बिहार में अनोखी शादी: 36 इंच के दूल्हे को मिली 34 इंच की दुल्हन, शादी में बिन बुलाए शामिल हुए हजारों लोग

ऐसा कहा जाता है कि जोड़ियां आसमान में बनती हैं और धरती पर मिलती है। इन दिनों बिहार में शादी का सीजन चल रहा है। इतनी बड़ी संख्या में शादी हो रही है कि हर तरफ शहनाई और गाजेबाजे की आवाज ही सुनाई दे रही है। भागलपुर की गलियां बैंड बाजा और बारात से गुलजार हैं। शादी समारोह के चलते बाजार भी गुलजार हैं और ऐसी कई शादियां हो रही हैं, जो सुर्खियां बटोर रही हैं।

इन दिनों बिहार के भागलपुर में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसमें बिन बुलाए ही हजारों लोग शामिल हुए। इतना ही नहीं बल्कि लोगों ने दूल्हा और दुल्हन के साथ सेल्फी भी ली और दोनों को सफल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी थी। यह शादी इसलिए बेहद खास रही क्योंकि 36 इंच का दूल्हा और 34 इंच की दुल्हन की थी। इस अनोखी की चर्चा पूरे इलाके में खूब हो रही है।

दूल्हा-दुल्हन के साथ सेल्फी लेने की लग गई होड़

जैसा कि हम लोग बचपन से ही यह कहावत सुनते आ रहे हैं कि जोड़ियां बनती तो स्वर्ग में हैं, पर इन्हे निभाना धरती पर होता है। जहां हमारी जिंदगी से जुड़ी कई जमीनी सच्चाईयां होती हैं, जिन्हें स्वीकारते हुए दांपत्य जीवन को आगे बढ़ाना होता है। सिर्फ पति-पत्नी ही नहीं बल्कि इस संसार का हर रिश्ता हमारे लिए ऊपर वाला तय करके ही भेजता है। यही कहावत चरितार्थ हुआ है बिहार के भागलपुर में।

भागलपुर के नवगछिया शहर में हुई इस अनोखी शादी में बिना निमंत्रण के ही हजारों की संख्या में लोग आ गए और दूल्हा दुल्हन के साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। इस शादी में सब कुछ आम शादी की ही था लेकिन कुछ मामलों में यह शादी आम शादियों से कुछ अलग थी। यह शादी इसलिए अनोखी हो गई क्योंकि 36 इंच के मुन्ना को जीवनसंगिनी मिल गई। 34 इंच की ममता के साथ मुन्ना की जोड़ी देखते बन रही थी। सभी इस नजारे को अपने कैमरे में कैद करना चाहते थे। वहीं डीजे के साउंड में गाना बज उठा “रब ने बना दी जोड़ी…” इस पूरी शादी में जोड़ा बेहद खास रहा, जो अब खूब सुर्खियां बटोर रहा है।

36 इंच का दूल्हा, 34 इंच की दुल्हन

आपको बता दें कि यह अनोखी शादी नवगछिया के अभिया बाजार निवासी किशोरी मंडल उर्फ गुड्डू मंडल की पुत्री ममता कुमारी (24) की थी। ममता ने मसारू निवासी बिंदेश्वरी मंडल के पुत्र मुन्ना भारती (26) के साथ शादी के सात फेरे लिए। इस शादी में शामिल होने के लिए हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी पहुंचे। दरअसल, दूल्हा-दुल्हन का छोटा कद इस शादी को बेहद अनोखा बना रहा था।

जो भी इस शादी में दूल्हा दुल्हन को देख रहा था वह यही कह रहा था मानो सजीव गुड्डा-गुड़िया की शादी हो रही हो। इस शादी में जो भी लोग शामिल हुए सबने यही कहा कि- भगवान ऊपर से हर किसी की जोड़ी बना कर भेजता है, यह कहावत चरितार्थ भी हो गई।

बता दें कि दूल्हे का कद 36 इंच है। वहीं दुल्हन 34 इंच की है। शादी के दौरान डीजे पर “रब ने बना दी जोड़ी” गाना बज रहा था और लोग इस गाने पर जमकर डांस कर रहे थे। जयमाला के समय लोगों का स्टेज पर पहुंचने का सिलसिला ऐसा शुरू हुआ कि रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था।