रातभर दर्द में रही थीं भारती सिंह, डिलीवरी से पहले का Video आया सामने

लाफ्टर क्वीन के नाम से मशहूर भारती सिंह ने 3 अप्रैल को अपने पहले बच्चे को बेटे के रूप में जन्म दिया, जिसके बाद से ही उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। वहीं भारती सिंह के पति हर्ष लिंबाचिया तो खुशी से झूम रहे हैं। कपल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस को यह गुड न्यूज़ दी। भारती सिंह ने अपनी प्रेगनेंसी जर्नी के जरिए मिसाल पेश की है।

उन्होंने पूरे 9 महीने काम किया। जैसे हर गर्भवती महिला की प्रेगनेंसी टफ रहती है उसी प्रकार भारती सिंह की भी रही। खासतौर पर डिलीवरी का दिन। भारती सिंह के लिए डिलीवरी का समय काफी मुश्किल रहा परंतु इतने दर्द में होने के बाद भी उन्होंने अपने व्लॉग के माध्यम से घर से हॉस्पिटल तक की पूरी जर्नी साझा की है। वीडियो देखकर भारती के फैंस उनकी तारीफ करते हुए नहीं थक रहे।

डिलीवरी के दो दिन पहले से दर्द हो गया था शुरू

दरअसल, भारती सिंह और हर्ष यूट्यूब पर अपने व्लॉग्स फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। इसी बीच भारती सिंह की डिलीवरी होने के बाद हर्ष लिंबाचिया ने एक व्लॉग्स और साझा किया है, जिसमें भारती सिंह के जीवन के सबसे मुश्किल और खूबसूरत पलों को कैद किया गया है। भारती सिंह व्लॉग्स में कहती हुई नजर आ रही है कि “शाम से अजीब सा कमर में पेन हो रहा है लेकिन पता नहीं कि यह डिलीवरी पेन है या नहीं।”

भारती सिंह कहती हैं कि “मैं घर पर अकेली हूं और हर्ष ऑफिस में हैं क्योंकि कल हमारा शूट है। लेकिन मैं दर्द सहन कर सकती हूं। अभी मैंने किसी को बोला नहीं है। ना मम्मी को, ना अपनी सासू मां को ना ही हर्ष को।” बता दें कि भारती को डिलीवरी से दो दिन पहले ही दर्द शुरू हो गया था। लेकिन उन्हें पता नहीं था कि यह डिलीवरी पेन है या नहीं।

वह बताती हैं कि उन्होंने इस दौरान किसी को भी नहीं बताया क्योंकि वह किसी को परेशान नहीं करना चाहती थीं। वह दर्द में कहती हैं कि चलो देखते हैं कि रात कैसी निकलती है।

दर्द के बावजूद भी किया शूट

वहीं भारती सिंह ने दूसरे दिन बताया कि आज शूट था और सहने लायक दर्द था। मैं शूट पर आ गई हूं। मैंने किसी को नहीं बोला है। मेरा यह जो बेबी है वह बहुत प्यारा है। जब मैं काम पर आती हूं तो दर्द वगैरह सब भूल जाती हूं। 10-15 साल से काम कर रही हूं, तो घर बैठना अच्छा नहीं लगता।

भारती सिंह यह बोलती हैं कि ज्यादा दर्द होगा तो हर्ष को बोल दूंगी। बस ब्लेसिंग दीजिए बहुत सारी कि आज का शूट भी अच्छे से निकल जाए। वह हमेशा की तरह मजाक में कहती हैं और ये आ जाए यार बहुत टाइम लगा रहा है बेबी आने में। बहुत ढीठ बच्चा है… ढीठ बच्चा है या अच्छा बच्चा है यह तो आने के बाद ही पता चलेगा।

भारती सिंह कहती हैं- मेरा सोना निकल रहा है

डिलीवरी वाले दिन की जर्नी भी भारती सिंह ने साझा किया है जिसमें वह अपने पति हर्ष लिंबाचिया के साथ अस्पताल जा रही हैं। इस दौरान दोनों काफी खुश होने के साथ-साथ काफी नर्वस भी नजर आए। भारती सिंह कहती हैं कि बच्चा एक ही अच्छा, तो हर्ष कहते हैं बच्चे छह ही अच्छे। बता दें कि कपल ने इस विषय में अपने घरवालों को नहीं बताया। उनके अनुसार सभी काफी पैनिक हो जाते।

भारती सिंह अस्पताल पहुंचने के दौरान काफी नर्वस नजर आ रही थीं और वह बोलती हैं कि उन्हें डर लग रहा है। अस्पताल के कमरे से वह यह कहती हैं कि उनकी हालत खराब हो रही है और उनका रोना निकल रहा है।

भारती सिंह रातभर रही थीं दर्द में

भारती सिंह को सुबह के 4:30 बजे जोर जोर से दर्द शुरू हुआ। भारती सिंह कहती हैं कि उन्हें अपनी मां की काफी याद आ रही है। वह कहती हैं कि हर्ष की नींद खराब ना हो इसलिए वह धीरे-धीरे बात कर रही हैं। वह बताती हैं कि हर आधे घंटे पर डॉक्टर आकर चेक कर रहे हैं।

वहीं हर्ष यह बताते हैं कि डॉक्टर ने बोला है कि कुछ ही देर में हो जाएगा क्योंकि इसको दर्द शुरू हो गया है। भारती सिंह पूरी रात दर्द में रहीं। आखिरकार भारती की हिम्मत रंग लाई और उन्होंने प्यारे बेटे को जन्म दिया।