मनोरंजन जगत से आई बुरी खबर, 63 साल की उम्र में अभिनेता अनुपम श्याम का निधन, लंबे समय से थे बीमार

मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर निकल कर सामने आई है। छोटे पर्दे का मशहूर धारावाहिक “प्रतिज्ञा” में सज्जन सिंह का किरदार निभाने वाले अभिनेता अनुपम श्याम ओझा का निधन हो गया है। सीरियल प्रतिज्ञा में सज्जन सिंह के किरदार से मशहूर हुए अभिनेता अनुपम श्याम ओझा ने रविवार की देर रात मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से मुंबई के लाइफ लाइन अस्पताल में एडमिट थे। रविवार की देर रात उनके बहनोई एडवोकेट मुक्कू ओझा ने इस बात की जानकारी दी है।

आपको बता दें कि साल भर पहले से ही अभिनेता अनुपम श्याम ओझा की तबीयत काफी बिगड़ गई थी। अभिनेता अनुपम श्याम ओझा किडनी की समस्या से पीड़ित थे। इससे पहले भी उनका इलाज मुंबई में चला था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा उनको इलाज की मदद के लिए 20 लाख रुपए की सहायता प्रदान की गई थी। पूर्व मंत्री और कुंडा के निर्दल विधायक रघुराज प्रताप सिंह ने 5 लाख रूपए की सहायता प्रदान की थी।

63 वर्षीय अभिनेता अनुपम श्याम ओझा के अभिनय के लोग कायल थे। उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय से लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। प्रशंसकों ने इलाज में सहयोग देने के साथ-साथ ईश्वर से उनके दीर्घायु होने की कामना की थी। जब उनकी तबीयत एक बार फिर से खराब हुई तो प्रशंसक उनकी लंबी उम्र की कामना करने लगे परंतु रविवार रात करीब 1:00 बजे मुंबई में इलाज के दौरान वह इस दुनिया को अलविदा कह कर चले गए। सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले उनको श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

आपको बता दें कि अभिनेता अनुपम श्याम ओझा उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1993 में की थी। अभिनेता अनुपम श्याम ओझा लखनऊ की भारतेंदु अकैडमी आफ ड्रामेटिक आर्ट्स के पूर्व छात्र रहे हैं। टीवी के साथ-साथ उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है, जिनमें दस्तक, दिल से, लगान, गोलमाल और मुन्ना माइकल जैसी फिल्मी शामिल हैं। वह मन की आवाज प्रतिज्ञा के अलावा रिश्ते, डोली अरमानों की, कृष्णा चली लंदन और हम ने ले ली शपथ जैसे कई धारावाहिकों में अभिनय कर चुके हैं। एक इंटरव्यू के दौरान अनुपम श्याम ओझा ने यह कहा था कि भले ही उनकी सेहत अच्छी नहीं थी लेकिन “प्रतिज्ञा 2” में ठाकुर सज्जन सिंह की भूमिका निभाई क्योंकि लोगों द्वारा उनके इस किरदार को काफी पसंद किया जाता था।

भले ही अनुपम श्याम ओझा ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में बेहतरीन अभिनय किया है परंतु उनको अच्छी पहचान टीवी से मिली है। वह अदाकारी का सपना लिए मुंबई चले आए थे। अनुपम श्याम ओझा का फिल्मी सफर अंतरराष्ट्रीय फिल्म से शुरू हुआ था। सबसे पहले “लिटिल बुद्धा” नाम की फिल्म में उन्होंने काम किया। इसके बाद उन्होंने शेखर कपूर की फिल्म “बैंडिट क्वीन” में काम किया। इसके बाद उनका फिल्मी करियर ठीक प्रकार से चलने लगा। फिल्मों में अभिनय करने के बावजूद भी उनको कुछ अच्छी-खासी पहचान नहीं मिल पाई। अनुपम श्याम ओझा के लुक्स और उनकी आंखों की वजह से उन्हें गुंडों और बदमाशों का ही रोल दिया जाता था। उन्होंने कई फिल्मों में छोटी-बड़ी भूमिकाएं निभाई।