मुकेश अंबानी ने बेटे आकाश संग सोमनाथ मंदिर में की पूजा, दान किए इतने करोड़ रुपए, देखें तस्वीरें

महाशिवरात्रि भगवान भोलेनाथ की आराधना का ही पर्व है। भगवान शिव जी के भक्त महाशिवरात्रि पर महादेव की विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना करते हैं और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इस दिन शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ती है, जो शिव के दर्शन-पूजन कर खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं। 18 फरवरी को देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव जी के मंदिरों में इकट्ठे हुए।

वहीं महाशिवरात्रि के दिन कई फिल्मी हस्तियां, राजनेता और उद्योग जगत के लोग भी शिव की आराधना के लिए मंदिरों में पहुंचे। उन्हीं में से एक भारत के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी भी गुजरात के शिव मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचे। मुकेश अंबानी महाशिवरात्रि के दिन गुजरात के सोमनाथ महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। वह मंदिर में अपने बेटे और रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी के साथ पूजा करते हुए नजर आए।

मुकेश अंबानी ने बेटे आकाश संग किए सोमनाथ महादेव के दर्शन

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं मुकेश अंबानी आए दिन किसी न किसी वजह से चर्चा का विषय बने रहते हैं। अंबानी का परिवार स्टाइलिश होने के साथ-साथ काफी धार्मिक भी है। मुकेश अंबानी और उनके परिवार को कई बार महत्वपूर्ण मौकों पर अलग-अलग जगहों पर पूजा और दान देते हुए देखा जा चुका है। शनिवार को महाशिवरात्रि के मौके पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अकाश अंबानी की सोमनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करते हुए कुछ तस्वीरें सामने आई हैं।

दान किए 1.51 करोड़ रुपये

इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि मुकेश अंबानी और आकाश अंबानी सफेद रंग के कुर्ते में नजर आ रहे हैं। इस यात्रा की विभिन्न तस्वीरों में पिता-पुत्र को हाथ जोड़े हुए देखा जा रहा है। आस्था में डूबे पिता-पुत्र बड़ी ही श्रद्धा के साथ सोमनाथ महादेव का अर्चन-वंदन कर रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश अंबानी ने सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट को 1.51 करोड़ रुपए का दान भी दिया है। सोमनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए आए मुकेश अंबानी और अकाश अंबानी का मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पीके लाहिड़ी और सचिव योगेंद्र देसाई ने स्वागत किया।

तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन करने गए थे मुकेश अंबानी

आपको बता दें कि मुकेश अंबानी पिछले साल सितंबर में आंध्र प्रदेश के तिरुपति में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर के दर्शन करने गए थे। मुकेश अंबानी के साथ उनके बेटे अनंत अंबानी की मंगेतर राधिका मर्चेंट और रिलायंस रिटेल लिमिटेड के निदेशक मनोज मोदी भी थे। मुकेश अंबानी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं इन तस्वीरों में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन करते हुए मुकेश अंबानी को देखा गया। इस दौरान उनके साथ राधिका मर्चेंट भी नजर आई थीं। उन्होंने भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए और खास पूजा-अर्चना की।

भगवान के दर्शन करने के बाद मुकेश अंबानी और राधिका मर्चेंट ने मंदिर क्षेत्र में हाथियों को केला भी खिलाया और उनसे आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान मुकेश अंबानी धोती-कुर्ता में नजर आए। वहीं राधिका मर्चेंट पिंक कलर के सूट में दिखीं। मुकेश अंबानी ने आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर मंदिर का दौरा किया था और 1.5 करोड़ रूपए का चढ़ावा भी चढ़ाया था।