विवेक अग्निहोत्री ने बताया फिल्मी दुनिया का “काला सच”, कहा- टैलेंट का कब्रिस्तान है बॉलीवुड…

“द कश्मीर फाइल्स” के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं और बॉलीवुड पर उनके ट्वीट लगातार वायरल भी हो रहे हैं। “द कश्मीर फाइल्स” फिल्म से चर्चा में आए निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने बॉलीवुड के बारे में अपनी राय रखी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बात का जिक्र किया है कि आखिर असली बॉलीवुड कैसा है। हाल ही में विवेक अग्निहोत्री के एक ट्वीट ने सनसनी मचा दी है।

आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर विवेक अग्निहोत्री ने अनुराग कश्यप के द कश्मीर फाइल्स को लेकर ऑस्कर वाले कमेंट पर रिएक्शन दिया था। इस जवाब के बाद निर्देशक ने अब एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड का काला सच दुनिया के सामने रखा है। विवेक अग्निहोत्री ने लिखा है कि बॉलीवुड के अंदर की दुनिया इतनी डार्क है कि आम आदमी उसकी गहराई नहीं माप सकता। इतना ही नहीं बल्कि विवेक अग्निहोत्री ने फिल्मी दुनिया को टैलेंट का कब्रिस्तान भी बता दिया है।

बॉलीवुड का काला सच

निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीटर पर यह लिखा है कि “मैंने इस बॉलीवुड की दुनिया में इतने साल बिता लिए हैं कि अच्छे से समझ गया हूं, जो आप देख रहे हैं वो बॉलीवुड नहीं है। असली बॉलीवुड इसके अंधेरे गलियारों में गुम हो गया है। इसका अंदरूनी भाग इतना काला है कि एक आम आदमी के लिए समझ पाना असंभव है। आइए इसे समझते हैं। इन अंधेरी गलियों में, आप टूटे हुए सपने, कुचले हुए सपने, दबे हुए सपने पा सकते हैं। बॉलीवुड अगर कहानियों का म्यूजियम है तो यह टैलेंट का कब्रिस्तान भी है। यह नकारे जाने के बारे में नहीं है। जो कोई भी यहां आता है, वह जानता है कि नकारा जाना इस डील का हिस्सा है।”

विवेक अग्निहोत्री ने आगे यह लिखा कि “यह अपमान और शोषण है जो किसी भी तरह की मानवता में कोमल सपनों, आशाओं और विश्वास को तोड़ देता है। इंसान भोजन के बिना जिंदा रह सकता है लेकिन सम्मान, आत्म-मूल्य और आशा के बिना जीना नामुमकिन है। कोई भी मिडल-क्लास यूथ उस स्थिति में होने की कल्पना करके कभी बड़ा नहीं हुआ। इसकी मार इतनी जोर से पड़ती है कि कोई लड़ाई करने के बजाय हार मान लेता है। भाग्यशाली हैं वे जो घर वापस जाते हैं। जो रह जाते हैं, अलग हो जाते हैं। जो लोग कुछ सफलता पाते हैं लेकिन उन्हें भी असली की नहीं मिलती है।”

विवेक अग्निहोत्री ने आगे यह लिखा “जिन्हें सफलता नहीं मिलती वे ड्रग्स, शराब और हर तरह की जीवन को बर्बाद करने वाली चीजों में शामिल हो जाते हैं। पैसे की जरूरत के लिए वह गलत रास्ते पर चल पड़ते हैं। यहां अधिकतर लोगों को स्टार न होकर भी स्टार जैसा दिखना पड़ता है।” विवेक ने अपने इस ट्वीट में बॉलीवुड को एक फेक वर्ल्ड बताया है। झूठ और दिखावा करते हुए मिडिल क्लास परिवार से आए टैलेंटेड लोग यहां गुम हो जाते हैं।

अब विवेक अग्निहोत्री ने तो अपने मन की बात कह दी है। अब देखना होगा कि यह चिट्ठी किस तक कैसे पहुंचती है। विवेक के इस नोट का क्या मतलब निकलता है और किससे क्या रिप्लाई आता है।