कार्यालय और तिजोरी में स्थापित करवा सकते हैं, इसके अतिरिक्त अगर आप धनतेरस पर श्री धन वर्षा यंत्र, कुबेर यंत्र और महालक्ष्मी यंत्र खरीदते हैं तो यह बेहद शुभ माना जाता है।