70 साल की हुईं प्रियंका की मां मधु चोपड़ा, एक्ट्रेस ने बर्थडे पर शेयर किया खास वीडियो, नातिन मालती संग दिखी खास बॉन्डिंग

प्रियंका चोपड़ा हिंदी सिनेमा जगत की खूबसूरत और दमदार अभिनेत्री हैं। इनके फैंस इन्हें “देसी गर्ल” के नाम से भी पुकारते हैं। प्रियंका चोपड़ा ने अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर दुनियाभर में अपनी एक खास पहचान बनाई है। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक इन्होंने अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। वहीं प्रियंका चोपड़ा अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा का विषय बनी रहती हैं। प्रियंका चोपड़ा अपने परिवार से बहुत प्यार करती हैं।

खासकर प्रियंका चोपड़ा अपनी मां के सबसे ज्यादा करीब हैं। ऐसे में प्रियंका चोपड़ा ने अपनी मां मधु चोपड़ा के बर्थडे पर एक बेहद खास पोस्ट शेयर किया है। प्रियंका चोपड़ा ने अपनी मां डॉक्टर मधु चोपड़ा के 70वें जन्मदिन पर कई पुरानी तस्वीरें बनाकर एक वीडियो शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने एक दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा है। सोशल मीडिया पर प्रियंका चोपड़ा का यह वीडियो बहुत सुर्खियों में है।

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी मां मधु चोपड़ा के बर्थडे पर शेयर किया प्यारा वीडियो

आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा की मां डॉ मधु चोपड़ा ने शुक्रवार को अपना 70वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनकी बेटी प्रियंका चोपड़ा ने थ्रोबैक वीडियो शेयर किया, जिसमें मधु की ढेरों पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए अपनी मां के लिए बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया। प्रियंका चोपड़ा के द्वारा शेयर किए गए वीडियो की शुरुआत मधु चोपड़ा के यह कहने से हुए कि “प्यार कभी-कभी जीवन से बड़ा हो जाता है और कभी-कभी यह जीवन ही बन जाता है।”

इसके बाद मधु को उनके दिवंगत पति अशोक चोपड़ा, यंग प्रियंका और बेटे सिद्धार्थ चोपड़ा के साथ दिखाया गया। वीडियो में मधु चोपड़ा की उनकी नातिन मालती मैरी चोपड़ा जोनस और दमाद निक जोनस के साथ भी झलकियां देखने को मिल रही हैं।

नातिन मालती के साथ मधु चोपड़ा की झलक

प्रियंका चोपड़ा के द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि मधु चोपड़ा अपनी नातिन मालती के साथ समय बिताते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो में मालती के साथ मधु की स्पेशल बॉन्डिंग ने हमारा दिल जीत लिया। वीडियो में वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ डांस करने, उनके साथ टूर करने, पुरस्कार जीतने और प्रियंका के साथ घूमने की झलक भी नजर आ रही है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Priyanka (@priyankachopra)


इस वीडियो क्लिप में मधु चोपड़ा कहती हैं कि “परिवार का आशीर्वाद और सपोर्ट वह गद्दी है, जो गिरने पर आपको बचाती है, इसलिए प्राथमिकता दें और उस रास्ते को ध्यान से चुनें, जिसे आप लेना चाहते हैं, क्योंकि वह जीवन है जिसे आप अकेले जानेंगे।”

प्रियंका ने माँ के लिए लिखा इमोशनल नोट

प्रियंका चोपड़ा ने इस वीडियो को शेयर करने के साथ ही कैप्शन में यह लिखा कि “साउंड ऑन। मेरी सबसे प्यारी मां। जिनके पास अनंत ज्ञान है, फिर भी एक बच्चे की तरह वो खुश रहती हैं। वो आज तक एक शेरनी की तरह हमारी रक्षा करती रही हैं, एक कवि की तरह संवेदनशील हैं। वह जो हर रोज किंग साइज लाइफ जीती हैं और अपनी जबरदस्त ऊर्जा को चारों ओर भर देती हैं। आप मेरी सबसे अच्छी मां और दोस्त हैं। हमारा परिवार आपके साथ, आपके नेतृत्व और प्यार के लिए बहुत भाग्यशाली है। हैप्पी 70साल मां। आपके सभी सपने सच हों और आप हमेशा उन लोगों से घिरी रहें, जो आपको सबसे ज्यादा प्यार करते हैं। मैं आपसे प्यार करती हूं।”

प्रियंका चोपड़ा का वर्क फ्रंट

वहीं अगर हम प्रियंका चोपड़ा के वर्क फ्रंट की बात करें, तो हाल ही में प्रियंका चोपड़ा वेब सीरीज “सिटाडेल” में नजर आई थीं। इसके बाद प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ के साथ फिल्म “जी ले जरा” में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म को फरहान अख्तर डायरेक्ट कर रहे हैं। इतना ही नहीं बल्कि प्रियंका चोपड़ा के पास आने वाली हॉलीवुड फिल्म “Heads of State” भी पाइपलाइन में है।