पिता ने अनोखे अंदाज में मनाया अपनी बेटी का पहला जन्मदिन, लोगों को खिलाए एक लाख गोलगप्पे मुफ्त

आजकल लड़कों से ज्यादा लड़कियां आगे बढ़ रही हैं। लड़कियों ने हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त की है। जिस क्षेत्र में कभी भी लड़कियां नहीं गई थी, उस क्षेत्र में लड़कियां सफलता प्राप्त कर रही हैं। भारत सरकार भी लड़कियों को पढ़ाने के लिए कई योजनाओं के माध्यम से मदद दे रही है। लड़कियों के लिए अलग से आरक्षण दिया गया है। नौकरियों में भी लड़कियों को आरक्षण दिया गया है। कई प्रकार से सरकार भी लड़कियों को विकास की ओर बढ़ाने में सहयोग कर रही है।

देश की कई लड़कियां विकास की ओर बढ़ कर देश के मान-सम्मान को ऊंचा उठा रही हैं। इसलिए बेटी हमारे घर की अनमोल परी है। बेटी के बिना हमारे घर का आंगन सूना सूना लगता है। बेटियां घर की लक्ष्मी होती हैं। बेटी पूरे वंश को चलाती हैं। बेटियां बोझ नहीं होती। अब समाज में लोगों का जहन बदल रहा है।

इसी बीच मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर हर कोई तारीफ कर रहा है। दरअसल, यहां एक पिता ने अपनी बेटी के पहले जन्मदिन पर एक लाख गोलगप्पे मुफ्त खिलाएं। आपको बता दें कि पिछले साल बेटी होने की खुशी में इसी शख्स ने मुफ्त में 50 हजार गोलगप्पे खिलाए थे।

लोगों ने की अनोखी पहल की सराहना

दरअसल, आज हम आपको जिस शख्स के बारे में बता रहे हैं उसका नाम अंचल गुप्ता है, जो भोपाल के कोलार इलाके में गोलगप्पे बेचता है। बुधवार को अंचल गुप्ता की बेटी अनोखी 1 साल की हो गई। अपनी बेटी के पहले जन्मदिन की खुशी में सबके साथ शेयर करने और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश देने के मकसद से अंचल गुप्ता ने एक लाख गोलगप्पे मुफ्त खिलाए।

अंचल गुप्ता ने ना सिर्फ स्थानीय लोगों को गोलगप्पे खिलाए बल्कि कोलार मेन रोड से गुजरने वाले लोगों को भी फ्री में गोलगप्पे खाने का निमंत्रण दिया और जब लोगों ने गोलगप्पे का लुफ्त लेते हुए उनकी बेटी के जन्मदिन के बारे में जाना तो उन्होंने बेटी अनोखी को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भी दिया। बेटी अनोखी के पिता की इस अनोखी पहल की लोग खूब सराहना कर रहे हैं।

विधायक से लेकर मुख्यमंत्री ने बेटी को दिया आशीर्वाद

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जब कोलार के विधायक रामेश्वर शर्मा को इस बारे में जानकारी मिली, तो वह भी बेटी को आशीर्वाद देने पिता अंचल गुप्ता के गोलगप्पे स्टाल पर पहुंच गए। उन्होंने अपने हाथों से खुद लोगों को गोलगप्पे खिलाए। इसके अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अंचल गुप्ता की इस अनोखी पहल की तारीफ की और बेटी को जन्मदिन की बधाई देते हुए आशीर्वाद दिया।

अंचल गुप्ता ने इस बारे में बताया कि पिछले साल जब उन्हें बेटी हुई थी तो उन्होंने मुफ्त में 50 हजार गोलगप्पे खिलाए थे। अंचल गुपता ने बताया कि आज के समाज में भी ऐसे कई लोग हैं, जो बेटी को बोझ समझते हैं और ऐसे समाज को यह संदेश देना बेहद जरूरी है कि बेटियां बोझ नहीं होती, बल्कि उनके आने से परिवार में खुशियां बढ़ जाती हैं। इसी जागरूकता के लिए मैंने मुफ्त में गोलगप्पे खिलाने का काम शुरू किया।