दो बच्चों की मां किरण डेंबला ने 47 की उम्र में बनाए 6 पैक एब्स, कुछ ऐसी है नाजुक औरत से बॉडी बिल्डर बनने तक की कहानी

मौजूदा समय में सभी लोगों की यही चाहत है कि उनका स्वास्थ्य बेहतर रहे। महिला हो या पुरुष दोनों ही अपने आपको फिट रखना पसंद करते हैं। आजकल के समय में हर युवा चाहता है कि उसकी बॉडी फिट हो और आकर्षक लगें। उसके पास सिक्स पैक एब्स हो, उसकी मसल मजबूत और खूबसूरत बने परंतु बॉडी बिल्डिंग का काम इतना भी आसान नहीं होता है। इसमें जिम में घंटों पसीना बहाना पड़ता है और बहुत मेहनत करनी पड़ती है।

अगर हम पुरुषों की बात करें तो वह समय निकालकर जिम चले जाते हैं परंतु महिलाओं के लिए समय निकाल पाना बहुत ही मुश्किल हो जाता है क्योंकि महिलाओं पर पूरे घर की जिम्मेदारी होती है। परिवार को संभालना, अपने बच्चों की देखभाल करना। इसी प्रकार के बहुत से काम होते हैं, जिनको महिलाओं को पूरा करना होता है और इन्हीं कामों में पूरा दिन गुजर जाता है। ऐसी स्थिति में समय निकालकर जिम जाना काफी मुश्किल हो जाता है।

अक्सर देखा गया है कि बच्चों की देखभाल, घर में काम, खाना बनाने आदि जिम्मेदारियों में ही महिलाएं काफी व्यस्त रहती हैं जिसके चलते वह अपने स्वास्थ्य पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे पाती हैं। वहीं कुछ महिलाएं ऐसी भी हैं जिन्होंने अपनी घरेलू जिम्मेदारियों को बखूबी तरीके से निभाते हुए अच्छा मुकाम हासिल कर लेती है।

आज हम आपको इस लेख के माध्यम से एक ऐसी ही घरेलू महिला की कहानी के बारे में बताने वाले हैं, जिन्होंने परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी तरीके से संभाला और अपने आपको भी फिट बनाया। यह महिला 47 साल की हैं और कोई भी इनके मसल्स देखकर उनकी उम्र का अंदाजा नहीं लगा सकता है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी फिटनेस जर्नी और फिटनेस टिप्स साझा किए।

जानिए ये एब्स वाली एथलीट कौन हैं?

दरअसल, आज हम आपको जिन 47 वर्षीय घरेलू महिला के बारे में बता रहे हैं वह हैदराबाद की रहने वाली किरण डेंबला (Kiran Dambala) हैं, जिन्होंने इस उम्र में भी अपने शरीर को मेंटेन रखा हुआ है। यह हाउसवाइफ हैं। परंतु उन्होंने हाल के दिनों में पहले फिटनेस सर्टिफिकेशन किए और अब वह सर्टिफाइड फिटनेस कोच बन चुकी हैं।

इतना ही नहीं बल्कि किरण डेंबला ऑनलाइन और ऑफलाइन गाइडेंस भी देती हैं। किरण डेंबला को म्यूजिक का बहुत शौक था, जिसके चलते उन्होंने 42 वर्ष की आयु में प्रोफेशनल डीजे का कोर्स कर लिया। अब उनकी पहचान पब्स और क्लब्स कि में प्रोफेशनल डीजे के रूप में भी होती है।

जानिए कैसे बढ़ा था वजन

मीडिया से बातचीत करने के दौरान किरण ने यह बताया था कि जब उनकी 4 वर्ष की आयु थी, तो वह तभी से संगीत के प्रोग्राम करती आ रही हैं। उन्होंने बताया कि साल 1999 में उनकी शादी हुई थी। शादी के बाद उनके ऊपर एक परिवार की जिम्मेदारी और बढ़ गई थी क्योंकि उन्हें घर के काम भी करने होते थे।

किरण ने बताया कि शादी के बाद 2003 में उन्होंने बेटी को जन्म दिया और उसके बाद उनके बेटे ने जन्म लिया। कुछ समय के पश्चात ही उनके दिमाग में खून का थक्का जम गया था। जिसकी वजह से उन्हें काफी समय मेडिकेशन पर रहना पड़ा था।

