दिव्या भारती स्कूल की पढ़ाई छोड़कर करने लगी थीं एक्टिंग, इस फिल्म से रातों-रात बनीं स्टार

दिव्या भारती हिंदी सिनेमा की एक बेहतरीन अभिनेत्री थीं, जिन्होंने बहुत ही कम समय में फिल्मी दुनिया में काफी नाम कमाया था। उनके चाहने वाले लाखों फैंस थे। बॉलीवुड में कदम रखते ही वह टॉप अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगी थीं लेकिन अपनी खूबसूरती और दमदार अभिनय से लोगों के दिलों पर राज करने वाली अभिनेत्री दिव्या भारती अब इस दुनिया में नहीं हैं। अचानक ही उनकी मृत्यु ने सभी को हिला कर रख दिया था।

भले ही दिव्या भारती आज हमारे बीच में ना हों, परंतु अभी भी वह और उनकी दमदार अदाकारी फैंस के दिल में जिंदा हैं। उस समय दिव्या भारती की क्यूटनेस और उनके चुलबुले अंदाज पर फैंस फिदा हो जाते थे। आज दिव्या भारती का जन्म दिवस है। इस खास मौके पर आज हम आपको अभिनेत्री दिव्या भारती से जुड़ी हुई कुछ खास बातों के बारे में बताने जा रहे हैं।

पढ़ाई छोड़ अभिनय करने लगी थीं दिव्या भारती

आपको बता दें कि दिव्या भारती का जन्म 25 फरवरी 1974 को मुंबई में हुआ था। दिव्या भारती की शुरुआती पढ़ाई मुंबई से ही हुई। दिव्या भारती बचपन से ही अभिनेत्री बनने का सपना देखा करती थीं, इसी वजह से उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही अभिनय करना शुरू कर दिया था।

दिव्या भारती अभिनय के पीछे इतनी ज्यादा पागल थीं कि उन्होंने इसके लिए अपनी पढ़ाई तक छोड़ दी थी। जी हां, दिव्या भारती ने नौवीं क्लास में ही पढ़ाई छोड़ दी थी और उन्होंने महज 16 साल की उम्र में ही एक्टिंग करना शुरू कर दिया था और अभिनेत्री बनने के अपने इस सपने को दिव्या भारती ने पूरा किया।

दिव्या भारती का फिल्मी करियर

दिव्या भारती ने अभिनय की दुनिया में अपना कदम साल 1990 में रखा था। दिव्या भारती ने डी रामानायडू की तेलुगू फिल्म “बोब्बिली राजा” से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली ही फिल्म हिट रही थी और वह डेब्यू के साथ ही काफी लोकप्रिय हो गई थीं। इस फिल्म ने दिव्या भारती को साउथ इंडस्ट्री में “द लेडी ऑफ सुपरस्टार” बना दिया था।

दिव्या भारती ने साउथ की कई फिल्मों में काम किया और जब उनकी लोकप्रियता आसमान छूने लगी थी, तो उन्होंने बॉलीवुड का रुख किया। दिव्या भारती ने सनी देओल के साथ साल 1992 में आई फिल्म “विश्वात्मा” से हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इस फिल्म में अमरीश पुरी, चंकी पांडे और नसीरुद्दीन शाह भी मुख्य किरदार में थे। इस फिल्म से दिव्या भारती रातों-रात स्टार बन गईं।

इसके बाद दिव्या भारती फिल्म “दिल का क्या कसूर” में भी नजर आईं। हालांकि यह फिल्म पर्दे पर फ्लॉप रही थी परंतु दिव्या भारती की अदाकारी को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया था। वहीं दिव्या भारती ने डेविड धवन की फिल्म “शोला और शबनम” में भी काम किया।” इस फिल्म में वह अभिनेता गोविंदा के साथ नजर आईं।

“शोला और शबनम” फिल्म उस समय की सुपरहिट फिल्मों में से एक साबित हुई थी। इस फिल्म ने दिव्या भारती के करियर में मानो कामयाबी के पहिए लगा दिए थे। इसी साल दिव्या भारती ने दीवाना, जान से प्यारा, दिल आशना है, बलवान, दिल ही तो है, गीत और दुश्मन जमाना जैसी कई फिल्में की। जो एक सुपरस्टार का सपना होता है, वह दिव्या भारती ने बहुत छोटी उम्र में ही पा लिया था। दिव्या भारती ने 1992 में 19 साल की उम्र में कई फिल्मों में काम किया, जो सुपरहिट साबित हुईं।

साजिद नाडियाडवाला से दिव्या भारती ने की थी शादी

आपको बता दें कि जब दिव्या भारती अपने कैरियर में शिखर पर थीं तो उन्होंने महज 18 साल की उम्र में साजिद नाडियाडवाला से सीक्रेट शादी की थी। ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने साजिद से शादी करने से पहले इस्लाम कबूल किया था और अपना नाम सना रख लिया था।

लेकिन शादी के कुछ महीने बाद ही दिव्या भारती की मृत्यु हो गई थी। 5 अप्रैल 1993 को दिव्या भारती दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए अलविदा कह कर चली गईं। उनकी मृत्यु पांचवीं मंजिल से सीधे नीचे गिरने से हुई थी। आखिर दिव्या भारती की मृत्यु की वजह क्या थी, इसका कभी खुलासा ना हो सका। सालों पहले मुंबई पुलिस भी यह केस बंद कर चुकी है।