वास्तु शास्त्र के अनुसार जन्माष्टमी पर करें बांसुरी से जुड़े ये उपाय, जीवन में आएगी खुशहाली

30 अगस्त दिन सोमवार को जन्माष्टमी का पर्व है। जन्माष्टमी का पर्व पूरे देश भर में बड़े ही धूमधाम के साथ लोग मनाते हैं। जन्माष्टमी के दिन लोग भगवान श्री कृष्ण जी की भक्ति में लीन रहते हैं और भगवान की पूजा, व्रत आदि करते हैं। ऐसा बताया जाता है कि जो व्यक्ति जन्माष्टमी पर सच्चे मन से भगवान कृष्ण जी की पूजा, व्रत करता है उसके जीवन की सारी परेशानियां श्री कृष्ण दूर करते हैं। इसके अलावा अगर जन्माष्टमी के दिन अगर कुछ उपाय किए जाए तो इससे भक्तों को प्रभु की कृपा प्राप्त होती है।

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं भगवान कृष्ण जी की सबसे प्रिय चीज बांसुरी है। भगवान कृष्ण जी हमेशा बांसुरी के साथ नजर आते हैं। अगर जन्माष्टमी पर बांसुरी से जुड़े हुए कुछ उपाय किए जाए तो इससे जीवन की सारी परेशानियां दूर हो सकती हैं और जीवन खुशहाल बन सकता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से जन्माष्टमी पर किए जाने वाले बांसुरी के कुछ उपायों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

वास्तु दोष दूर करने के लिए

अगर आप भगवान श्री कृष्ण जी की कोई भी तस्वीर या प्रतिमा देखेंगे तो उसमें भगवान हमेशा बांसुरी को अपने साथ रखते हैं। प्रेम और शांति का संदेश देने वाली बांस की बांसुरी उनकी शक्ति थी। अगर किसी व्यक्ति के घर में वास्तु दोष है और इसकी वजह से घर में परेशानियां उत्पन्न हो रही हैं तो ऐसी स्थिति में जन्माष्टमी के दिन घर में एक बांसुरी लेकर आ जाएं और रात के समय भगवान श्री कृष्ण जी की पूजा में उस बांसुरी को कृष्ण जी को अर्पित कर दीजिए। इसके बाद दूसरे दिन उस बांसुरी को अपने घर में पूर्व दिशा की दीवार पर तिरछी लगा दीजिए। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से वास्तु दोष धीरे-धीरे खत्म हो जाता है।

व्यापार में लाभ प्राप्ति हेतु

वास्तु शास्त्र में इस बात का जिक्र किया गया है कि जिस घर के अंदर लकड़ी की बांसुरी होती है, वहां भगवान कृष्ण जी रहते हैं और घर के सभी सदस्यों के ऊपर उनकी कृपा दृष्टि हमेशा बनी रहती है। इतना ही नहीं बल्कि घर में लकड़ी की बांसुरी रखने से कभी भी धन और ऐश्वर्य में कमी नहीं आती है। बांसुरी को शांति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। अगर आप बांस की सुंदर सी बांसुरी घर के मुख्य द्वार पर लटकाते हैं तो इससे घर में समृद्धि आती है और आर्थिक तंगी से भी छुटकारा पाने की सहायता मिलती है। अगर किसी व्यक्ति का व्यापर ठीक नहीं चल रहा है तो ऐसी स्थिति में कार्यालय या दुकान के मुख्य द्वार के ऊपर दो बांसुरी लगा दें। जन्माष्टमी के दिन नई बांसुरी को सजाकर भगवान कृष्ण जी के समक्ष रखकर इसकी पूजा कीजिए। इससे सदैव घर में समृद्धि बनी रहती है।

दांपत्य जीवन में प्रेम के लिए करें ये उपाय

अगर कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से अधिक गुजर रहा है या फिर पति-पत्नी के बीच किसी ना किसी बात को लेकर मतभेद होता रहता है तो ऐसी स्थिति में जन्माष्टमी के दिन एक बांसुरी घर पर लेकर आ जाएं और उस बांसुरी को भगवान कृष्ण जी को अर्पित करने के पश्चात बांसुरी अपने बैड या अपने बैड के पास रख दीजिए। इस उपाय को करने से शादीशुदा जिंदगी खुशहाल बनती है। अगर घर में कोई बीमार रहता है तो उसके कमरे के दरवाजे के ऊपर अथवा सिरहाने बांसुरी रख दें। इससे स्वास्थ्य लाभ प्राप्त होता है।