धीरे-धीरे बच्चों की देखभाल, पारिवारिक जिम्मेदारी और मेडिटेशन की वजह से वजन बढ़ता चला गया और उनका वजन 74 किलो का हो गया। फिर जैसे-जैसे उनके दोनों बच्चे बड़े होते चले गए। वैसे-वैसे उन्होंने सोचा कि क्यों ना थोड़ा वजन कम किया जाए, जिसके बाद उन्होंने अपने घर के पास ही एक जिम को ज्वाइन कर लिया। जहां पर जाकर वह हल्की-फुल्की एक्सरसाइज कर लिया करती थीं।

जब किरण वहां जाती थीं तो कई लोगों से मिला करती थीं, जिनसे उन्हें फिटनेस के बारे में काफी पॉजिटिव बातें सुनने को मिला करती थीं। इसके बाद उनका वजन कम होता चला गया। इसके बाद जब भी वह किसी फंक्शन आदि में जाया करती थीं, तब लोग उनकी तारीफ किया करते थे, जिसकी वजह से उन्हें काफी मोटिवेशन मिलता था।

किरण ने इसके बाद यह सोचा कि क्यों न कुछ अलग किया जाए। बस फिर क्या था, उन्होंने मसल्स बनाने की सोच ली और कुछ समय में 6 पैक एब्स बना लिया। यह उनके लिए काफी अच्छा समय साबित हुआ था, जहां लोग उनकी फिटनेस के फैन हो गए थे। उन्होंने अपना 24 किलो का वजन करीब 1 साल में कम कर लिया था।

किरण ने आगे बताया कि “मैंने खुद को ट्रांसफॉर्म करने से पहले फिटनेस कोर्स कर लिया था। आज मेरे हैदराबाद में तीन बड़े जिम हैं और जहां मैं कई सेलिब्रिटीज को ट्रेनिंग देती हूं, जिनमें बाहुबली फिल्म के डायरेक्टर राजामौली और तमन्ना भाटिया जैसे कई स्टार्स शामिल हैं।”

किरण का डाइट और वर्कआउट

किरण ने आगे बताया कि उन्हें यह मालूम था कि उन्हें मसल्स बनाने के लिए प्रोटीन फूड खाने की जरूरत होगी। इसके लिए वह रोजाना पांच बार खाना खाया करती थीं और खाने में पनीर, चिकन, अंडे, मछली, दालें जैसे प्रोटीन फूड का सेवन किया करती थीं। इतना ही नहीं बल्कि वह हरी, सब्जियां, साबुत अनाज को भी फाइबर के लिए अपने आहार में शामिल करती थीं। समय-समय पर वह डाइट को बदलती रहती थीं। उन्हें बस इसका अच्छे से अंदाजा था कि उन्हें कितनी मात्रा में खाना है, क्या खाना है और क्या नहीं खाना है।

यदि हम किरण के वर्कआउट के बारे में बात करें तो पहले तो वह काफी कम वर्कआउट करती थीं, परंतु जब उन्होंने एब्स बनाने का गोल बनाया तो उन्होंने हेवी वर्कआउट करने की जरूरत थी। उन्होंने अपनी उम्र को देखते हुए धीरे-धीरे हैवी वेट उठाना शुरू कर दिया, जिसका रिजल्ट भी उनको प्राप्त हुआ और मौजूदा समय में वह हेवी वेट उठा लेती हैं। आज भी वह 1 से 2 घंटे एक्सरसाइज करती हैं। इसके साथ साथ घर के सारे काम भी करती हैं।

किरण का ऐसा बताना है कि जो लोग दिमाग में अपना कोई गोल बना लेते हैं और उसके लिए मेहनत करना शुरू कर देते हैं तो उन्हें कोई भी हरा नहीं सकता है। उनका बताना है कि उनके सामने भी कई प्रकार की जिम्मेदारियां थीं। अगर वह अपनी जिम्मेदारियों का हवाला देकर खुद को रोक लेतीं तो वह आज इतना सब कुछ नहीं कर पातीं।