सेहत के लिए अमृत है गिलोय, इसको खाने से मिलेंगे आपको ये जबरदस्त फायदे

गिलोय बेहद कारगर औषधि मानी जाती है। गिलोय का सेवन करने से हमारा इम्यून सिस्टम मजबूत बनता है यही कारण है कि कोरोना महामारी के दौरान इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने गिलोय का सेवन किया है। गिलोय एक औषधीय पौधा है जो इन दिनों कोरोना के कारण ज्यादा चर्चा में है और अभी भी इसका इस्तेमाल लोग खूब कर रहे हैं। गिलोय का सेवन करके इम्यून सिस्टम तो मजबूत बनता ही है बल्कि इसके अलावा भी कई बीमारियां दूर रहती हैं। बरसात के मौसम में होने वाली वायरल बीमारियां, मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया में गिलोय का सेवन करना बहुत ही फायदेमंद माना गया है।

गिलोय के पत्ते स्वाद में कसैले, कड़वे और तीखे होते हैं। गिलोय का इस्तेमाल कई प्रकार की बीमारियों में किया जाता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से गिलोय का सेवन करने से कौन-कौन सी बीमारियां दूर होती हैं, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। इसके साथ ही हम आपको गिलोय का अधिक सेवन करने से आपके शरीर को क्या नुकसान पहुंच सकता है, इसके बारे में भी बताएंगे।

मधुमेह के इलाज में मदद करता है गिलोय

अगर किसी को मधुमेह की बीमारी है तो इसके इलाज में भी गिलोय बेहद मददगार माना गया है। आपको बता दें कि गिलोय एक हाइपोग्लाइसेमिक एजेंट के रूप में कार्य करता है। गिलोय का रस हाई ब्लड शुगर लेवल को कम करने में सहायता करता है। आप लौंग, अदरक और तुलसी मिलाकर गिलोय का काढ़ा बनाकर इसका सेवन करें। आपको फायदा मिलेगा।

तनाव और चिंता कम करने में मदद करता है गिलोय

भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को मानसिक तनाव और चिंता से गुजरना पड़ रहा है। अगर आप मानसिक तनाव और चिंता को कम करना चाहते हैं तो ऐसे में गिलोय आपकी सहायता कर सकता है। जी हां, गिलोय का सेवन करने से शरीर में खराब चीजें बाहर निकलती है और गिलोय हमारी मेमोरी को बढ़ाने में भी मददगार माना गया है।

मोटापा कम करने में मदद करता है गिलोय

आजकल के समय में लोग अपने मोटापे की वजह से काफी परेशान हैं। अपने शरीर के वजन को कम करने के लिए लोग ना जाने क्या-क्या तरीके अपनाते हैं। अगर आप भी अपने बढ़ते हुए वजन से परेशान हो गए हैं तो ऐसे में आप गिलोय का सेवन जरूर कीजिए। आप एक चम्मच गिलोय के रस में एक चम्मच शहद मिलाकर सुबह और शाम इसका सेवन करें। इससे आपका वजन कम हो सकता है।

बुखार में फायदेमंद

अगर बुखार होने पर गिलोय का सेवन किया जाए तो इससे फायदा मिलता है। डेंगू, फ्लू और मलेरिया में होने वाले बुखार से लड़ने में गिलोय बहुत ही कारगर माना गया है।

पाचन समस्या होती है दूर

अगर किसी व्यक्ति को पेट से जुड़ी हुई बीमारियां जैसे कब्ज, गैस जैसी समस्या है तो ऐसे में गिलोय का रस बहुत ही फायदेमंद माना गया है। अगर कब्ज की समस्या है तो ऐसे में एक चौथाई कप में गिलोय के रस में गुड़ मिलाकर इसका सेवन कीजिए। इससे आपको जल्दी आराम मिलेगा।

जानिए गिलोय के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में

1. हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, एक दिन में 1 ग्राम से अधिक गिलोय का सेवन ना करें।

2. अगर किसी व्यक्ति का डाइजेस्टिव सिस्टम ठीक प्रकार से कार्य नहीं करता है उनको गिलोय का सेवन नहीं करना चाहिए।

3. गर्भवती महिलाएं गिलोय का सेवन ना करें क्योंकि इससे ब्लड शुगर काफी लो होने की संभावना रहती है।