बुधवार का व्रत और पूजा से मिलता है भगवान गणेश जी का आशीर्वाद, जानिए क्या-क्या होते हैं फायदे

बुधवार का दिन भगवान गणेश जी को समर्पित है। अगर इस दिन विधि-विधान पूर्वक गणेश जी की पूजा की जाए तो इससे व्यक्ति को कई लाभ मिलते हैं। आपको बता दें कि लाल किताब के अनुसार बुधवार का दिन माता दुर्गा का भी माना गया है। धार्मिक शास्त्रों के अनुसार जो व्यक्ति बुधवार के दिन व्रत और पूजा करता है उसके जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।

भगवान गणेश जी को सभी देवी-देवताओं में प्रथम पूजनीय माना गया है। कोई भी शुभ काम या पूजा-पाठ में सबसे पहले गणेश जी की पूजा करने से कामकाज की बाधाएं दूर होती हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से बुधवार को गणेश जी की विधिवत रूप से पूजा करने से आपको क्या-क्या फायदे मिलते हैं, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

बुधवार का व्रत और पूजा करने के फायदे

1. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार बुधवार का दिन भगवान गणेश जी का बताया गया है और लाल किताब के अनुसार यह दिन दुर्गा माता का होता है। जिन लोगों का मस्तिष्क कमजोर है, उनको बुधवार के दिन उपवास रखकर पूजा जरूर करनी चाहिए क्योंकि बुधवार का दिन बुद्धि प्राप्ति का दिन माना जाता है।

2. पुराणों में इस बात का उल्लेख किया गया है कि जो व्यक्ति भगवान गणेश जी की भक्ति करता है उसके ऊपर से शनि सहित सारे ग्रह दोष दूर हो जाते हैं।

3. अगर व्यक्ति हर बुधवार के दिन गणेश जी की उपासना करता है तो उसे शुभ सौभाग्य की प्राप्ति होती है। इतना ही नहीं बल्कि जीवन में सभी प्रकार की बाधाएं भी दूर हो जाती हैं।

4. अगर बुधवार के दिन घर में सफेद रंग के गणपति की स्थापना करके उसकी पूजा की जाए तो इससे समस्त प्रकार की तंत्र शक्ति का निवारण हो जाता है।

5. अगर आप अपने घर परिवार में चल रहे वाद विवाद को दूर करना चाहते हैं तो ऐसी स्थिति में बुधवार के दिन दूर्वा के गणेश जी की प्रतीकात्मक प्रतिमा बनाकर इसको आप अपने घर के मंदिर में स्थापित कीजिए और रोजाना इसकी विधि-विधान पूर्वक पूजा करें।

6. बुधवार के दिन आप भगवान गणेश जी को घी और गुड़ का भोग लगाएं। इसके बाद आप यह घी और गुड़ गाय को खिला दीजिए। इस उपाय को करने से धन से जुड़ी हुई समस्या दूर होती हैं और बहुत ही जल्द धन की प्राप्ति होने की संभावना रहती है।

7. लाल किताब के अनुसार अगर बुधवार के दिन दुर्गा की भक्ति की जाए तो इससे बुध ग्रह से उत्पन्न सभी प्रकार के दोष मिट जाते हैं। अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में बुध ग्रह की स्थिति खराब चल रही है तो ऐसी स्थिति में उन लोगों को दुर्गा की भक्ति जरूर करनी चाहिए। इससे आपको अच्छा फल मिलेगा। खराब बुध की स्थिति से नौकरी और व्यापार में भी नुकसान का सामना करना पड़ता है। इसलिए आप बुधवार को माता को पंचफल अर्पित कीजिए।

8. लाल किताब के अनुसार मां दुर्गा माता के मंदिर में रोजाना या बुधवार को नंगे पैर जाएं, इससे माता प्रसन्न होती हैं। इसके अलावा बुधवार के दिन दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तमी का पाठ करना चाहिए और बुधवार के दिन माता का मंत्र “ॐ दुर्ग दुर्गाय नम:” का जाप कीजिए, इससे आपको अपने जीवन के कष्टों से छुटकारा मिलेगा और कई फायदे भी प्राप्त होंगे।