मेहनत लाई रंग! जिस कंपनी में था सिक्योरिटी गार्ड, अब उसी में बन गया “टेक ऑफिसर”

जिंदगी में सीखने के लिए बहुत कुछ है। अगर इंसान चाहे तो जिंदगी भर कुछ ना कुछ नया सीख सकता है। कुछ भी सीखने के लिए उम्र मायने नहीं रखती है। आप जितना कुछ सीखेंगे उसके अनुसार आपके अंदर हुनर और निखरता जाएगा। वैसे देखा जाए तो इंसान का हुनर एक ऐसी कला होती है, जिसके जरिए ही इंसान समाज में अपनी एक अलग पहचान बना सकता है और मेहनत के बलबूते हर चीज हासिल की जा सकती है।

आज हम आपको अब्दुल आलीम की कहानी बताने जा रहे हैं, जो सभी लोगों के लिए एक मिसाल बने हैं। जी हां, अब्दुल आलीम जिस कंपनी में पहले सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे, आज उसी कंपनी में एक सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर हैं। अब्दुल आलीम की कहानी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। उनकी कहानी लोगों को अपने जीवन में आगे बढ़ने की हिम्मत दे रही है। अब्दुल आलीम ने अपनी कहानी खुद सोशल मीडिया पर शेयर की है।

आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर अब्दुल आलीम ने अपनी कहानी शेयर करते हुए यह बताया है कि जब उन्होंने 2013 में अपना घर छोड़ा था तो उनकी जेब में सिर्फ एक हजार ही थे। आपको बता दें कि अब्दुल आलीम ने सिर्फ दसवीं तक की पढ़ाई की है। उन्होंने नौकरी पाने के लिए बहुत मशक्कल कि। कहीं भी उनको नौकरी नहीं मिल पा रही थी। लाख मशक्कत करने के बाद उनको एक कंपनी में सिक्योरिटी डेक्स पर नौकरी मिली थी।

उन्होंने आगे बताया है कि शायद उनकी किस्मत उनके ऊपर मेहरबानी थी। एक दिन कंपनी के एक सीनियर कर्मचारी ने उनसे पूछा कि मैं तुम्हारी आंखों में कुछ देख सकता हूं और आलीम से उनकी कंप्यूटर की जानकारी और पढ़ाई के बारे में सीनियर कर्मचारी ने पूछा था।

अब्दुल आलीम ने बताया कि उसने स्कूल में थोड़ा बहुत HTML के बारे में पढ़ा था। बस इसी समय के बाद अब्दुल आलीम के जीवन में एक नया मोड़ आ गया। आलीम में सीखने की इच्छा बहुत ही प्रबल थी। उनको कुछ ना कुछ सीखने में रुचि रहती थी। इसीलिए सीनियर कर्मचारी से भी उन्होंने सीखना चाहा।

अब्दुल आलीम रोजाना अपनी सिक्योरिटी गार्ड की 12 घंटे की शिफ्ट करते थे और शिफ्ट खत्म होने के बाद वह कोडिंग सीखने लग गए थे। लगभग 8 महीने तक उन्होंने कोडिंग सीखा। उसके बाद अब्दुल अलीम ने एक ऐप बनाया जो सीनियर कर्मचारी को बेहद पसंद आया था और आलीम से खुश होकर उन्होंने आलिम का एक इंटरव्यू मैनेजर के साथ करवा दिया था। आलीम ने इंटरव्यू पास कर लिया और अब उन्हें Zoho कॉर्पोरेशन में 8 वर्ष हो चुके हैं। हाल ही में अब्दुल आलीम ने अपनी कहानी LinkedIn पर शेयर की है, जिस पर लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर यूजर्स अब्दुल आलीम के जज्बे और लगन को सलाम कर रहे हैं। आलीम ने यह साबित कर दिखाया है कि अगर इंसान में कुछ सीखने की चाहत हो और मेहनत करें तो वह सब कुछ हासिल कर सकता है। अब्दुल आलीम की कहानी सभी लोगों के लिए एक प्रेरणा है। अब्दुल आलीम ने अपनी मेहनत से जो मुकाम हासिल किया है, सच मायने में उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी ही कम है।