आलीशान बंगले और लाखों की गाड़ियों के मालिक हैं भोजपुरी स्टार पवन सिंह, जानिए उनके पास कितना है पैसा?

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के फेमस स्टार पवन सिंह आज सफलता की ऊंचाइयों को छू रहे हैं। यही वजह है कि उन्हें भोजपुरी सिनेमा का सुपरस्टार भी कहा जाता है। भोजपुरी इंडस्ट्री की जान-शान और मान पवन सिंह के लाखों ही नहीं बल्कि, करोड़ों फैंस हैं। पवन सिंह अपने म्यूजिक वीडियो को लेकर आए दिन सुर्खियों का विषय बने रहते हैं।

पवन सिंह ने अपनी मेहनत के दम पर भोजपुरी इंडस्ट्री में नाम के साथ साथ पैसा भी खूब कमाया है। मौजूदा समय में “पावर स्टार” पवन सिंह के पास किसी भी चीज की कमी नहीं है। वह आज अपना जीवन बेहद शानदार तरीके से जीते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से पवन सिंह की कुल संपत्ति के बारे में बताने जा रहे हैं।

महज 12 साल की उम्र में काम करना कर दिया था शुरू

शायद ही बहुत कम लोगों को इस बात का पता होगा कि पवन सिंह ने महज 12 साल की उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था। जी हां, रोटी, कपड़ा और मकान इन्हीं जरूरतों को पूरा करने के लिए पवन सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री में आए थे। लेकिन आज पवन सिंह ने इंडस्ट्री में बादशाहत हासिल कर ली है। मौजूदा समय में पवन सिंह को भला कौन नहीं जानता। पवन सिंह की फिल्में और गाने सोशल मीडिया पर धूम मचाते हैं।

पवन सिंह को शुरुआती दिनों में कुछ खास कामयाबी नहीं मिली। जिस उम्र में बच्चे खेलने कूदने में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में पवन सिंह ने अपने सपनों को पूरा करने के लिए जी तोड़ मेहनत की और कामयाबी भी हासिल की। साल 2004 में पवन सिंह को अपनी मेहनत का परिणाम मिला, जब उनका एक एल्बम “खा गईले ओठलाली” रिलीज हुआ था। उस समय के दौरान यह गाना जबरदस्त हिट साबित हुआ था।

यूपी से लेकर बिहार तक इस गाने के बोल हर किसी की जुबां पर थे। बस फिर क्या था, इस गाने के बाद पवन सिंह के पास काम की भरमार हो गई और वह एक के बाद एक हिट गाने व फिल्म देने लगे। यह उनकी मेहनत ही है कि आज वह किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। आज अभिनेता महंगी-महंगी लग्जरी गाड़ियों से लेकर करोड़ों की जमीन और आलीशान बंगला के मालिक हैं।

पवन सिंह की फिल्में

आपको बता दें कि पवन सिंह ने शुरुआत तो गानों से की थी लेकिन समय के साथ-साथ पवन सिंह ने एक्टिंग में भी अपना हाथ आजमाया और कामयाबी भी हासिल की। साल 2007 में पवन सिंह की पहली फिल्म “रंगली चुनरीया तोहरा नाम से” रिलीज हुई थी। इसके बाद पवन सिंह ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अबतक पवन सिंह 70 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं।

वहीं अगर पवन सिंह को प्राप्त हुए अवॉर्ड्स की बात की जाए, तो वर्ष 2016 में उन्हें “अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी फिल्म पुरस्कार” से बेस्ट मेल सिंगर का अवार्ड मिला था। इसके अलावा साल 2017 में “दादासाहेब फाल्के फिल्म फाउंडेशन अवार्ड” से भी उन्हें नवाजा गया जा चुका है।

पवन सिंह की शादी

पवन सिंह अपनी फिल्मों और गानों को लेकर तो चर्चा में हैं ही लेकिन एक्टर की पर्सनल लाइफ भी उन्हें लाइमलाइट में रखती है। 36 वर्षीय पवन सिंह ने साल 2014 में नीलम सिंह से शादी रचाई थी। शादी के अभी एक साल भी नहीं हुए थे और नीलम ने फांसी के फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी थी।

इसके बाद अभिनेता ने साल 2018 में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही पवन सिंह और ज्योति के बीच मनमुटाव होने लगा। हालांकि, अब पवन और ज्योति के बीच अनबन इतनी बढ़ गई कि दोनों ने अलग होने का निर्णय ले लिया। हाल ही में पवन सिंह ने आरा के फैमिली कोर्ट में ज्योति से तलाक की अर्जी लगाई है।

पवन सिंह की टोटल नेट वर्थ

filmik.in’ की रिपोर्ट के अनुसार, पवन सिंह 32 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। पवन सिंह एक फिल्म के लिए 40 से 45 लाख रुपए फीस लेते हैं। वहीं एक गाने में अपनी आवाज देने के लिए 2 से 3 लाख रुपए की अच्छी खासी फीस वसूल करते हैं। बता दें कि हाल ही में पवन सिंह ने मुंबई के लोखंडवाला में 4 बीएचके का फ्लैट खरीदा है, जिसकी कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जाती है। इतना ही नहीं बल्कि उनका एक बिहार में भी आलीशान घर है जिसकी कीमत करोड़ों में बताई जाती है।

वहीं पवन सिंह लग्जरी गाड़ियों के भी शौकीन हैं। अभिनेता के पास “मर्सिडीज बेंज GLE 250d” है, जिसकी कीमत 78 लाख रुपए है। वहीं 25 लाख रुपए की “फॉरच्यूनर” जैसी कई महंगी महंगी लग्जरी गाड़ियां उनके पास मौजूद हैं।