Makar Sankranti 2021: मकर संक्रांति पर करें ये उपाय, सूर्यदेव होंगे प्रसन्न, मिलेंगे अनेकों लाभ

14 जनवरी 2021 को मकर संक्रांति का त्यौहार मनाया जाएगा। हिंदू धर्म में मकर संक्रांति के त्यौहार का विशेष महत्व माना गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार देखा जाए तो इस दिन सूर्य भगवान धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं। इस दिन सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण होता है, जो बहुत ही शुभ माना गया है। शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो मकर संक्रांति के दिन पवित्र नदियों अथवा जल्द कुंड में स्नान किया जाता है। अगर इस दिन दान पुण्य जैसे कार्य किए जाए तो इससे व्यक्ति को दोगुना फल की प्राप्ति होती है। इसके अलावा मकर संक्रांति के दिन अगर कुछ उपाय किए जाए तो मनुष्य को एक नहीं बल्कि कई लाभ प्राप्त होते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से मकर संक्रांति पर किए जाने वाले कुछ उपायों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं, जिनको करने से सूर्य देवता आपसे प्रसन्न होंगे और शुभ फल की प्राप्ति होगी।

सूर्य देव की उपासना करें

मकर संक्रांति के दिन सूर्य देवता की पूजा अवश्य करनी चाहिए। आप मकर संक्रांति के दिन पहले सुबह उठकर सूर्य देवता को जल अर्पित कीजिए और सूर्य मंत्र का जाप करें। मकर संक्रांति के दिन आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आप इस दिन शाम के समय यानी सूर्यास्त होने के पश्चात भोजन मत कीजिए।

पवित्र नदी में स्नान करें

धार्मिक शास्त्रों के अनुसार मकर संक्रांति के दिन गंगा या फिर किसी पवित्र नदी में जाकर स्नान किया जाए तो यह बहुत ही शुभ माना गया है। आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि नहाने से पहले मकर संक्रांति के दिन किसी भी चीज का सेवन मत कीजिए। अगर आप बिना कुछ खाए गंगा में स्नान करने के पश्चात जरूरतमंदों को दान करते हैं तो इससे आपको दोगुना फल की प्राप्ति होती है।

मकर संक्रांति पर इन चीजों का सेवन ना करें

धार्मिक दृष्टि के अनुसार मकर संक्रांति के दिन खिचड़ी का दान करना बहुत ही शुभ माना जाता है। यह प्रथा काफी समय से चली आ रही है, इसके अलावा मकर संक्रांति के दिन लहसुन, प्याज, मांस और अंडा का सेवन भूलकर भी ना करें। इस दिन किसी भी प्रकार की नशीली चीजों का सेवन करने से बचें। शराब, गुटखा, सिगरेट आदि का इस्तेमाल मत कीजिए।

जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करें

मकर संक्रांति वाले दिन आप जरूरतमंद लोगों की सहायता जरूर कीजिए। यदि आपके घर पर कोई निर्धन, साधु या बुजुर्ग या फिर कोई जरूरतमंद व्यक्ति आता है तो आप उसको खाली हाथ मत जाने दीजिए। आप अपने सामर्थ्य अनुसार कुछ ना कुछ चीज उनको जरूर दें। अगर आप ऐसे लोगों को भोजन कराते हैं तो यह बहुत ही शुभ माना गया है परंतु आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि घर के दरवाजे पर आए जरूरतमंद व्यक्ति का अपमान भूलकर भी ना करें।

अपने गुस्से पर काबू रखें

मकर संक्रांति के दिन आपको गुस्सा करने से बचना होगा। इस दिन आप लोगों के साथ अच्छा व्यवहार कीजिए। मकर संक्रांति के दिन अपना मन खुश रखना चाहिए और सोच भी सकारात्मक रखनी चाहिए, इससे आपके अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। इसके अलावा महिलाओं को इस बात का ध्यान रखना होगा कि मकर संक्रांति के दिन अपने बाल ना धोएं। मकर संक्रांति के दिन पेड़ों की कटाई छंटाई ना करें।