“ये भारत का तिरंगा है कभी झुकेगा नहीं”, न्यूयॉर्क पहुंचे अल्लू अर्जुन, इंडिया डे परेड में बोला डायलॉग, बजने लगी तालियां

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) कामयाब अभिनेताओं में से एक हैं। उनकी ज्यादातर फिल्में सुपर डुपर हिट साबित होती हैं, जिसके पीछे की मुख्य वजह है इनकी दमदार पर्सनैलिटी और शानदार एक्टिंग और जब इन दोनों का कॉन्बिनेशन दिखता है, तो फिल्म का हिट होना लाजमी है।

वैसे तो साउथ इंडियन सुपरस्टार अल्लू अर्जुन पहले से ही कामयाब अभिनेताओं में गिने जाते हैं लेकिन हाल ही में रिलीज हुई फिल्म “पुष्पा” के बाद इनकी लोकप्रियता में जबरदस्त उछाल आया है। बीते वर्ष दिसंबर में रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की फिल्म “पुष्पा” ने क्या धूम मचाई, वो हर कोई जानता है।

इस फिल्म के बाद अल्लू अर्जुन की तगड़ी फैन फ्लाइंग अब सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी है। हाल ही में जब अल्लू अर्जुन अपने पत्नी स्नेहा रेड्डी (Sneha Reddy) के साथ न्यूयॉर्क में इंडिया डे परेड (India Day parade in New York) में शामिल हुए, तो इसकी एक झलक देखने को मिली। जहां पर अल्लू अर्जुन को देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

न्यूयॉर्क में इंडिया डे परेड के कई सारी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं, जिसमें अभिनेता का सम्मान होता हुआ देखा जा सकता है। वीडियो में अल्लू अर्जुन कुछ ऐसा करते हुए दिखाई दे रहे हैं जिसे देखने के बाद आपको भी गर्व महसूस होगा।

अल्लू अर्जुन ने न्यूयॉर्क में लहराया तिरंगा

न्यूयॉर्क में इंडिया डे परेड के जो वीडियोस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं, उनमें से एक वीडियो को देखने के बाद आप का भी दिल खुश हो जाएगा। वायरल हो रहे वीडियोस में से एक में देखा जा सकता है कि अल्लू अर्जुन अपनी पत्नी के साथ स्टेज पर खड़े हुए नजर आ रहे हैं। उनके साथ और भी लोग वीडियो में देखे जा सकते हैं।

तभी साउथ स्टार अल्लू अर्जुन इस दौरान हाथ में झंडा पकड़कर माइक में बुलंद आवाज में “पुष्पा” स्टाइल में कहते हैं- “ये भारत का तिरंगा है, कभी झुकेगा नहीं।” जिसके बाद फैंस उनका यह अंदाज देख खुश हो गए। अल्लू अर्जुन के द्वारा पुष्पा स्टाइल में यह डायलॉग सुनने के बाद लोग सीटियां और तालियां बजाने लगे।

अल्लू अर्जुन को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे

आपको बता दें कि हर साल विदेश में बसे प्रवासी भारतीय ये परेड आयोजित करते हैं। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने भी इस बार इसमें हिस्सा लिया था। अल्लू अर्जुन अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी के साथ परेड में शामिल हुए थे। जहां उन्हें ग्रैंड मार्शल की उपाधि से सम्मानित किया गया।

अल्लू अर्जुन का एक और वीडियो सामने आया है, जो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। आप लोग इस वीडियो में देख सकते हैं कि अल्लू अर्जुन अपनी पत्नी के साथ एक जीप में नजर आ रहे हैं और उनके हाथ में तिरंगा भी दिखाई दे रहा है। सफेद सूट में अल्लू अर्जुन काफी डैशिंग लग रहे हैं। वहीं स्नेहा रेड्डी की बात करें तो वह पीले रंग के सूट में बहुत प्यारी लग रही हैं।

अल्लू अर्जुन का वर्क फ्रंट

अगर हम साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के वर्क फ्रंट की बात करें, तो पुष्पा की जबरदस्त सफलता के बाद अब अल्लू अर्जुन पुष्पा 2 की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसकी शूटिंग भी शुरू हो चुकी है।