पिता सतीश कौशिक के निधन के बाद छलका बेटी वंशिका का दर्द, शेयर की यह पोस्ट, फोटो देख नम हो जाएंगी आंखें

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक का गुरुवार को दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया। सतीश कौशिक ने 66 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। सतीश कौशिक के करीबी दोस्त अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर यह दुखद समाचार सबसे पहले शेयर की थी। अनुपम खेर की पोस्ट देखते ही सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सेलेब्स द्वारा श्रद्धांजलि देने का तांता लग गया। सभी ने मिलकर अभिनेता सतीश कौशिक के निधन पर शोक व्यक्त किया।

वहीं सतीश कौशिक 9 मार्च को पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। मुंबई के वर्सोवा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां एक्टर के जिगरी दोस्त फूट-फूटकर रोते नजर आए। सतीश कौशिक का परिवार भी उनके निधन से टूट गया है। सतीश कौशिक के निधन के बाद बेटी वंशिका कौशिक ने सोशल मीडिया पर एक बहुत भावुक कर देने वाली तस्वीर को शेयर किया है, जिसमें उन्हें अपने पापा सतीश कौशिक के साथ देखा जा सकता है।

सतीश कौशिक की बेटी वंशिका ने शेयर की तस्वीर

आपको बता दें कि सतीश कौशिक अपने पीछे पत्नी शशि कौशिक और 10 वर्षीय बेटी वंशिका कौशिक को अकेला छोड़ गए। वंशिका ने पिता सतीश कौशिक के साथ अपनी थ्रोबैक तस्वीर को शेयर किया है। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि वह अपने पिता सतीश कौशिक को गले से लगाए हुए हैं। वंशिका और उनके पापा दोनों कैमरे को देख रहे हैं। दोनों की बॉन्डिंग जबरदस्त है। वंशिका और सतीश कौशिक की इस तस्वीर को देखकर फैंस बहुत भावुक हो रहे हैं। इस प्यारी सी फोटो को शेयर करते हुए वंशिका ने बस हार्ट इमोजी बनाई है। वंशिका की इस पोस्ट पर फैंस लगातार कमेंट कर रहे हैं और उन्हें मजबूत रहने को कह रहे हैं।

सरोगेसी से हुआ था वंशिका का जन्म

आपको बता दें कि सतीश कौशिक और शशि कौशिक की शादी साल 1985 में हुई थी। शादी के बाद सतीश कौशिक और शशि कौशिक एक बेटे के माता-पिता बने थे, जिसका नाम शानू कौशिक था लेकिन 1996 में महज 2 साल की उम्र में ही सतीश कौशिक ने अपने बेटे को खो दिया, जिसके बाद वह बहुत बुरी तरह से टूट गए थे। इसके बाद सतीश कौशिक और शशि कौशिक साल 2012 में सरोगेसी के जरिए बेटी वंशिका के माता-पिता बने, जिसके बाद उनके जीवन में फिर से खुशियां लौंटीं। लेकिन इसके लिए उन्हें काफी सालों तक इंतजार करना पड़ा।

सतीश कौशिक के अंतिम संस्कार में पहुंचे सितारे

आपको बता दें कि सतीश कौशिक का निधन दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुआ था। शाम को उनका पार्थिव शरीर मुंबई लाया गया। उनके अंतिम दर्शन करने और नम आंखों से विदाई देने के लिए कई सेलेब्स पहुंचे।

सतीश कौशिक के अंतिम दर्शन में जावेद अख्तर, फरहान अख्तर, अर्जुन कपूर, राकेश रोशन, शहनाज गिल, सलमान खान, अभिषेक बच्चन, शिल्पा शेट्टी, अर्जुन कपूर, रणबीर कपूर, जॉनी लीवर, चंकी पांडे और अन्य कई सितारे शामिल हुए।

सतीश कौशिक के ये किरदार रहे पॉपुलर

आपको बता दें कि सतीश कौशिक ने अपने करियर में कई फिल्मों में बेहद शानदार अभिनय किया है और उन्होंने अपनी एक्टिंग से लोगों का दिल जीत लिया। मिस्टर इंडिया फिल्म में उन्होंने कैलेंडर का रोल निभाया था। उनके इस किरदार को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया। वहीं राम लखन में काशीराम, दीवाना मस्ताना में पप्पू पेजर, मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी में चंदा मामा और हसीना मान जाएगी में कुंज बिहारीलाल जैसे किरदारों के लिए सतीश कौशिक जाने जाते हैं।