काल भैरव जयंती के दिन करें ये 5 उपाय, हर मुराद हो जाएगी पूरी, बनी रहेगी भैरव की कृपा

हिंदू धर्म में काल भैरव की पूजा का विशेष महत्व माना गया है। काल भैरव भगवान शिव जी के ही स्वरुप माने जाते हैं। आपको बता दें कि काल भैरव जयंती 7 दिसंबर को मनाई जाएगी। हिंदू पंचांग के अनुसार हर साल मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को काल भैरव देव की जयंती मनाई जाती है। इसको कालाष्टमी के नाम से भी लोग जानते हैं। शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो भगवान काल भैरव का जन्म मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर हुआ था। काल भैरव जयंती के दिन काल भैरव जी की विधि विधान पूर्वक पूजा होती है। ऐसा बताया जाता है कि इस दिन भगवान काल भैरव जी की पूजा करने से इनकी कृपा सदैव बनी रहती है, इसके अलावा अगर आप इस दिन कुछ साधारण से उपाय करते हैं तो इससे आपके जीवन की समस्याएं कम होंगी और आपकी अधूरी मनोकामना पूर्ण हो सकती हैं। तो चलिए जानते हैं काल भैरव जयंती के दिन कौन से उपाय करें।

काल भैरव जयंती के दिन करें यह उपाय

40 दिनों तक लगातार काल भैरव के दर्शन करें

अगर आप भगवान भैरव जी को प्रसन्न करके इनकी कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो काल भैरव जयंती के दिन से लेकर 40 दिनों तक लगातार काल भैरव के दर्शन जरूर कीजिए। इस उपाय को करने से मनोकामनाएं पूरी होंगी। आपको बता दें कि भैरव की पूजा के इस नियम को चालीसा कहते हैं, जो चन्द्रमास से 28 दिनों और 12 राशियों को जोड़कर बनता है। अगर आप यह उपाय ठीक प्रकार से करेंगे तो इसका फायदा आपको जल्दी देखने को मिलेगा।

सरसों के तेल का दीपक जलाएं

अगर आप काल भैरव जयंती के दिन भगवान भैरव जी को प्रसन्न करना चाहते हैं तो इसके लिए आप भगवान भैरव जी की प्रतिमा के समक्ष सरसों के तेल का दीपक जरूर जलाएं और श्रीकालभैरवाष्टकम् का पाठ कीजिए। ऐसी मान्यता है कि इससे व्यक्ति की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होने लगती है। जब तक आपकी मनोकामना पूरी नहीं होती, तब तक रोजाना आप यह उपाय भक्ति भाव के साथ कीजिए। आपको लाभ जरूर मिलेगा।

भगवान शिव की पूजा करने से मिलेगा भैरव का आशीर्वाद

शास्त्रों के अनुसार भगवान भैरव जी की उत्पत्ति भगवान शिव जी के अंश के रूप में हुई थी। अगर आप काल भैरव जयंती के दिन देवों के देव महादेव की पूजा करते हैं तो इससे भगवान काल भैरव जी का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है। आप काल भैरव जयंती के दिन 21 बिल्वपत्र लीजिए और सभी बिल्वपत्र आप चंदन से ॐ नमः शिवाय लिखकर शिवलिंग पर अर्पित कीजिए। अगर आप इस विधि से पूजा करते हैं तो भगवान भैरव आपसे प्रसन्न होंगे और आपकी सभी इच्छाएं जल्द पूरी करेंगे।

भैरव मंदिर जाकर ये चीजें करें अर्पित

काल भैरव जयंती के दिन आप भगवान भैरव जी के किसी भी मंदिर में जाएं और अपने साथ सिंदूर, सरसों का तेल, नारियल, चना, चिरौंजी, पुए और जलेबी लेकर जाएँ। भगवान भैरव जी की भक्ति भाव से पूजा कीजिए और यह सभी सामग्रियां अर्पित करें।

काले कुत्ते को मीठी की रोटी खिलाएं

यदि आप काल भैरव जयंती के दिन भगवान भैरव जी को प्रसन्न करना चाहते हैं तो आप इसके लिए किसी भी काले कुत्ते को मीठी रोटी खिला सकते हैं। अगर आपको काला कुत्ता नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में आप किसी भी कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं। अगर आप इस उपाय को करते हैं तो इससे भगवान भैरव के साथ-साथ न्याय के देवता कहे जाने वाले शनि देवता की भी कृपा प्राप्त होती है।