मोहब्बत की खातिर फाजिल से अमन बना युवक, फिर हिंदू बनकर लड़की से राम मंदिर में की शादी, देखें तस्वीरें

कहते हैं कि प्यार में सबसे ज्यादा ताकत होती है। अक्सर लोग अपने प्यार को हासिल करने के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं। प्यार में लोग सारी दुनिया से लड़ने को भी तैयार हो जाते हैं। दो प्यार करने वालों को मिलने से अमीरी, गरीबी, जात, धर्म की दीवार भी रोक नहीं पाती। अक्सर आए दिन ऐसी खबरें सुनने को मिलती रहती है, जिसमें दो प्यार करने वाले एक दूसरे के साथ जीवन जीने के लिए घर से भाग कर शादी कर लेते हैं।

इसी बीच मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक मामला सामने आया है, जहां पर एक मुस्लिम लड़के को हिंदू लड़की से प्यार हो गया। इसके बाद शादी की बात चली तो विरोध होने लगा। इस पर युवक ने धर्म परिवर्तन कर राम मंदिर में हिंदू रीति रिवाज से शादी कर ली। मिली जानकारी के अनुसार फाजिल नाम के इस युवक ने हिंदू रीति रिवाज के साथ अमन बनकर प्रेमिका के साथ मंदिर में सात फेरे लिए।

इश्क की खातिर फाजिल खान बना अमन

ऐसा कहा जाता है कि अगर सच्ची मोहब्बत हो तो दुनिया की कोई ताकत इश्क करने वालों को एक दूसरे से जुदा नहीं कर सकता। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में मुस्लिम लड़के ने प्रेम विवाह के लिए अपना मजहब बदल लिया। युवक ने धर्म बदल कर हिंदू लड़की से राम मंदिर में शादी की। पंडित जी ने युवक का धर्म परिवर्तन कराया। ऐसा बताया जा रहा है कि युवक के पिता पूर्व में हिंदू थे, जिन्होंने मुस्लिम लड़की से शादी के बाद धर्म बदल लिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी के लिए दोनों ने कलेक्ट्रेट में आवेदन किया था। आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो हिंदू संगठनों ने विरोध करना शुरू कर दिया। धर्म परिवर्तन के बाद दोनों की शादी संपन्न कराई गई। मिली जानकारी के अनुसार, 5 साल पहले आमगांव की रहने वाली हिंदू लड़की सोनाली राय और चीचली के रहने वाले मुस्लिम लड़के फाजिल खान के बीच दोस्ती हुई थी। दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे। दोनों ने शादी के लिए कलेक्ट्रेट में आवेदन किया।

लेकिन जैसे ही ये आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हंगामा मचना शुरु हो गया। हिंदू संगठनों ने इसका विरोध करना शुरु कर दिया। आवेदन में दो गवाहों के नाम दर्ज थे। लोग उन पर आपत्तिजनक कमेंट करने लगे। दोनों गवाहों के खिलाफ करेली चौराहे पर विरोध में एक शोकसभा का ऐलान कर दिया गया। एक तरफ तेजी से बढ़ रहा विरोध था और दूसरी तरफ प्यार… इसी बीच फाजिल ने फैसला लिया कि वो प्यार की खातिर हिंदू धर्म अपनाएगा।

युवक ने जताई थी घर वापसी की इच्छा

फाजिल ने अपने परिचितों के साथ बीजेपी के युवा मोर्चा के सदस्यों से संपर्क किया और हिंदू धर्म में घर वापसी की इच्छा जताई। इसके बाद युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रियांक जैन और अन्य सदस्यों ने युवक और युवती के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पता चला कि फाजिल नाम के युवक के पिता पहले से हिंदू थे। लेकिन प्रेम प्रसंग के चलते वह पूरन मेहरा से शेख अब्दुल बन गए थे। वहीं फाजिल के आसपास के लोगों से जानकारी प्राप्त करने के बाद यह बात सामने आई कि फाजिल की आस्था हिंदू धर्म में थी। इसके चलते घर वापसी की तैयारी कराई गई।

फिर फाजिल खान हो गया अमन राय

आपको बता दें कि करेली राम मंदिर में वैदिक मंत्रों से जनेऊ संस्कार के साथ पंडित जी ने युवक की हिंदू धर्म में वापसी कराई। युवक का नाम फाजिल से अमन राय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद राम मंदिर में ही फाजिल से अमन राय बने युवक ने सोनाली राय को जयमाला पहना कर शादी रचाई। जैसे ही दोनों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई तो मंदिर जय श्री राम के नारों से गूंज उठा। मंदिर के फेरे लेकर दोनों ने भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों को रामचरितमानस भेंट की गई। अब सोशल मीडिया पर सोनाली-अमन की शादी की तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हो रही हैं।